Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 4713

इंदौर किराना : मांग घटने से बेसन के भाव में गिरावट

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में चना बेसन की मांग गिरने से इसके भाव में बृहस्पतिवार को 25 रुपये प्रति 50 किलोग्राम की कमी हुई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, सियागंज किराना बाजार में बृहस्पतिवार को पांच गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर -गोला शक्कर 3350 से 3380 रुपये प्रति क्विंटल। शक्कर एम (मोटी) 3440 से 3450 रुपये प्रति क्विंटल। खोपरा गोला 168 से 190 रुपये प्रति किलोग्राम। खोपरा बूरा 2050 से 3600 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी हल्दी खड़ी सांगली 130 से 133, निजामाबाद 90 से 105, पिसी 130 से 165 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना साबूदाना 6000 से 7600, पैकिंग में 8000 से 8300 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा गेहूं आटा 1110 से 1120, तन्दूरी आटा 1340 से 1350, मैदा 1140 से 1150, रवा 1240 से 1250, चना बेसन 2950 से 2975 तथा बटला बेसन 2750 से 2760 रुपये प्रति 50 किलोग्राम।

जीएसटी से जुड़े जटिल सवालों का जवाब देगी ‘कॉमिक बुक’

0

नई दिल्ली।वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की जटिल परतों और रहस्यों को खोलने वाली एक पुस्तक बाजार में आई है। इसमें चित्र वाली कहानी के जरिये जीएसटी के सवालों का जवाब खोजने का प्रयास किया गया है। श्रीनिवास कोटनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘एडवेंचर्स ऑफ द जीएसटी मैन’ में लेखक ने एक सुपरहीरो के जरिये इस अप्रत्यक्ष कर से जुड़े सवालों का जवाब देने का प्रयास किया है।

कोटनी ने कहा कि वह जीएसटी की समझ को सरल बनाना चाहते हैं। कार्टूनों और व्यंग्य चित्रों के जरिये इसे अधिक रोमांचक बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘इसी के बाद मेरे मन में जीएसटी पर कॉमिक पुस्तक लाने का विचार आया।’ इसमें जीएसटी मैन को सुपरहीरो के रूप में दिखाया गया है। लेक्सपोर्ट द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में रचनात्मक और सुगम तरीके से इस कर ढांचे के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया गया है।

iPhone X पर 31,901 रुपये का बंपर डिस्काउंट, साथ ही मिलेंगे ऑफर्स

नई दिल्ली। अगर आप आईफोन खरीदने का मन बना रहे हैं तो आपके लिए यह अच्छा मौका है। ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) पर आईफोन एक्स (iPhone X) पर 31,901 रुपये का तगड़ा डिस्काउंट ऑफर कर रहा है। फ्लिपकार्ट पर यह फोन 91,900 रुपये में लिस्टेड है। लेकिन डिस्काउंट के बाद यह फोन 59,999 रुपये में मिल रहा है। इतना ही नहीं फ्लिपकार्ट आईफोन X के साथ कई ऑफर्स भी दे रहा है। जिससे इस फोन को आप और कम कीमत पर खरीद सकते हैं।

17,900 रुपये का एक्सचेंज ऑफर
आईफोन X पर फ्लिपकार्ट 17,900 रुपये का एक्सचेंज ऑफर मिल रहा है। यानी आपना पुराना स्मार्टफोन एक्चसचेंज करके 17,900 रुपये तक का अतिरिक्त डिस्काउंट पा सकते हैं।

5 फीसदी का इंस्टैंट डिस्काउंट
ICICI बैंक के डेबिड और क्रेडिट कार्ड से 5 फीसदी का इंस्टैंट डिस्काउंट मिलेगा। इस आईफोन पर पहली बार इतना डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है।

iPhone X की खूबियां
iPhone X में 5.8 इंच का बिना बेजल वाला डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 1125×2436 पिक्सल है। कंपनी ने इसे सुपर रेटिना डिस्प्ले का नाम दिया है। iPhone X को दो स्टोरेज वेरिएंट- 64 जीबी और 256 जीबी में अवेलेबल है।

