Sunday, July 19, 2026
Home Blog Page 249

ऊर्जा मंत्री नागर ने दी सांगोद क्षेत्र में नौ करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

सांगोद/कोटा। ऊर्जा मंत्री एवं सांगोद विधायक हीरालाल नागर के प्रयासों से सांगोद विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में पुलिया निर्माण कार्यों की महत्वपूर्ण स्वीकृति जारी की गई है।

ऊर्जा मंत्री द्वारा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है। इस राशि से सम्पर्क सड़क चरेल पुलिया निर्माण हेतु सर्वाधिक 3.25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

वहीं अमृतकुआं से खजुरी के मध्य पुलिया निर्माण के लिए 1.10 करोड़ रुपए, मालीहेड़ा बेसक से बम्बुलिया कटारिया पुलिया निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपए, गुंजारा से किशनपुरा आवागमन सुगम बनाने के लिए 1 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है। इसके अलावा आवां से मंगलपुरा पुलिया निर्माण के लिए 90 लाख रुपए मंजूर किये हैं

फतेहपुर से डूंगरज्या दो पुलियाओं के निर्माण के लिए 60 लाख रुपए, सुरेला से खोड़ली घाटा पुलिया निर्माण के लिए 50 लाख रुपए, दीगोद से कोटसुआं पुलिया निर्माण के लिए 35 लाख रुपए, मुण्डला से मण्डावरी पुलिया निर्माण हेतु 30 लाख रुपए, पोलाई से बगरू एवं ककरावदा से कचनावदा पुलिया निर्माण कार्यों के लिए क्रमशः 5-5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

सांगोद का चहुंमुखी विकास प्राथमिकता
“सांगोद का चहुंमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन पुलियाओं के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दिनों में होने वाली यातायात की समस्या समाप्त होगी और ग्रामीणों को तहसील व जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुगमता होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ सांगोद को विकास के पथ पर अग्रणी बनाया जा रहा है।” -हीरालाल नागर, ऊर्जा मंत्री

होटल फेडरेशन कोटा महोत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएगा

कोटा महोत्सव के जरिए पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक बुधवार को फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 21-22 फरवरी को होने वाले ‘कोटा महोत्सव’ में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर माहेश्वरी ने कहा कि गत वर्ष फेडरेशन द्वारा देश के 10 बड़े महानगरों में किए गए रोड शो और प्रभावी प्रचार-प्रसार का ही परिणाम था कि कोटा को ‘हाड़ौती ट्रैवल मार्ट’ जैसे बड़े आयोजन की मेजबानी मिली।

जिसमें 26 राज्यों के 1200 से अधिक टूर ऑपरेटर्स और इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा महोत्सव ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध पर्यटन स्थलों को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगा।

महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कोटा महोत्सव की गूँज देशभर में पहुँचाने के लिए कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ की इकाइयां एकजुट होकर कार्य करेंगी। फेडरेशन के सदस्य देश भर के टूर ऑपरेटरों के माध्यम से पर्यटकों को इस महोत्सव के लिए आमंत्रित करेंगे।

बैठक में वक्ताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चंबल गार्डन एवं किशोर सागर का सौंदर्यीकरण, मथुराधीश जी कॉरिडोर, केशोरायपाटन में चंबल तट का विकास, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण और रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाना हाड़ौती के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।

पर्यटन विकास के लिए बजट में 25 करोड़ रुपये की घोषणा से इस क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है। ​बैठक में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के साथ मिलकर इस आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प लिया गया।

फेडरेशन के मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नदीम अंसारी, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, तरुण चतुर्वेदी, अंकित मक्कड़ सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने महोत्सव के प्रत्येक कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और हाड़ौती की पर्यटन संपदा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का निर्णय लिया।

अंतर्राष्ट्रीय मसाला कांफ्रेंस 23 फरवरी से कोच्चि में, उद्योग को नई दिशा मिलेगी

कोच्चि। ऑल इंडिया स्पाइसेज एक्सपोर्टर्स फोरम द्वारा आगामी 23-26 फरवरी को कोच्चि (केरल) के ली मैरेडियन होटल में 9 वें इंटरनेशनल स्पाइस कांफ्रेंस (आईएससी 2026) का आयोजन किया जा रहा है जो मसाला उत्पादकों, व्यापारियों, प्रोसेसिंग उद्योग, निर्यातकों एवं आयातकों सहित अन्य सम्बद्ध पक्षों के लिए काफी महत्वपूर्ण एवं लाभदायक साबित होने वाला है।

