Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 296

Stock Market: सेंसेक्स 944 अंक उछलकर 81666 पर बंद, निफ्टी 25 हजार के पार

नई दिल्ली। Stock Market Closed : बजट के झटकों से उबरते हुए भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार को कारोबार के आखिरी घंटे में शानदार रिकवरी की।

रिलायंस इंडस्ट्रीज, अदाणी पोर्ट्स, बीईएल, एलएंडटी, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक में आखिरी दौर की खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। बजट से जुड़ी बिकवाली के एक दिन बाद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों समेत पूरा बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई सेंसेक्स 944 अंक यानी 1.17 फीसदी की तेजी के साथ 81,666 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी50 263 अंक या 1.06 फीसदी चढ़कर 25,088 पर बंद हुआ।

रविवार, 1 फरवरी को बजट 2026 के स्पेशल सेशन के दौरान सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में दो साल बाद बढ़ोतरी के ऐलान के चलते भारतीय बाजारों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली थी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी 1.8 फीसदी से ज्यादा टूट गए थे।

टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, बीईएल, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं, गिरावट की बात करें तो इंफोसिस, एक्सिस बैंक, टीसीएस और ट्रेंट सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में रहे।

बाजार में क्यों दिखीं स्मार्ट रिकवरी
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर ने कहा, “F&O पर STT बढ़ोतरी और वित्त वर्ष 2027 के लिए सरकार की ज्यादा उधारी योजना के असर से कल बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहा था। इसके बाद आज बाजार में स्मार्ट रिकवरी देखने को मिली। वहीं, बजट में नीतिगत निरंतरता, विकास पर साफ फोकस और राजकोषीय अनुशासन ने मध्यम से लंबी अवधि की आय संभावनाओं को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।”

उन्होंने आगे कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से भी बाजार को कुछ राहत मिली है। यह अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेतों को दर्शाता है। हालांकि, निकट भविष्य में तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमानों से कमजोर रहने और वैश्विक तनाव बने रहने के कारण बाजार का रुझान सतर्क रहने की उम्मीद है।

आईडीबीआई बैंक की बिक्री का प्रोसेस तीसरे चरण में, कर्मचारियों में हड़कंप

नई दिल्ली। IDBI Bank Privatisation: आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक विनिवेश (Strategic Disinvestment) की प्रक्रिया अब तीसरे चरण में पहुंच गई है। विनिवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव अरुणिश चावला ने बताया कि अब इस प्रक्रिया के तहत तकनीकी और वित्तीय बोलियां आमंत्रित की जाएंगी।

बजट के बाद ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में अभी थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मौजूदा वित्त वर्ष के खत्म होने से पहले सरकार इस पर और जानकारी साझा कर सकती है।

इससे यह साफ है कि सरकार आईडीबीआई बैंक के निजीकरण को आगे बढ़ाने के मूड में है। इधर, शेयर बाजार में कारोबार के दौरान बैंक के शेयर करीबन 1 पर्सेंट तक गिर गए थे और यह 97 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

चावला ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अब सिर्फ विनिवेश नहीं, बल्कि सरकारी संस्थानों के पुनर्गठन पर भी ध्यान दे रही है। खासतौर पर नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों (NBFCs) को रणनीतिक क्षेत्रों में मजबूत भूमिका देने की योजना है।

उन्होंने बताया कि पावर सेक्टर में पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) और रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन (REC) को मिलाकर एक मजबूत केंद्रीय NBFC बनाने की कोशिश की जा रही है। यह संस्था राज्य बिजली कंपनियों, डिस्कॉम, ट्रांसमिशन और पावर जेनरेशन कंपनियों को फाइनेंस देने में अहम भूमिका निभा सकती है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईडीबीआई अधिकारियों और कर्मचारियों के यूनाइटेड फोरम के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से मुलाकात का समय मांगा है, ताकि वे आईडीबीआई बैंक को निजी/विदेशी कंपनियों को बेचने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने का आग्रह कर सकें।