फोन में 12 मेगापिक्सल के दो रियर कैमरे दिए गए हैं। पहले वाले का अपर्चर f/1.8 है और दूसरे का f/2.4 है। इसके साथ ही सेल्फी के लिए 7 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।स्मार्टफोन में iPhone X में कोई होम बटन नहीं है। इसमें स्क्रीन पर नीचे से ऊपर की ओर स्वाइप कर होम पर जा सकते हैं।

फोन में फेस रिकग्निशन अनलॉक सिस्टम है यानी यह चेहरा पहचान कर खुद-ब-खुद आपका फोन अनलॉक कर देगा। साथ ही पासकोड की सुविधा भी है। इसके टॉप पर इन्फ्रारेड कैमरा है जो अंधेरे में भी यूजर का फेस डिटेक्ट कर सकता है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि फेस आईडी, टच आईडी की तुलना में ज्यादा तेज और सुरक्षित है।

सोना फिर महंगा, 180 रुपए बढ़ी कीमत, चांदी भी 50 रुपए उछली

नई दिल्ली/ कोटा । वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं पर बने दबाव के बीच गुरूवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 180 रुपए चढ़कर 34350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा और चांदी 50 रुपए सुधरकर 38750 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 0.42 प्रतिशत गिरकर 1402.43 डॉलर प्रति औंस पर रहा। इसी तरह से अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.68 प्रतिशत उतरकर 1401.90 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव में कुछ नरमी आने तथा डॉलर में सुधार के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना है। इस दौरान चांदी 0.13 डॉलर उतरकर 15.22 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 180 रुपए चढ़कर 34,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। सोना बिटुर भी इतनी ही बढ़कर 34,180 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,800 रुपए पर स्थिर रही। सोने में तेजी का असर चांदी पर भी दिखा।

चाँदी हाजिर 50 रुपए सुधरकर 38,750 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा 130 रुपए टूटकर 37,605 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: एक एक हजार रुपए टूटकर 80 हजार रुपए और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बोला गया।

कोटा सर्राफा
चांदी 37800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33750 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39370 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33920 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39560 रुपये प्रति तोला।

मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी 11,850 से नीचे

नई दिल्ली। दिनभर के कारोबार में निवेशकों के मिलेजुले रुख के कारण भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 5.67 अंकों की गिरावट के साथ 39586 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 6 अंकों की गिरावट के साथ 11,850 अंकों से नीचे गिरकर 11,841 अंकों पर बंद हुआ

ये रहा सेंसेक्स का हाल
गुरुवार को सेंसेक्स की शुरुआत बढ़त के साथ हरे निशान में हुई। दोपहर दो बजे तक कारोबार हरे निशान में चलता रहा लेकिन अचानक यह लाल निशान में पहुंच गया। इसके बाद कारोबार में फिर तेजी आई और बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, अंतिम 15 मिनट में छाई बिकवाली के कारण अंतत सेंसेक्स 5.67 अंकों की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ।

सेक्टोरियल इंडेक्स का हाल
सेंसेक्स में ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई और यह 203 अंकों की तेजी के साथ 18,008 अंकों पर बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में 171 अंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में 174 अंक, ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में 45 अंकों की तेजी दर्ज की गई।

सेंसेक्स में मेटल, पावर, टेक, आईटी, एनर्जी सेक्टर के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी में रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा 1.91 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा बैंक, ऑटो, फाइनेंस सर्विसेज, फार्मा, प्राइवेट बैंकों के शेयर हरे और एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंकों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में श्रीराम सिटी यूनियन फाइनेंस लिमिटेड 14.87 फीसदी, डीबीएल 8.84 फीसदी, एसआरईआई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड 6.59 फीसदी, टीएनपीएल 6.33 फीसदी, हेग 5.29 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे। निफ्टी में टाटा मोटर्स 2.48 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.32 फीसदी, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 2.07 फीसदी, आयशर मोटर्स 1.71 फीसदी, भारती इंफ्राटेल 1.62 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे।

ये हैं टॉप लूजर
सेंसेक्स में कॉक्स एंड किंग्स 10 फीसदी, आईएफसीआई 7 फीसदी, पीसी ज्वैलर्स 5.97 फीसदी, वॉक फार्मा 5.73 फीसदी, जैन इरिगेशन सिस्ट्म्स लिमिटेड 5.15 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे। निफ्टी में टेक महिंद्रा 2.10 फीसदी, यूपीएल 1.62 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.57 फीसदी, रिलायंस इंड्स्ट्रीज 1.40 फीसदी, हिंडाल्को 1.37 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे।