भारत दुनिया में मसालों का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपभोक्ता एवं निर्यातक देश है। यहां से प्रति वर्ष 4 अरब डॉलर से भी अधिक मूल्य के साबुत मसालों एवं मसाला उत्पादों का निर्यात संसार के विभिन्न देशों को किया जाता है। लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अब नई-नई चुनौतियां उभरकर सामने आ रही हैं जिसका सफलतापूर्वक सामना करने के लिए सामयिक एवं सटीक रणनीति बनाने की आवश्यकता है।

प्रमुख आयातक देशों में सीमा शुल्क के मामले में अनिश्चितता बनी रहती है और मसालों की गुणवत्ता एवं उसमें बाहरी तत्वों की मिलावट के संदर्भ में कठोर नियम लागू किए जा रहे हैं। भारत को मसालों के उत्पादन एवं निर्यात संवर्धन में निरंतरता बरकरार रखने की आवश्यकता है इसलिए उसे वैश्विक मानदंडों पर खरा उतरना जरुरी है।

अमरीका ने कुछ महीनों तक भारतीय मसालों पर 50 प्रतिशत का टैरिफ बरकरार रखा जिससे वहां इसके निर्यात पर असर पड़ा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम में अनेक विशेषज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे जिससे उद्योग को एक नई दिशा मिल सकती है।

Kota Mandi: NCDEX वायदा तेज रहने से कोटा मंडी में धनिया 150 रुपये उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: NCDEX पर तेजी का सर्किट लगने से भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को धनिया 150 रुपये क्विंटल उछल गया। आवक बढ़ने से लहसुन के भाव 500 रुपये क्विंटल गिर गए।

कारोबारी सूत्रों के अनुसार धनिया का अप्रैल वायदा 348 रुपये बढ़कर 10792 रुपये, मई वायदा 276 रुपये सुधर कर 10928 रुपये और जून वायदा 254 रुपये की तेजी पर 10950 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 60 हजार कट्टे और लहसुन की 1500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहा।

गेहूं 2370 से 2440 ज्वार शंकर 1700से 2300, ज्वार सफेद 2800से 5000, बाजरा 1800से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200 जौ 2000से 2300,रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3301, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 3751, धान (1718-1885) 3700 से 4450, धान (पूसा-1) 3600 से 4200, धान (1401-1846) 3800 से 4270, धान दागी 1500 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5351, सरसो 6200 से 6550, सरसों नयी 5500 से 6550, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8200, चना देशी 4700 से 5151, चना मौसमी 4700 से 5100, चना पेप्सी 4800 से 5151, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 5500 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3500 से 9500, मैथी 4000 से 5200, धनिया बादामी 7500 से 9000, धनिया ईगल 9200 से 9500, धनिया नया गीला 6700 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल।

विकसित भारत के संकल्प में नारी शक्ति की अहम भूमिका: बिरला

राज सखी कोटा मेला के समापन समारोह में शामिल हुए लोक सभा अध्यक्ष

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को किशोर सागर तालाब की पाल स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित ‘राज सखी कोटा मेला-2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि भारत की नारी शक्ति ने आध्यात्मिक परंपरा से लेकर स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण तक हर दौर में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

आज महिलाएँ विज्ञान, तकनीक, प्रशासन, कृषि और सीमा सुरक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़कर नेतृत्व कर रही हैं। देश की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उनकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

बिरला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई बहनों द्वारा हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद और स्थानीय कला के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायक हैं। विभिन्न राज्यों और गाँवों की महिलाएँ अपने उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ रही हैं, जिससे उनकी आय बढ़ रही है और स्थानीय परंपराओं को भी नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “लखपति दीदी” के संकल्प को ऐसे आयोजन मजबूती देते हैं। सरकार का प्रयास है कि दूर-दराज़ के गाँवों की महिलाओं को प्रशिक्षण, बेहतर विपणन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके। बिरला ने कहा कि राजीविका मिशन के अंतर्गत कलेक्शन सेंटर और डिजिटल मार्केटिंग व्यवस्था को मजबूत करने की भी आवश्यकता है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय निर्माण को प्रोत्साहन देने से ही आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का मार्ग मजबूत होगा। हर महिला सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बने, यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक मजबूती से सामाजिक परिवर्तन भी संभव है।

सामूहिक प्रयासों से नारी शक्ति का आत्मविश्वास और परिश्रम देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

