Tuesday, July 28, 2026
Home Blog Page 305

सवा करोड़ के सोने की चोरी के आरोपी को शीघ्र पकड़ा जाए: कोटा व्यापार महासंघ

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने महावीर नगर क्षेत्र में सोने चांदी के व्यापारी के यहां हुई करीब सवा करोड़ रुपये सोने की चोरी की घटना की कडी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधी को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।

श्री स्वर्ण रजत मार्केट व्यापार समिति के अध्यक्ष कपिल सोनी ने बुधवार को महासंघ के पदाधिकारियों को पूरी घटना से अवगत कराया। जैन व माहेश्वरी ने घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी से वार्ता कर उन्हें बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अपराधी की पहचान हो चुकी है, फिर भी अभी तक गिरफ्तारी नही हुई है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से घटना में लिप्त अपराधी को शीघ्र पकडने की मांग की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सैनी ने बताया कि पुलिस पूरी तत्परता से अपराधी को पकड़ने का कार्य कर रही है और इसके लिए कई संदिग्ध जनों से भी पूछताछ की जा रही है। शीघ्र वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी को पकड़ लिया जाएगा। इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के सलाहकार बोर्ड के निदेशक गणपत लाल शर्मा भी मौजूद थे।

JEE Main Paper Analysis: सुबह पेपर मध्यम स्तरीय, शाम को कठिन रहा

कोटा। JEE Main Paper Analysis January 28, 2026 : बीई-बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के पहले सेशन जेईई मेन-जनवरी 2026 जारी है। गुरुवार को बीआर्क के लिए जेईई मेन आयोजित होगी।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड कोटा के प्रसीडेंट विनोद कुमावत ने बताया कि सुबह की पारी में पेपर ओवरऑल मध्यम स्तरीय रहा। जबकि शाम की पारी में पेपर कठिन आया। कैमिस्ट्री में प्रश्नों में अधिक इन्फाॅर्मेशन तथा आॅप्शन होने के कारण स्टूडेंट्स को प्रश्नों को साॅल्व करने में अधिक समय लगा। इसी प्रकार प्रश्नों में कैलकुलेशन भी कठिन थी।

कैमेस्ट्री
सुबह की पारी में कैमेस्ट्री के पेपर मध्यम स्तरीय लेकिन लेन्दी रहा। इसमें अधिकांश प्रश्न स्टेटमेंट टाइप थे। फिजीकल कैमिस्ट्री में एटाॅमिक स्ट्रक्चर, आयोनिक इक्विलीब्रियम, आॅर्गेनिक कैमिस्ट्री में एरोमेटिक कम्पाउंड, हाइड्रोकार्बन तथा इनआॅर्गेनिक कैमिस्ट्री में काॅर्डिनेशन कम्पाउंड से दो-दो प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में कैमिस्ट्री का पेपर सुबह की तुलना में कठिन रहा। स्टूडेंट्स को पेपर साॅल्व करने में समय अधिक लगा। इसमें इलेक्ट्रोकैमिस्ट्री, एटोमिक स्ट्रक्चर, कैमिकल बाॅन्डिंग से दो-दो प्रश्न पूछे गए।

फिजिक्स
सुबह की पारी में फिजिक्स का पेपर आसान रहा तथा अधिकांश प्रश्न फाॅर्मूला आधारित पूछे गए थे। इसमें 40 प्रतिशत प्रश्न 11वीं कक्षा एवं 60 प्रतिशत प्रश्न 12वीं कक्षा के सिलेबस से पूछे गए थे। इसमें मुख्यतया मैकेनिक्स, इलेक्ट्रोडायनेमिक्स तथा हीट एंड थर्मोडायनेमिक्स सेक्शन से प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में फिजिक्स का पेपर सुबह के पेपर की तरह आसान रहा। वहीं टाॅपिक्स का वेटेज भी सुबह की पारी की तरह एक समान रहा।