फोरम के संयोजक देविदास तुलजापुरकर तथा संयुक्त संयोजक रत्नाकर वानखेडे और विठ्ठल कोटेश्वर राव ने बताया कि राष्ट्रपति से बड़े राष्ट्रीय हित में हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ऑनलाइन याचिका भी दायर की गई है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे से अवगत कराने और केंद्र सरकार को ‘देश और आम जनता के हित में’ इस प्रस्ताव से पीछे हटने के लिए समर्थन जुटाने हेतु सभी राजनीतिक दलों से अलग-अलग संपर्क किया जा रहा है।

Redmi का 12GB रैम वाला प्रो ग्रेड 108MP कैमरा फोन पर 13 हजार की छूट

नई दिल्ली। 108MP Camera Phone: रेडमी का 108MP Camera फोनअमेजन पर शानदार ऑफर के साथ उपलब्ध है। यह बजट स्मार्टफोन छूट के चलते 13,000 रुपए से सस्ते दाम में खरीदा जा सकता है।

Redmi 13 5G Prime Edition फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका 108MP का ट्रिपल कैमरा सेटअप है, जिससे फोटो बेहद साफ और डिटेल के साथ आती हैं। खास बात यह है कि फोन में वेट टच कंट्रोल फीचर दिया गया है, यानी गीले हाथों से स्क्रीन आसानी से काम करती है।

शानदार डील
Redmi 13 5G पर फिलहाल Amazon करीब 2,500 रुपये की सीधी छूट दे रहा है। बता दें कि फोन के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की लॉन्च कीमत 15499 रुपये थी, लेकिन ऑफर के बाद इसे 12,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। इसके अलावा फोन पर बैंक और एक्सचेंज ऑफर्स का फायदा भी दी जा रहा है।

अगर आप फोन को EMI पर लेते हैं, तो आपको 620 रुपये की इंस्टेंट छूट मिल सकती है। वहीं एक्सचेंज ऑफर के तहत पुराने फोन के बदले 9,000 रुपये तक का अतिरिक्त फायदा भी मिल सकता है, जो आपके पुराने डिवाइस की कंडीशन पर निर्भर है।

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
Redmi 13 5G में 108MP का बड़ा प्राइमरी कैमरा है। इसके साथ फोन में 8MP का अल्ट्रा-वाइड और 2MP का मैक्रो सेंसर मौजूद है। कैमरा AI सपोर्ट के साथ आता है, जिससे फोटो की क्वालिटी और फ्रेमिंग बेहतर हो जाती है। कैमरा में कुछ खास मोड्स जैसे HDR, Night Mode, Film Filters और टाइम-लैप्स भी हैं, जो फोटोग्राफी अनुभव को और बेहतर बनाते हैं। सेल्फीज के लिए 13MP फ्रंट कैमरा मिलता है, जो पोर्ट्रेट, ब्यूटी और वीडियो कॉलिंग के लिए सही है।

फोन में 6.79 इंच की बड़ी HD+ LCD डिस्प्ले मिलती है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट है। मिड-रेंज में 5G प्रोसेसर के साथ आने वाला यह फोन मल्टीटास्किंग और वीडियो स्ट्रीमिंग में अच्छा है। फोन को 3 साल तक लैग-फ्री अनुभव देने के लिए अपग्रेड और सुरक्षा अपडेट मिलते रहेंगे। स्टोरेज 128GB है और आप इसे 1TB तक माइक्रोSD से एक्सपैंड भी कर सकते हैं।

इसमें 6GB फिजिकल रैम और 6GB वर्चुअल रैम का सपोर्ट मिलता है, जिससे कुल रैम 12GB तक हो जाती है। फोन में 5030mAh बैटरी है सोशल मीडिया, वीडियो, कॉल और 5G ब्राउज़िंग तक है, जो 33W Turbo चार्जिंग को सपोर्ट करती है और चार्जर बॉक्स में ही मिलता है।