आगरा कैंट-असारवा स्पेशल ट्रेन आज से, यह कोटा मंडल के इन स्टेशनों पर रुकेगी

कोटा। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए आगरा कैंट–असारवा–आगरा कैंट के मध्य विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 01919 (आगरा कैंट–असारवा) का संचालन 18 फरवरी से 28 फरवरी तक (सोमवार एवं मंगलवार को छोड़कर) कुल 9 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर आगरा कैंट स्टेशन से 18.10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मार्ग में 21.08 बजे गंगापुर सिटी, 21.48 बजे सवाई माधोपुर, 23.18 बजे केशोराय पाटन, अगले दिन 00.08 बजे बूंदी, 01.38 बजे मांडलगढ़ एवं 03.15 बजे चंदेरिया स्टेशनों पर ठहरते हुए 11.10 बजे असारवा पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01920 (असारवा–आगरा कैंट) का संचालन दिनांक 19 फरवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक (मंगलवार एवं बुधवार को छोड़कर) कुल 09 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन असारवा स्टेशन से 14.50 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मार्ग में 22.40 बजे चंदेरिया, 23.28 बजे मांडलगढ़, अगले दिन 00.23 बजे बूंदी, 01.13 बजे केशोराय पाटन, 02.30 बजे सवाई माधोपुर एवं 03.23 बजे गंगापुर सिटी स्टेशनों पर ठहरते हुए 07.45 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में आगरा कैंट जंक्शन, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर जंक्शन, केशोराय पाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली जंक्शन, राणा प्रताप नगर, उदयपुर सिटी, जावर, सेमारी, डूंगरपुर, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर एवं असारवा जंक्शन स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

कोच संरचना
इस विशेष ट्रेन में 2 एसएलआर/डी, 9 सामान्य श्रेणी, 10 शयनयान श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी एवं 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 24 डिब्बे होंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व गाड़ियों की स्थिति, समय एवं ठहराव की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in अथवा एनटीईएस मोबाइल ऐप का उपयोग करें।

कोटा–घाटोली एवं झालावाड़ सिटी मेमू अमेठा और पचोला स्टेशनों पर रुकेगी

कोटा। रेलवे प्रशासन द्वारा कोटा मंडल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमेठा (AMHA) एवं पचोला (PCHA) स्टेशनों पर चयनित मेमू रेलसेवाओं को ठहराव प्रदान किया जा रहा है। यह व्यवस्था 25 एवं 26 फरवरी 2026 से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 61614/61613 कोटा–घाटोली–कोटा मेमू तथा गाड़ी संख्या 06605/06606 घाटोली–झालावाड़ सिटी–घाटोली मेमू स्पेशल रेलसेवा को अमेठा एवं पचोला स्टेशनों पर निर्धारित समयानुसार ठहराव दिया जाएगा।

अमेठा (AMHA) स्टेशन पर ठहराव का समय

  • गाड़ी संख्या 61614 कोटा–घाटोली मेमू: आगमन 21.49 बजे, प्रस्थान 21.50 बजे (25.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 61613 घाटोली–कोटा मेमू: आगमन 05.11 बजे, प्रस्थान 05.12 बजे (26.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 06605 घाटोली–झालावाड़ सिटी मेमू स्पेशल: आगमन 23.29 बजे, प्रस्थान 23.30 बजे (25.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 06606 झालावाड़ सिटी–घाटोली मेमू स्पेशल: आगमन 03.49 बजे, प्रस्थान 03.50 बजे (26.02.2026 से)

पचोला (PCHA) स्टेशन पर ठहराव का समय

  • गाड़ी संख्या 61614 कोटा–घाटोली मेमू: आगमन 22.04 बजे, प्रस्थान 22.05 बजे (25.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 61613 घाटोली–कोटा मेमू: आगमन 04.53 बजे, प्रस्थान 04.54 बजे (26.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 06605 घाटोली–झालावाड़ सिटी मेमू स्पेशल: आगमन 23.09 बजे, प्रस्थान 23.10 बजे (25.02.2026 से)
  • गाड़ी संख्या 06606 झालावाड़ सिटी–घाटोली मेमू स्पेशल: आगमन 04.09 बजे, प्रस्थान 04.10 बजे (26.02.2026 से)

कोटा मंडल के अंतर्गत इन दोनों स्टेशनों पर ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त होगी।

राजस्थान बजट में कर्मचारियों, किसानों और विद्यार्थियों को राहत

वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट बहस में विपक्ष को दिया करारा जवाब

जयपुर। राजस्थान में बजट बहस का जवाब देते हुए वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कई अहम घोषणाएं कर कर्मचारियों, युवाओं और किसानों को बड़ी सौगातें दीं। बजट रिप्लाई के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रशासनिक सुधारों, इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण और शिक्षा क्षेत्र में निवेश को प्राथमिकता दे रही है।