मैथ्स
सुबह की पारी में मैथ्स का पेपर मध्यम स्तरीय तथा लेन्दी रहा। कुछ कठिन प्रश्नों को छोड़कर अधिकांश प्रश्न स्टूडेंट्स ने आसानी से साॅल्व कर लिए। पेपर में एलजेब्रा से 36 प्रतिशत, कैलकुलस से 32 प्रतिशत, काॅर्डिनेट ज्योमेट्री से 16 प्रतिशत, वेक्टर थ्री डी से 12 प्रतिशत तथा ट्रिग्नोमेट्री से चार प्रतिशत प्रश्न पूछे गए। शाम की पारी में मैथ्स सामान्य दिनों की तरह मध्यम स्तरीय एवं लेन्दी रहा।

निर्माण कार्य में कौताही बरतने पर ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त होगा: जैन

कोटा। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कोटा उत्तर विधानसभा के रेलवे कॉलोनी मंडल के पार्कों में चल रहे निर्माण कार्य एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

जैन ने मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों से निर्माण कार्य को लेकर दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आमजन के एक -एक पैसे का सदुपयोग होगा। निर्माण कार्य में किसी भी तरह की कौताही बर्दाश्त नहीं होगी, जो भी मैटेरियल काम में लिया जा रहा है वह तथा कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो।

ठेकेदार द्वारा कार्य में कौताही बरतने पर सख्त कार्यवाही करते हुए, लाइसेंस निरस्त किया जायेगा तथा प्रशासनिक अधिकारियों पर भी कार्यवाही होगी। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों द्वारा आमजन समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष राकेश जैन को ज्ञापन सौंपे, जिस पर जैन ने मौके पर ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बात करके आमजन की समस्याओं से अवगत कराकर, शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र सिंह निर्भय, मण्डल प्रतिनिधि सीमा मरौठिया, राजेन्द्र कुमार छोटा, गजेन्द्र व्यास, संतोष शर्मा, राम सुमन, गोविंद सिंह छोकर, अंकुश मोदी, धर्मेंद्र सिंह, सर्वेश बारोटिया, मुकेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय मातृशक्ति उपस्थित थीं।

Kota Mandi: नई सरसों की कोटा मंडी में दस्तक, 6400 रुपये प्रति क्विंटल बिकी

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामशाह अनाज मंडी में बुधवार को नई सरसों ने दस्तक दी। कारोबारियों के अनुसार सरसों नयी 5300 से 6400 रुपये प्रति क्विंटल बिकी। आवक की कमी से गेहूं 20 रुपये, धान 50 रुपये और सोयाबीन 100 रुपये एवं चना उड़द बेस्ट 150 रुपये उछल गया।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब मंडी में एक लाख कट्टे और लहसुन की 2500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं 2451 से 2535 ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 2000 से 2350, मक्का लाल 1500 से 1750, मक्का सफेद 2500 से 2800 जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3301 धान (1509) 3000 से 3731 धान (1847) 2800 से 3551 धान (1718) 2600 से 4051 धान (पूसा-1) 2400 से 3900 धान (1401) 3400 से 3950 धान दागी 1200 से 2900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5701 सरसो 6200 से 6700, सरसों नयी 5300 से 6400 अलसी 7500 से 8500 तिल्ली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8000 चना देशी 4700 से 5300, चना मौसमी 4700 से 5200 चना पेप्सी 4800 से 5251चना डंकी 3500 से 4700 चना काबुली 6000 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3000 से 12500 मैथी 4000से 5500, धनिया बादामी 7500से 9000 धनिया ईगल 8500से 9200रुपये प्रति क्विंटल।

सुपर ब्राइट डिस्प्ले वाला Realme Narzo 90 वाटरप्रूफ 5G फोन हो गया सस्ता

नई दिल्ली। रियलमी ने हाल ही में भारत में अपनी पॉपुलर Narzo सीरीज के नए मिड-रेंज 5G स्मार्टफोन Realme Narzo 90 5G किया था। अब ई-कॉमर्स साइट अमेजन पर रियलमी ब्रांड डेज सेल चल रही है। इस सेल में रियलमी के कई फोन पर बढ़िया डिस्काउंट मिल रहा है।