टाटा की पहली इलेक्ट्रिक कार टिगोर लॉन्च, सिंगल चार्जिंग में 142 किमी का माइलेज

0

कार की खरीद पर सरकार की तरफ से मिलेगी 1.62 लाख रुपए की सब्सिडी

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स (Tata Motors) की पहली पहली इलेक्ट्रिक कार टैगोर (Tigor) की आज लॉन्चिंग हो गई है। यह दो वैरिएंट XM और XT में उपलब्ध रहेगी। इसके XM वैरिएंट की कीमत 9.9 लाख रुपए है, जबकि XT वैरिएंट की कीमत 10.9 लाख रुपए है।

इस कार की खरीद पर टाटा की तरफ से फेम-2 स्कीम के तहत 1.62 लाख रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। बिना सब्सिडी के इसकी कीमत 11.61 लाख और 11.71 लाख रुपए होगी। यह कार सफेद, नीले और सिल्वर में उपलब्ध रहेगी।

माइलेज
टाटा टिगोर कंपनी की एंट्री लेवल हैचबैक कार होगी। इसमें 16.2 kWh बैटरी इनबिल्ड होगी, जो फुल चार्जिंग पर 142 किमी का माइलेज देगी। यह 6 घंटे में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है। वहीं 15kW के फास्ट चार्जर से यह 90 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जएगी।कंपनी की तरफ से इस कार की खरीद पर बैटरी पैक के साथ कार पर तीन साल या 1.25 लाख किमी की वारंटी दे रही है।

इंजन एंड् बैटरी
टिगोर ईवी में 72V,3 फेज वाला एसी इंडक्शन मोटर मिलेगी, जो 4500 आरपीएम पर 40 बीएचपी और 2500 आरपीएम पर 105 एनएम का टॉर्क देगी। वहीं इसमें सिंगल स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलेगा। टाटा मोटर्स का दावा है कि टिगोर 12 सेकेंड में 0 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 80 किमी प्रति घंटा है। कार का कुल वजन 1516 किग्रा है।इलेक्ट्रिक मोटर को 16.2kWh की बैटरी की पावर देगी, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 142 किमी की रेंज देगी।

फीचर्स
डुअल फ्रंट एयरबैग्स
एबीएस
रिअर पार्किंग सेंसर
कलर बंपर्स
बॉडी कलर डोर हैंडल्स
एलईडी टेल लैंप्स
क्लाइमेट कंट्रोल
पॉवर विंडोज
ब्लूटूथ कनेक्टिविटी
हाईट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट
एडजस्टेबल फ्रंट हेडरेस्ट

दुनिया का पहला 5G लैपटॉप और Z6 Pro का 5G एडिशन लेनोवो ने किया अनाउंस

नई दिल्ली। शंघाई में हो रहे मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) की थीम इस साल 5G रखी गई है। चाइना मोबाइल ने बुधवार को प्री-MWC इवेंट के दौरान अपने 5G+ इनिशिएटिव के बारे में बात की और वीवो जैसे ब्रैंड्स ने 5G को लेकर अपने प्लान्स के बारे में बात की। आज लेनोवो ने इस इवेंट में दुनिया का पहला 5G लैपटॉप और Lenovo Z6 Pro 5G एक्सप्लोरर एडिशन स्मार्टफोन अनाउंस किया है।

Lenovo 5G Laptop
लेनोवो 5G लैपटॉप दुनिया का पहला 5G टेक्नॉलजी वाला लैपटॉप है। इसमें स्नैपड्रैगन 8cx प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 2.75GHz पर क्लॉक किया गया है। लैपटॉप के स्पेसिफिकेशंस की जानकारी अभी कंपनी की ओर से शेयर नहीं किए गए हैं और इसकी वजह भी साफ है। लेनोवो इवेंट के दौरान केवल इतना दिखाना चाहता था कि आने वाले वक्त में 5G लैपटॉप भी कंपनी की ओर से मार्केट में उतारे जाएंगे।