डिजाइन की बात करें तो Redmi 13 5G ग्लास बैक के साथ आता है और इसे IP54 रेटिंग मिली है, जो हल्की बारिश या पानी के छींटों से सुरक्षा देती है। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है।

रियलमी का 7000mAh की बैटरी वाला फोन 5000 रुपये सस्ता, जानिए ऑफर्स

नई दिल्ली। Realme GT 7 Smartphone: 7000mAh की बैटरी वाला Realme GT 7 फोन 5 हजार रुपये सस्ते में मिल रहा है। 8जीबी रैम और 256जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले इस फोन की कीमत लॉन्च के समय 39999 रुपये थी।

अब यह फोन अमेजन इंडिया पर 36999 रुपये का मिल रहा है। 7 फरवरी तक फोन पर सेलेक्टेड बैंक के कार्ड्स से पेमेंट करने पर 2 हजार रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। इन दोनों ऑफर के साथ फोन पर मिलने वाला टोटल डिस्काउंट 5 हजार रुपये का हो जाता है। कंपनी इस फोन पर कैशबैक और तगड़ा एक्सचेंज बोनस भी दे रही है। ध्यान रहे कि एक्सचेंज बोनस में मिलने वाला अडिशनल डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन, ब्रैंड और कंपनी की एक्सचेंज पॉलिसी पर निर्भर करेगा।

फीचर और स्पेसिफिकेशन
कंपनी इस फोन में 2780×1264 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.78 इंच का डिस्प्ले दे रही है। यह डिस्प्ले 120Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इस डिस्प्ले का पीक ब्राइटनेस लेवल 6000 निट्स का है।

फोन 16जीबी तक की LPDDR5x रैम और 1टीबी तक के UFS 4.0 स्टोरेज के साथ आता है। इसमें प्रोसेसर के तौर पर डाइमेंसिटी 9400e चिपसेट दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए आपको इस फोन में एलईडी फ्लैश के साथ तीन कैमरे मिलेंगे।

इनमें 50 मेगापिक्सल के मेन लेंस के साथ एक 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड ऐंगल लेंस और एक 50 मेगापिक्सल का 2x टेलिफोटो कैमरा शामिल है। वहीं, सेल्फी के लिए कंपनी इस फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा ऑफर कर रही है। रियलमी के इस फोन में दी गई बैटरी 7000mAh की है। यह बैटरी 120W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि इस चार्जिंग टेक्नोलॉजी की मदद से बैटरी मात्र 15 मिनट में 1% से 50% तक चार्ज हो जाती है।

बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। यह फोन IP69 वॉटरप्रूफिंग रेटिंग के साथ आता है। इसमें आपको बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिलेगा। ओएस की बात करें, तो फोन ऐंड्रॉयड 15 पर बेस्ड Realme UI 6.0 पर काम करता है।

भारत ने झेलम और नीलम नादियों का पानी रोका, पाकिस्तान का आरोप

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने भारत से आने वाली दो और नदियों- झेलम और नीलम के जल स्तर में कमी होने पर चिंता जताई है। उसने आरोप में कहा है कि भारत झेलम नदी का पानी अचानक रोक रहा है और उसे बिना बताए छोड़ भी रहा है।

इससे पहले पाकिस्तान ने चेनाब नदी को लेकर भी ऐसा ही दावा किया था। इसी साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 65 साल पुरानी सिंधु जल संधि को सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद से ही पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार पानी को लेकर नए-नए दावे कर रहा है।

पिछले हफ्ते, सिंधु जल पर पाकिस्तान के कमिश्नर ने कहा कि झेलम नदी में मंगला बांध में पानी का बहाव कम हो रहा है। मंगला बांध पाकिस्तान के मीरपुर में है। यह बांध पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में पानी सप्लाई करने का सबसे बड़ा सोर्स भी है।