इस सेल में Realme Narzo 90 5G को 1,500 रुपए का सीधा डिस्काउंट दे रही है, जिससे यह फोन पहले से ज्यादा किफायती बन गया है। दमदार बैटरी, तेज चार्जिंग और प्रीमियम फीचर्स की तलाश कर रहे यूजर्स के लिए यह फोन एक मजबूत ऑप्शन बनकर सामने आया है।

Realme Narzo 90 5G में 7000mAh की पावरफुल टाइटन बैटरी दी है। इसके साथ 60W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। कैमरा सेगमेंट में भी यह फोन खास है, क्योंकि इसमें 50MP का रियर कैमरा और 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इसके अलावा फोन को IP66, IP68 और IP69 डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस रेटिंग मिली है।

Realme Narzo 90 5G पर ऑफर
भारत में Realme Narzo 90 5G का 6GB RAM + 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 16,999 रुपये में लॉन्च हुआ था, लेकिन 1000 के स्पेशल कूपन डिस्काउंट और 500 रुपए की बैंक छूट के बाद इसे 15,499 रुपये में खरीदा जा सकता है।

इसके साथ ही पुराने फोन को भी एक्सचेंज किया जा सकता है। इस फोन पर 10,000 रुपए तक की एक्सचेंज छूट मिलेगी। लेकिन ये डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन और मॉडल पर डिपेंड करता है।

स्पेसिफिकेशन
Realme Narzo 90 5G में बड़ी 6.8 इंच की OLED/AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 4000 निट्स पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है। पतली 7.79mm बॉडी के साथ फोन हाथ में प्रीमियम फील देता है और गेमिंग व वीडियो स्ट्रीमिंग का अनुभव बेहतर बनाता है।

फोन में 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है, जो डिटेल्ड और शार्प फोटोग्राफी का दावा करता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 50MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है, जो इस प्राइस सेगमेंट में इसे खास बनाता है।

इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 7000mAh बैटरी है, जो हैवी यूज में भी पूरा दिन निकाल सकती है। 60W फास्ट चार्जिंग की मदद से फोन जल्दी चार्ज होकर फिर से इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है।

Realme Narzo 90 5G में MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर मिलने की बात कही जा रही है, जो रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ गेमिंग और मल्टीटास्किंग में भी अच्छा परफॉर्मेंस देता है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G सपोर्ट, Wi-Fi, Bluetooth और USB Type-C पोर्ट दिए गए हैं।

Realme Narzo 90 5G की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी मजबूत वाटरप्रूफ और डस्टप्रूफ बिल्ड क्वालिटी भी शामिल है। यह स्मार्टफोन IP66, IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है, जो आमतौर पर इस प्राइस सेगमेंट में बहुत कम देखने को मिलती है।

इसका मतलब है कि फोन धूल से पूरी तरह सुरक्षित रहता है और तेज बारिश, पानी के छींटे या गलती से पानी में गिरने जैसी स्थितियों में भी खराब नहीं होता। IP69 रेटिंग के कारण यह हाई-प्रेशर वॉटर जेट को भी सहन कर सकता है।

यूजीसी काला कानून के खिलाफ कोटा के सवर्ण समाज ने किया विरोध प्रदर्शन

संशोधन की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोटा। भारत सरकार के नए यूजीसी कानून के खिलाफ सवर्ण समाज ने विप्र फाउंडेशन के बैनर तले भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विप्र फाउंडेशन के निर्देशन में आज सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकाल विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया ।