Lenovo Z6 Pro 5G Explorer Edition
लेनोवो ने इवेंट में Lenovo Z6 Pro स्मार्टफोन का 5G एक्सप्लोरर एडिशन भी लॉन्च किया है। इस डिवाइस में स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर और स्नैपड्रैगन X50 मॉडेम दिया गया है। 6.39 इंच AMOLED डिस्प्ले वाले इस स्मार्टफोन में वॉटरड्रॉप नॉच दिया गया है। साथ ही इसमें स्टैंडर्ड Z6 प्रो की तरह ही 4000mAh की बैटरी दी गई है।

फोन में केवल नई 5G कनेक्टिविटी को ऐड किया गया है और रियर कैमरा के पास 5G लोगो दिख रहा है। प्रमोशनल फोटोज में दिख रहा है कि फोन में लगभग ट्रांसपैरेंट बैक दिया गया है, जबकि लाइव डिवाइस में ऐसा नहीं दिखता। फिलहाल यह डिवाइस कब लॉन्च होगा या इसकी कीमत क्या होगी, इसे लेकर कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

MG Hector SUV भारत में लॉन्च, कीमत 12.18 लाख से शुरू

0

नई दिल्ली।MG Hector SUV गुरुवार को भारत में लॉन्च हो गई। इसकी कीमत 12.18 लाख से 16.88 लाख रुपये से बीच है। यह अपने सेगमेंट की पहली इंटरनेट कनेक्टेड एसयूवी है। हेक्टर के साथ ब्रिटिश ब्रैंड एमजी मोटर ने भारतीय बाजार में एंट्री की है। मार्केट में इस नई एसयूवी की टक्कर टाटा हैरियर, जीप कंपस, ह्यूंदै क्रेटा और किआ मोटर्स की आने वाली सेल्टॉस जैसी एसयूवी से होगी।

हेक्टर 5 सीट वाली एसयूवी है। यह 4 वेरियंट- स्टाइल, सुपर, स्मार्ट और शार्प में उपलब्ध है। इनमें स्टाइल हेक्टर का बेस वेरियंट, जबकि शार्प टॉप वेरियंट है। एसयूवी के फ्रंट में स्लीक क्रोम सराउंडिंग्स के साथ ब्लैक ग्रिल दी गई है, जो इसके लुक को शानदार बनाती है। इसका फ्रंट नए तरीके से डिजाइन किया गया है।

हेक्टर के हेडलैम्प बंपर में लगे हैं और डेटाइम रनिंग लाइट्स (DRL) ठीक ऊपर दी गई हैं। साइड से एसयूवी काफी भारी दिखती है। पीछे की तरफ से यह काफी कर्व दिखती है और शानदार विंड स्क्रीन रियर लुक को बेहतरीन बनाती है। स्पॉइलर के नीचे ग्लॉस-ब्लैक प्लास्टिक पिलर से इसका रियर और साइड लुक और शानदार हो जाता है।

इंजन: हेक्टर में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 143hp का पावर और 250Nm टॉर्क जनरेट करता है। डीजल इंजन 2.0-लीटर का है, जो 170hp का पावर और 350Nm टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजन में 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया गया है।

पेट्रोल इंजन में 6-स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी है। इन दोनों इंजन के अलावा कंपनी ने पेट्रोल इंजन का 48V माइल्ड हाइब्रिड वेरियंट भी दिया है। हाइब्रिड वेरियंट में सिर्फ 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलेगा।

माइलेज:एमजी मोटर का दावा है कि हेक्टर के बिना हाइब्रिड वाले पेट्रोल इंजन का माइलेज मैन्युअल गियरबॉक्स के साथ 14.16 किलोमीटर और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 13.96 किलोमीटर प्रति लीटर है। हाइब्रिड पेट्रोल इंजन का माइलेज 15.81 किलोमीटर प्रति लीटर है। डीजल इंजन का माइलेज 17.41 किलोमीटर प्रति लीटर है।

फीचर्स :एमजी हेक्टर में दिया गया 10.4-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम खास है। यह इन्फोटेमेंट सिस्टम ऐंड्रॉयड ऑटो, ऐपल कारप्ले, आर्टिफिशल इंटेलिजेंस पावर्ड वॉइस असिस्ट, प्री-लोडेड ऐप्स और एम्बेडेड एयरटेल सिम कार्ड से लैस है।