कर्मचारियों को राहत
वित्त मंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि अब ट्रेनिंग की दो वर्ष की अवधि के दौरान यदि किसी कर्मचारी का चयन केंद्र या राज्य की दूसरी नौकरी में हो जाता है तो उसे मौजूदा पद छोड़ने पर वेतन और भत्तों की वसूली नहीं करनी होगी। अब तक ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को प्रशिक्षण अवधि का वेतन लौटाना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था।

इसके साथ ही राज्य कर्मचारियों को रिटायरमेंट तक इंश्योरेंस कवर देने की घोषणा की गई। मंत्री ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार जिस वर्ष कर्मचारी सेवानिवृत्त होता है, उसी वर्ष 1 अप्रैल को उसकी स्टेट इंश्योरेंस पॉलिसी परिपक्व हो जाती है।

इससे कर्मचारी रिटायरमेंट की वास्तविक तिथि तक बीमा सुरक्षा से वंचित रह जाता है। नई व्यवस्था में एक्सटेंडेड इंश्योरेंस मेच्योरिटी लागू कर रिटायरमेंट की तारीख तक पूर्ण बीमा कवर सुनिश्चित किया जाएगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा निवेश
सरकार ने पेयजल और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। पुराने पेयजल पाइपलाइन बदलने के लिए 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 220 करोड़ रुपये के नए पेयजल कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

खेती तक पहुंच आसान बनाने के लिए खेतों तक रास्ते हेतु 20 फीट तक सरकारी भूमि की पट्टी आवंटित करने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए डीएलसी की दोगुनी दर से भुगतान करना होगा। मंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर खातेदारी भूमि और सड़क के बीच सरकारी भूमि होने से अप्रोच रोड नहीं बन पाता, जिससे किसानों को दिक्कत होती है। नई व्यवस्था से इस समस्या का समाधान होगा और कृषि भूमि का उपयोग सुगम बनेगा।

पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए Ramgarh Vishdhari Tiger Reserve में सफारी सुविधाओं के विकास पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा नए वेटरनरी अस्पताल और सब सेंटर खोले जाएंगे। बीकानेर जिले के लूणकरणसर में मिनी सचिवालय के निर्माण की भी घोषणा की गई है, जिससे स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

शिक्षा और युवाओं के लिए विशेष घोषणाएं
शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी उन्नयन पर जोर देते हुए Indian Institute of Information Technology Kota में नए कोर्स शुरू करने की घोषणा की गई। साथ ही कोटा ट्रिपलआईटी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के युवाओं को उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 75 हजार बच्चों की आंखों की जांच कर उन्हें निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर की गई है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

इसके अलावा अंबेडकर ओबीसी छात्रावासों में सीटों की संख्या बढ़ाने का ऐलान किया गया है, जिससे पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा में राहत मिलेगी।

समावेशी विकास पर जोर
वित्त मंत्री ने अपने जवाब में कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है। बजट में किए गए प्रावधानों के माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता, कर्मचारियों का मनोबल, किसानों की सुविधा और युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

बजट बहस के दौरान सत्तापक्ष ने इन घोषणाओं को ऐतिहासिक बताते हुए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, जबकि विपक्ष ने क्रियान्वयन की समयसीमा और वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाए। हालांकि, वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

कुल मिलाकर, बजट रिप्लाई में की गई ये घोषणाएं कर्मचारियों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए राहत और अवसर दोनों लेकर आई हैं, जिनका असर आगामी समय में प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक ढांचे पर दिखाई देगा।

375hp की ताकत वाली Toyota की नई ऑफ-रोडर EV लॉन्च, जानिए फीचर्स

नई दिल्ली। टोयोटा और ईवी फैन्स के लिए गुड न्यूज है। मार्केट में टोयोटा ने अपने नए इलेक्ट्रिक वीइकल, 2026 bZ Woodland को अनवील किया है। यह नया मॉडल छोटी bZ एसयूवी का ज्यादा रगेड वर्जन और 2023 में लॉन्च हुई ओरिजिनल bZ4X का अपग्रेड है।

वैगन जैसे डिजाइन के बावजूद, bZ वुडलैंड में दमदार इंजन और बड़ा केबिन है, जो इसे सिटी रोड्स के साथ-साथ ऑफ-रोड एडवेंचर के लिए एक आइडियल फैमिली कार बनाता है।

पावरट्रेन
bZ वुडलैंड में ड्यूल-मोटर पावरट्रेन है। यह जबर्दस्त 375hp की ताकत पैदा करता है, जो स्टैंडर्ड bZ मॉडल से 37hp ज्यादा है। इसमें 67kWh का बैटरी पैक लगा है, जो इसके छोटे मॉडल की 52kWh यूनिट से बड़ी है। हालांकि, एक्सट्रा मोटर, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस और वुडलैंड मॉडल के अधिक वजन के कारण इसकी रेंज छोटे मॉडल के मुकाबले थोड़ी कम है।