विरोध प्रदर्शन रैली में विप्र फाउंडेशन, ब्राह्मण महासभा सनाढ्य समाज और कई स्थानीय संगठन व संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं अधिवक्ताओं का भी विशेष समर्थन रहा। प्रदर्शनकारियों ने ‘काला कानून वापस लो, सवर्ण एकता जिंदाबाद, ब्राह्मण एकता जिंदाबाद, जब-जब ब्राह्मण बोला है राज सिंहासन डोला है जैसे नारे लगाए गए और कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा ने कहा कि 13 जनवरी 2026 को जारी अधिसूचना “उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन हेतु पारित विनियम 2026” में धर्म, जाति, नस्ल और लिंग के आधार पर कुछ ऐसे नियम बनाए गए हैं, जो सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों का हनन हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञापन देने का सिलसिला कई जिलों में जारी है, साथ ही यह भी चेतावनी दी कि यदि यह कानून नहीं बदला गया तो सवर्ण समाज विरोध प्रदर्शन को उग्र रूप देगा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक तरफ जहां प्रधानमंत्री हिंदू राष्ट्र की बात करते वही ये नियम समानता के बजाय हिंदू समाज को वर्गों में बांटने का काम करेंगे, नए नियम सामाजिक समरसता को कमजोर करने तथा सवर्ण समाज को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का एक गंभीर प्रयास हैं तथा शैक्षणिक संस्थानों में इन नियमों के लागू होने से सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए अवसर सीमित हो जाएंगे। इन नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग ज्ञापन में की गई है।

विप्र फाउंडेशन के प्रदेश प्रवक्ता रमेश चंद्र गौतम ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, हरि सूदन शर्मा, शशि शर्मा, एडवोकेट प्रमोद शर्मा,एडवोकेट नवीन शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, लहरी शंकर गौतम, ओमप्रकाश टांकरिया, अधिवक्ता पदम गौतम, कल्पना शर्मा, हरिप्रकाश शर्मा, विकास तिवारी, रमेश शर्मा, श्रुति मालवीय, अर्चना दुबे, कुसुम शर्मा, गीतिका शर्मा, रेनू शर्मा, मंजू शर्मा, आलोक शर्मा, एडवोकेट मनु शर्मा, एडवोकेट योगेश शर्मा, एडवोकेट मनीष गौतम, वकील कौशल शर्मा, एडवोकेट भुवनेश शर्मा, लोकेश शर्मा, विष्णु गौतम, नंदू शर्मा (पूर्व पार्षद), देवेन्द्र शर्मा (पूर्व पार्षद), नेमीचंद शर्मा, वैभव दाधीच, कुलदीप शर्मा, सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।

अजमेर–सोलापुर एकतरफ़ा विशेष ट्रेन का संचालन कल से

यह गाड़ी सवाई माधोपुर एवं कोटा जंक्शन स्टेशनों से होकर गुजरेगी

कोटा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 09615 अजमेर–सोलापुर एक तरफ़ा विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, जो कोटा मंडल के सवाई माधोपुर जंक्शन एवं कोटा जंक्शन स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह विशेष गाड़ी 29 जनवरी (गुरुवार) को अजमेर से 09.00 बजे प्रस्थान कर सवाई माधोपुर जंक्शन 13.40 बजे, कोटा जंक्शन 15.05 बजे होते हुए अगले दिन 30 जनवरी 2025 (शुक्रवार) को 11.30 बजे सोलापुर पहुंचेगी।

यह गाड़ी मार्ग में अजमेर जंक्शन, किशनगढ़, जयपुर जंक्शन, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर जंक्शन, कोटा जंक्शन, नागदा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, सूरत, वसई रोड, कल्याण जंक्शन, लोनावला, पुणे जंक्शन, दौंड जंक्शन, कुर्दुवाड़ी जंक्शन एवं सोलापुर जंक्शन स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व गाड़ियों के समय एवं ठहराव की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in अथवा एनटीईएस मोबाइल ऐप का उपयोग करें।

समंदर से भारत- रूस की जोड़ी फरवरी में दुनिया को दिखाएगी अपनी ताकत

नई दिल्ली। भारत और रूस की जोड़ी जल्द ही समंदर से पूरी दुनिया को ताकत दिखाने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस और भारत आगामी फरवरी में हिंद महासागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास करेंगे।

इस ज्वॉइंट नेवल एक्सरसाइज का आयोजन बंगाल की खाड़ी में किया जाएगा। रूस की TASS सरकारी समाचार एजेंसी ने बुधवार को रूसी मैरीटाइम कॉलेज की प्रेस सेवा के हवाले से यह जानकारी दी है।