वहीं, पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि झेलम और नीलम नदियों में पानी का बहाव घटकर 3,000 क्यूसेक हो गया है, जो 5,000 क्यूसेक से काफी कम है। पाकिस्तान ने यह भी दावा किया है कि इससे रबी की बुआई पर असर पड़ सकता है।

झेलम पाकिस्तान में खेती के लिए एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। इसका पानी, जिसे मुख्य रूप से मंगला बांध और रसूल बैराज के जरिए मैनेज किया जाता है। यह नदी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में खेती की एक बड़ी जमीन को सींचती है, जिसमें चज दोआब क्षेत्र भी शामिल है।

यह पाकिस्तान का सबसे उपजाऊ क्षेत्र माना जाता है। सिंचाई विभाग के एक पाकिस्तानी अधिकारी ने द डॉन को बताया, “यह सच में गंभीर और चिंताजनक है क्योंकि कुल 25 मिलियन एकड़ कृषि भूमि में से लगभग 15 मिलियन एकड़, जिसे विभिन्न नहरों से सींचा जाता है, इन दिनों या तो कम पानी मिल रहा है या बिल्कुल पानी नहीं मिल रहा है।”

हालांकि पाकिस्तान ने अभी तक भारत के साथ झेलम का मुद्दा नहीं उठाया है, लेकिन सिंधु जल के लिए उसके कमिश्नर सैयद मेहर अली शाह ने कहा कि बहाव पर रोजाना नजर रखी जा रही है। शाह ने कहा, “अभी के लिए, हमने चेनाब नदी के बारे में भारत को एक पत्र लिखा है।

जवाब मिलने के बाद हम इस मुद्दे पर आगे देखेंगे।” हालांकि, भारत ने चेनाब और झेलम दोनों के दावों पर कोई जवाब नहीं दिया है। पहले, विशेषज्ञों ने कहा है कि मौसमी कारकों और बारिश के पैटर्न के कारण नदियों का बहाव ऊपर-नीचे हो सकता है।

चिनाब नदी के प्रवाह में कमी
पिछले हफ्ते, पाकिस्तान ने चिनाब नदी के बहाव में अचानक बदलाव को लेकर भारत को एक चिट्ठी लिखी थी। जियो न्यूज ने रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत ने कथित तौर पर 7 और 8 दिसंबर के बीच 58,000 क्यूसेक पानी छोड़ा, जिसके बाद पानी की सप्लाई को अचानक खतरनाक रूप से कम कर दिया गया। हालांकि, कुछ दिनों बाद, पाकिस्तान ने कहा कि चिनाब में पानी का लेवल स्थिर हो गया है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान जैसे निचले इलाके वाले देश के लिए, जिसकी खेती और खाने की सुरक्षा नदियों के बहाव पर बहुत ज़्यादा निर्भर करती है, ऐसे अचानक कदमों का बहुत बड़ा असर होता है।

Gold Price: चांदी 1.71 लाख रुपये सस्ती हुई, सोना 40 हजार रुपये टूटा

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार,2 फरवरी को भी चांदी की कीमतों में गिरावट जारी रही, जो पिछले दो दिनों से चली आ रही तेज मंदी का हिस्सा है। चांदी अब गुरुवार (30 जनवरी) को बने अपने रिकॉर्ड हाई 4,20,000 रुपये से 40% से भी अधिक नीचे आ गई है। यानी करीब 1.71 लाख रुपये टूट चुकी है।

इस गिरावट का कारण डॉलर का मजबूत होना और आज से CME एक्सचेंज द्वारा बढ़ाई गई मार्जिन जरूरतें लागू होना है। MCX पर चांदी की कीमत 6% गिरकर 2,49713 रुपये प्रति किलोग्राम के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गई।

हालांकि, वैश्विक बाजारों में सुधार देखा गया, जहां स्पॉट सिल्वर में 8% से अधिक की तेजी आकर 84.140 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि एशियाई व्यापार के शुरुआती घंटों में इसमें लगभग 12% की गिरावट आई थी।