बैटरी
bZ वुडलैंड में टेस्ला सुपरचार्जर के कंपैटिबल NACS पोर्ट दिया गया है, लेकिन DC फास्ट चार्जिंग की मैक्सिमम कैपेसिटी 150kW तक लिमिटेड है। इससे बैटरी लगभग 30 मिनट में 10-80% तक चार्ज हो जाती है। कंपनी की इस नई ईवी में 2026 bZ में इंट्रोड्यूस किया गया ऑनबोर्ड चार्जर भी है, जिससे लेवल 2 चार्जिंग में सात घंटे लगते हैं। टोयोटा अपने ग्राहकों को घर पर यूज के लिए चार्जिंग केबल और नॉन-टेस्ला DC फास्ट चार्जर के लिए CCS-से-NACS अडैप्टर दे रही है।

टेललाइट डिजाइन
bZ वुडलैंड और bZ SUV का प्लेटफॉर्म और फ्रंट-एंड स्टाइलिंग एक जैसा है। इसमें टोयोटा की LED हैमरहेड डे-टाइम रनिंग लाइट्स हैं, जो इसे एक खास लुक देती हैं। यह गाड़ी अपने पिछले मॉडल से 5.6 इंच लंबी है। साथ ही इसमें सीधा D-पिलर, पूरी चौड़ाई वाली टेललाइट डिजाइन और ज्यादा मस्कुलर रियर बंपर है। ये बदलाव इसे ईवी मार्केट में मौजूद दूसरी गाड़ियों से अलग बनाते हैं।

डिजिटल गेज क्लस्टर
इलेक्ट्रिक वीइकल होने के बावजूद, bZ वुडलैंड 8.3 इंच के ग्राउंड क्लीयरेंस के साथ ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर आसानी से चल सकती है। इसके इलेक्ट्रिक मोटर चढ़ाई के लिए जरूरी टॉर्क देते हैं, जबकि X-मोड सिस्टम ढलान पर उतरते समय ट्रैक्शन और स्पीड कंट्रोल को मैनेज करता है। केबिन स्टैंडर्ड bZ जैसा है। इसके आसान नेविगेशन के लिए 14 इंच का टचस्क्रीन और डिजिटल गेज क्लस्टर दिया गया है। कार में ऑफर किए जा रहे अडिशनल फीचर्स में ड्यूल वायरलेस चार्जिंग पैड, हीटेड फ्रंट सीट, हीटेड स्टीयरिंग वील, पैनोरमिक सनरूफ और जेबीएल का 9-स्पीकर सिस्टम शामिल है।

Stock Market: सेंसेक्स 283 अंक चढ़कर 83734 पर, निफ्टी 25800 के पार बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत चढ़कर 83,734.25 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 93.95 अंक या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (18 फरवरी) को बढ़त में बंद हुए। मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। जेपी मॉर्गन के सकारात्मक रुख के चलते SAIL, टाटा स्टील, JSW और जिंदल स्टील के शेयरों में बढ़त देखी गई।

हालांकि, आईटी शेयरों में लगातार जारी बिकवाली ने बढ़त को सीमित कर दिया। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में तेजी ने भी बाजार को ऊपर की तरफ खींचा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 83,553 पर खुला। कारोबार के दौरान इंडेक्स में उतार-चढ़ाव हावी रहा। लेकिन अंत में 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त लेकर 83,734.25 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,752 पर खुला और खुलने के कुछ देर में 25,700 के नीचे फिसल गया। कारोबार के दौरान ज्यादातर समय यह सपाट रहा। लेकिन अंत में 93.95 अंक या 0.37 फीसदी की वृद्धि लेकर 25,819 पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा बढ़ने वालों में रहे। इनमें 2.8 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, इटरनल, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और टीसीएस सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। ये 1.6 प्रतिशत तक नीचे कारोबार करते दिखे।

बाजार के बाकी हिस्सों की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 में 0.5 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इस बीच, बाजार में उतार-चढ़ाव को दिखाने वाला डर सूचकांक इंडिया वीआईएक्स बुधवार को बाजार बंद होने तक 3.5 प्रतिशत गिर गया।

सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.33 प्रतिशत चढ़ा, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.3 प्रतिशत बढ़ा और निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 1.2 प्रतिशत ऊपर रहा। वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.23 प्रतिशत फिसल गया।