TASS की रिपोर्ट में कहा गया है कि रूसी नौसेना के प्रशांत बेड़े का एक फ्रिगेट मिलान-2026 अभ्यास में भाग लेने के लिए ओमान के मस्कट बंदरगाह से रवाना होगा।

इसके बाद यह जहाज 18 से 25 फरवरी तक भारतीय बंदरगाह विशाखापत्तनम का अनौपचारिक दौरा करेगा। बता दें कि भारत और रूस हर साल अभ्यास इंद्र के नाम से एक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास करते हैं।

इससे पहले मॉस्को में भारत के राजदूत विनय कुमार ने बीते सोमवार को कहा है कि भारत और रूस 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार में 100 अरब अमेरिकी डॉलर का लक्ष्य हासिल करने के लिए आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहे हैं और व्यापार के दायरे को बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

राजदूत कुमार ने भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर कहा, “पिछला वर्ष विशेष रूप से सक्रिय रहा। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यात्रा अत्यंत सफल रही। 2030 तक 100 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य को प्राप्त करना पूरी तरह से संभव है।”

उन्होंने कहा, “नए उत्पादों की पहचान सहित कई कदम उठाए जा रहे हैं, और एक मुक्त व्यापार समझौता इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि उर्वरक, कृषि और अभियांत्रिकी में नए अवसरों के साथ व्यापार में वृद्धि हुई है।

Baramati plane crash: तीन साल में VSR एविएशन का दूसरा प्लेन क्रैश

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन ने न केवल राजनीतिक जगत को झकझोर दिया है, बल्कि विमानन कंपनी वीएसआर वेंचर्स के सुरक्षा के इतिहास पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ विमान इसी कंपनी की ओर से संचालित किया जा रहा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान का पहला प्रयास विफल रहा। इसके बाद दूसरे प्रयास में प्लेन घूमकर दोबारा रनवे की ओर लौटा। इसी दौरान एयरपोर्ट से महज 100 फीट की दूरी पर विमान क्रैश हो गया। क्रैश होते ही विमान में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। हादसे में किसी भी जान नहीं बचाई जा सकी।

VSR एविएशन का खराब सेफ्टी रिकॉर्ड

  1. कंपनी का सेफ्टी रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। यह तीन साल से भी कम समय में VSR वेंचर्स के लिए दूसरा बड़ा विमान हादसा है।
  2. इससे पहले, 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर इसी कंपनी का एक और विमान (VT-DBL) दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
  3. पिछली घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई थी और अब उसी कंपनी के विमान के साथ दोबारा हादसा होना गहन जांच का विषय है।
  • कैसी कंपनी है वीएसआर एविएशन
  • मुख्यालय और संचालन: वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का संचालन नई दिल्ली से होता है, लेकिन इसकी सेवाएं मुंबई, भोपाल और हैदराबाद में भी हैं।
  • मालिक: कंपनी का स्वामित्व विजय कुमार सिंह के पास है।
  • क्लाइंट्स: कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, यह पिछले 15 वर्षों से चार्टर्ड सेवा दे रही है। इसके प्रमुख ग्राहकों में हैवेल्स इंडिया, वेलस्पन और एपीएल अपोलो जैसी बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां शामिल हैं।
  • सेवाएं: यह कंपनी प्राइवेट जेट चार्टर, एयर एम्बुलेंस और जेट लीजिंग की सुविधाएं देती है।

    दुर्घटनाग्रस्त विमान की डिटेल्स

    • हादसे का शिकार हुआ विमान एक बॉम्बार्डियर लियरजेट 45XR, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था।
    • यह एक हाई-परफॉर्मेंस मिड-साइज बिजनेस जेट है, जिसमें नौ लोगों के बैठने की क्षमता होती है।
    • डीजीसीए (डीजीसीए) के सूत्रों ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।
    • विमान का निर्माण 2010 में हुआ था और इसका संचालन VSR ग्रुप द्वारा किया जाता था। इसे 2 जून 2021 को भारतीय रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुआ था।
    • लेयरजेट 45 बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस द्वारा निर्मित एक मध्यम आकार का बिजनेस जेट है।
    • 1995 से 2012 के बीच इसके 640 से अधिक विमान बनाए गए थे।