एसयूवी के टॉप वेरियंट में आपको 360 डिग्री कैमरा, 4-तरफ अजस्टेबल को-ड्राइवर सीट, बड़ा पैनोरमिक सनरूफ, हीटेड आउट साइड रियर व्यू मिरर, रेन सेंसिंग वाइपर्स, ऑटोमैटिक हेडलैम्प्स, 17-इंच अलॉय वील्ज और 8 कलर्स के साथ मूड लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे।

सेफ्टी: सेफ्टी की बात करें, तो हेक्टर में ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर्स और सभी चारों वील्ज में डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड यानी सभी वेरियंट में दिए हैं। स्मार्ट वेरियंट में 4 एयरबैग्स और शार्प में 6 एयरबैग्स हैं।

आमों की मलिका ‘नूरजहां’, जिसकी कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश

इंदौर।‘आमों की मलिका’ के रूप में मशहूर किस्म ‘नूरजहां’ के फलों का औसत वजन इस बार मौसम की मेहरबानी से बढ़कर 2.75 किलोग्राम पर पहुंच गया है। यही वजह है कि आम की इस दुर्लभ किस्म के मुरीद इसके केवल एक फल के लिए 1,200 रुपये तक चुका रहे हैं। अफगानी मूल की मानी जाने वाली आम की प्रजाति नूरजहां के गिने-चुने पेड़ मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में ही पाए जाते हैं।

मध्‍य प्रदेश का यह इलाका गुजरात से सटा है। इंदौर से करीब 250 किलोमीटर दूर कट्ठीवाड़ा में इस प्रजाति की खेती के विशेषज्ञ इशाक मंसूरी ने बताया, ‘इस बार अनुकूल मौसमी हालात के चलते नूरजहां के पेड़ों पर खूब बौर (आम के फूल) आए और फसल भी अच्छी हुई।’ उन्होंने बताया कि मौजूदा सत्र में नूरजहां के फलों का वजन औसतन 2.75 किलोग्राम के आस-पास रहा, जबकि गुजरे तीन सालों में इनका औसत वजन तकरीबन 2.5 किलोग्राम रहा था।

ज्यादा वजन वाले फल के लिए 1,200 रुपये
मंसूरी ने बताया कि पिछले साल इल्लियों के भीषण प्रकोप के चलते नूरजहां की फसल लगभग बर्बाद हो जाने से इसके मुरीदों को मायूस रहना पड़ा था। बहरहाल, इस बार अच्छी फसल के चलते जहां नूरजहां के स्वाद के शौकीन खुश हैं, वहीं इसके विक्रेताओं की भी पौ बारह हो गई है। मंसूरी ने बताया, ‘इन दिनों नूरजहां का केवल एक फल 700 से 800 रुपये में बिक रहा है। ज्यादा वजन वाले फल के लिए 1,200 रुपये तक भी चुकाए जा रहे हैं।’

उन्होंने बताया कि पड़ोसी गुजरात के अहमदाबाद, वापी, नवसारी और बड़ौदा के कुछ शौकीनों ने नूरजहां के फलों की सीमित संख्या के कारण इनकी अग्रिम बुकिंग तब ही करा ली, जब ये फल छोटे थे और डाल पर लटककर पक रहे थे। मंसूरी ने बताया कि कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में कई लोगों को आमों के बाग में नूरजहां के भारी-भरकम फलों से लदे पेड़ के साथ फोटो और सेल्फी खींचते भी देखा जा सकता है।

नूरजहां के फल एक फुट तक लम्बे
नूरजहां के पेड़ों पर जनवरी से बौर आने शुरू होते हैं और इसके फल जून के आखिर तक पककर तैयार होते हैं। नूरजहां के फल तकरीबन एक फुट तक लम्बे हो सकते हैं। इनकी गुठली का वजन 150 से 200 ग्राम के बीच होता है। बहरहाल, यह बात चौंकाने वाली है कि किसी जमाने में नूरजहां के फल का औसत वजन 3.5 से 3.75 किलोग्राम के बीच होता था।

जानकारों के मुताबिक, पिछले एक दशक के दौरान मॉनसूनी बारिश में देरी, अल्पवर्षा, अतिवर्षा और आबो-हवा के अन्य उतार-चढ़ावों के कारण नूरजहां के फलों का वजन पहले के मुकाबले घट गया है। जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के कारण आम की इस दुर्लभ किस्म के वजूद पर संकट भी मंडरा रहा है।