सोमवार के सत्र में MCX पर सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले एक दशक से अधिक समय में आई सबसे तेज एक-दिन की गिरावट के बाद नुकसान और बढ़ गया। MCX सोना 1.5% गिरकर 1,40,000 रुपये प्रति दस ग्राम के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। यानी ऑल टाइम हाई से करीब 40000 रुपये सस्ता हो गया है। लेकिन, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, स्पॉट गोल्ड एशियाई व्यापार के समय 4% गिरने के बाद 1% तक उभर आया।

कीमती धातुओं में मंदी का सफर
पिछले एक साल में, कीमती धातुएं अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंच गई थीं, जिसने अनुभवी व्यापारियों को भी आश्चर्यचकित कर दिया था। जनवरी में यह रैली और तेज हो गई क्योंकि निवेशक भू-राजनीतिक अस्थिरता, कमजोर होती मुद्राओं और फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता पर सवालों के बीच सोने-चांदी की ओर दौड़ पड़े। चीन से अतिरिक्त सट्टेबाजी ने इस तेजी को और हवा दी।

फ्यूचर्स पर मार्जिन
CME ग्रुप द्वारा दशकों में देखे गए सबसे बड़े मूल्य उतार-चढ़ाव के बाद कॉमेक्स सोने और सिल्वर फ्यूचर्स पर मार्जिन जरूरतें बढ़ाने के फैसले से और दबाव आया। यह आज, 2 फरवरी से लागू हो गया है। एक्सचेंज के अनुसार, गैर-उच्च जोखिम वाले खातों के लिए सोने के फ्यूचर्स के लिए मार्जिन आवश्यकताएं मौजूदा 6% से बढ़ाकर कांट्रैक्ट वैल्यू का 8% कर दी जाएंगी। उच्च जोखिम प्रोफाइल के लिए, मार्जिन 6.6% से बढ़कर 8.8% हो जाएगा।

सिल्वर के फ्यूचर्स के लिए, गैर-उच्च जोखिम प्रोफाइल के लिए मार्जिन 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया जाएगा, जबकि उच्च जोखिम वाले खातों के लिए, यह आवश्यकता 12.1% से बढ़ाकर 16.5% कर दी जाएगी। प्लैटिनम और पैलेडियम फ्यूचर्स के लिए मार्जिन आवश्यकताओं में भी वृद्धि की जाने वाली है।

Stock Market: हरे निशान में बाजार, सेंसेक्स 250 अंकों से ज्यादा उछला

नई दिल्ली। Stock Market 2 February 2026: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच सोमवार (2 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत हुई। हालांकि, थोड़ी देर बाद बाजार गिरावट से उबरकर हरे निशान में आ गया।

सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी 24,830 के ऊपर है। शुरुआती कारोबार में मेटल, ऑटो, रियल्टी और PSU व प्राइवेट बैंक में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

इससे पहले, बाजार ने कमजोर शुरुआत की। सेंसेक्स 167 अंक गिरकर 80,555.68 पर खुला। वहीं, निफ्टी- 50 ने करीब 30 अंक की कमजोरी के साथ 24,796.50 पर कारोबार शुरू किया।

रविवार, 1 फरवरी को बजट 2026 के स्पेशल सेशन के दौरान सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में दो साल बाद बढ़ोतरी के ऐलान के चलते भारतीय बाजारों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली थी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी 1.8 फीसदी से ज्यादा टूट गए थे।

टॉप गेनर, टॉप लूजर
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के टॉप गेनर में L&T, एशियन पेंट्स, अदाणी पावर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, BEL शामिल रहे। L&T और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया। वहीं दूसरी ओर, टॉप लूजर में ITC, इंफोसिस, ट्रेंड, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल रहे। ट्रेंट, इंफोसिस, ITC के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।

ए​शियाई बाजारों के संकेत
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निवेशक चीन की फैक्ट्री एक्टिविटी से जुड़े जनवरी के निजी आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही और शुक्रवार की कमजोरी आगे बढ़ती दिखी।