    अब आगे क्या?
    इस घटना के बाद कंपनी के सेफ्टी प्रोटोकॉल पर सवाल उठने लगे हैं। जहां पिछली दुर्घटना (2023) में यात्री बाल-बाल बच गए थे। वहीं इस बार परिणाम बेहद दुखद रहे। देवेंद्र फडणवीस ने हादसे के बाद राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस हादसे के बाद वीएसआर एविएशन, जो कॉरपोरेट जगत में चार्टर्ड सेवाओं के लिए जानी जाती है, अब अपनी सुरक्षा खामियों के कारण विनियामक जांच के दायरे में आ सकती है।

    बारामती में बढ़ाई सुरक्षा
    प्रशासन ने बताया कि विमान हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। तकनीकी कारणों और लैंडिंग से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। परिवार की सहमति के बाद अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। बारामती में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

    अजित पवार के निधन ने बारामती को गहरे दुख में डाल दिया है। सड़कों पर सन्नाटा है और लोग एक-दूसरे से बस यही पूछते नजर आ रहे हैं कि यह हादसा आखिर कैसे हुआ। परिवार,समर्थक और राज्य तीनों इस दुखद क्षति को स्वीकार करने की कोशिश कर रहे हैं।

    Stock Market: सेंसेक्स 487 अंक चढ़कर 82344 पर बंद, निफ्टी 25300 के पार

    नई दिल्ली। Stock Market Closed : वैश्विक बाजारों से पॉजिटिव संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार 28 जनवरी को मजबूती के साथ बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 487.20 अंक या 0.60 प्रतिशत चढ़कर 82,344.68 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 167.35 अंक या 0.66 प्रतिशत बढ़कर 25,342.75 पर पहुंच गया।

    कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से ऑइल एंड गैस शेयरों में जोरदार उछाल और मेटल शेयर में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिला। निवेशकों ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजों के साथ भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दिए जाने पर भी रियेक्ट किया।

    तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) थोड़ी बढ़त लेकर 81,892 अंक पर खुला। खुलते ही इसमें तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान यह सपाट स्तर पर आ गया था।लेकिन अंत में 487.20 अंक या 0.60 फीसदी की बढ़त के साथ 82,344.68 पर बंद हुआ।

    इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) मजबूती के साथ 25,258 अंक पर ओपन हुआ। कारोबार के दौरान 25,372 अंक के हाई और 25,187 अंक के लो लेवल तक गया। अंत में 167.35 अंक या 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,342 पर बंद हुआ।

    जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख बना रहा। इसे भारत–यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से समर्थन मिला। मेटल्स, फाइनेंशियल्स और ऑयल एंड गैस शेयरों में मजबूती के चलते ब्रॉडर इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निवेशकों के साइक्लिकल सेक्टरों की ओर रुख करने के कारण एफएमसीजी शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली।”

    उन्होंने कहा, ”वैश्विक बाजारों में मिला-जुला कारोबार रहा। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि आम तौर पर ब्याज दरों के स्थिर रहने की उम्मीद है, लेकिन इस साल के अंत में संभावित दर कटौती को लेकर फेड चेयर के गाइडेंस पर बाजार की नजरें टिकी हैं। इसी बीच, अमेरिका–ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक टैरिफ को लेकर बनी अनिश्चितता से बाजार की धारणा पर दबाव बना रह सकता है।”

    टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
    सेंसेक्स की कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 9 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर बंद हुए। तिमाही नतीजों के चलते शेयर में जोरदार तेजी आई। इटरनल, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और ट्रेंट लिमिटेड सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। वहीं एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी और सन फार्मा सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे।

    ब्रोडर मार्केट में निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 2.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1.66 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑयल एंड गैस में 3.40 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जबकि निफ्टी एफएमसी में 0.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।