अंतिम अपडेट तक चीन का CSI 300 इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की बढ़त पर था, जापान का निक्केई 0.75 प्रतिशत चढ़ा हुआ था, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 1.34 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.63 प्रतिशत टूट चुका था।

स्वर्ण-रजत व्यापार आजीविका का साधन नहीं, बल्कि भरोसे का व्यवसाय है: ऊर्जा मंत्री

चौथ माता स्वर्ण-रजत व्यापार समिति का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

कोटा। चौथ माता स्वर्ण-रजत व्यापार समिति का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सूरजपोल में संपन्न हुआ। समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश बिरला, विधायक संदीप शर्मा, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व प्रतिपक्ष नेता विवेक राजवंशी एवं शहर व्यापार संघ कोटा के महामंत्री अशोक माहेश्वरी मंचासीन रहे।

हीरालाल नागर ने कहा कि स्वर्ण और रजत का व्यापार केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि विश्वास, पारदर्शिता और परंपरा पर आधारित एक गौरवशाली व्यवसाय है। यह ऐसा क्षेत्र है जहाँ एक शब्द, एक वचन और एक संबंध पीढ़ियों तक निभाया जाता है।

यही कारण है कि व्यापारिक समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण और रजत का व्यापार केवल चमक-दमक का नहीं, बल्कि विश्वास, धैर्य और सूझ-बूझ का व्यापार है। पिछले दिनों के अनुभव बताते हैं कि इस क्षेत्र में भावों का उतार-चढ़ाव एक बड़ी चुनौती है।

कभी भाव अचानक बढ़ जाते हैं, तो ग्राहक रुक जाते हैं और कभी भाव गिरते हैं, तो पूंजी प्रबंधन कठिन हो जाता है। इन घटते-बढ़ते भावों के बीच भी व्यापार को संतुलित रखना, ग्राहकों का विश्वास बनाए रखना और परंपरा की मर्यादा निभाना आसान कार्य नहीं है। इसके बावजूद स्वर्ण-रजत व्यापारी समाज ईमानदारी और धैर्य के साथ आगे बढ़ रहा है, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में स्वर्ण-रजत व्यापार की परंपरा, कारीगरों की मेहनत एवं संगठन की एकता की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं। समारोह के अंत में अतिथियों का सम्मान-अभिनंदन किया गया। समारोह में समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर द्वारा उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई।

शपथ लेने वालों में अध्यक्ष आत्मदीप आर्य, महामंत्री मनोज सोनी, कोषाध्यक्ष चेतन कुमार जैन, उपाध्यक्ष कुलदीप सोनी, सह मंत्री संजय नागर, संगठन मंत्री संतोष पवार, कार्यालय मंत्री ओमप्रकाश सोनी, प्रचार मंत्री पवन सोनी एवं सूचना मंत्री जितेश सैनी थे।

साथ ही, कार्यकारिणी में सत्यनारायण सोनी, सचिन सोनी, मनीष जैन, राकेश गौतम, कृष्ण कुमार सोनी, प्रकाश खाडल, दिनेश सोनी, पवन जैन, रवि सोनी, अख्तर भाई, अरविंद सोनी, अजय भौमिक, आकाश मराठा, रजत सोनी, आशीष सोनी शामिल रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न सर्राफा संस्थाओं के पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिनमें सर्राफा संघ अध्यक्ष आनंद राठी, सुरेन्द्र गोयल, जितेन्द्र सोनी, अरुण जैन, भगवान लड़ा, शेख नजरुल, स्वर्ण-रजत कला उत्थान समिति मंत्री जगदीश सोनी, भुवनेश सोनी, संतोष सोनी, चंदन दास एवं दीपक नामदेव प्रमुख रहे।

देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट: ऊर्जा मंत्री

कोटा/ सांगोद। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के केन्द्रीय बजट को 150 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों को साकार करने वाला अमिट दस्तावेज बताया है। उन्होेंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

श्री नागर ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने बजट में किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं, नौकरीपेशा, उद्यमी, कारोबारी सहित हर वर्ग को राहत दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढ़ांचे, ग्रामीण विकास के साथ-साथ जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही, अन्य सेक्टर्स के साथ-साथ देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए भी अनेक घोषणाएं की गई हैं।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बजट से देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण एनर्जी ट्रांजिशन परियोजनाओं को और मजबूती मिलेगी। बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में प्रयुक्त लिथियम-आयन सेल विनिर्माण का उपयोग करने वालों और बैटरियों में लिथियम आयन सेल विनिर्माण के लिए प्रयुक्त पूंजीगत वस्तुओं को दिए जाने वाले बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट की समय सीमा को जारी रखने से बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

सोलर ग्लास की मैन्यूफैक्चरिंग में उपयोग के लिए सोडियम एंटीमानेट के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट से क्लीन एनर्जी के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए आवश्यक वस्तुओं के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट वर्ष 2035 तक बढ़ाने तथा इसे सभी क्षमता के संयंत्रों पर लागू करने के निर्णय से परमाणवीय ऊर्जा परियोजनाओं को और गति मिलेगी।

श्री नागर ने कहा कि विदेश यात्रा पैकेज सस्ते करने, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने, भारत को ग्लोबल डेटा सेंटर के रूप में विकसित करने, एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रूपए के कोष, तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, 17 एंटी कैंसर दवाओं और 7 अन्य दुर्लभ बीमारियों की दवाओं के सस्ती होने से उपचार सस्ता होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने वाला सिद्ध होगा।

सरकार की किसान हितैषी मंशा पर खरा नहीं उतरा बजट: भारतीय किसान संघ

कोटा। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि बजट में 500 अमृत सरोवर, समुद्री तट क्षेत्रों में मछली पालन को मजबूत, पशुपालन क्षेत्र में उद्यमिता की सहायता करना अच्छा कदम है।

फसल विविधीकरण योजना में उच्च मूल्य वाली खेती नारियल, काजू, कोको, चंदन जैसी फसलों को बढ़ावा देना, साथ ही ग्रामीण महिला समूहों को सशक्त बनाने ई मार्ट की स्थापना अच्छा कदम है। आईसीएआर के माध्यम से किसानों को जानकारी देने के लिए विस्तार योजना के बारे में विस्तार से देखना पड़ेगा।

प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर तथा प्रान्त महामंत्री अंबालाल शर्मा ने कहा कि छोटे किसानों की समस्याएं, कृषि यंत्रों पर जीएसटी अधिक होना, किसान सम्मान निधि जैसी योजना को बढ़ावा न देना, केसीसी कार्ड की 5 लाख सीमा बढ़ाने की घोषणा करने के बावजूद उसका क्रियान्वयन न होना, प्राकृतिक खेती का लक्ष्य घोषणा करने के बाद भी प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को डीबीटी के माध्यम से अपना जैविक खाद बनाने को प्रोत्साहन न देना चिंता का विषय है।

भारतीय किसान संघ के प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने कहा कि प्राकृतिक खेती के समर्थन में देशभर में सारी फसलों में रसायन की मात्रा के स्तर की जांच और उसे रोकने के लिए बजट में ध्यान रखने कोई योजना नहीं है। कुल मिलाकर जो सरकार कहती है वो बजट में नहीं दिख रहा है।

सम्भाग अध्यक्ष गिरीराज चौधरी तथा जिला अध्यक्ष जगदीश कलमंडा ने कहा कि कुछ विषय किसान हितैषी जरुर हैं, लेकिन किसान संघ की मांग है कि बजट चर्चा के समय समग्र किसान परिवार के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार और विपक्ष सकारात्मक चर्चा करते हुए किसान हितैषी मांगों को शामिल कर बजट में संशोधन करें। यह किसान संघ की अपेक्षा है।