Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 193

Edible Oil Import: खाद्य तेलों का आयात फरवरी में 12.90 लाख टन होने का अनुमान

मुम्बई। भारत में जनवरी के मुकाबले फरवरी में खाद्य तेलों का आयात 1.5 प्रतिशत गिरकर 12.90 लाख टन रह गया। यद्यपि इस अवधि में पाम तेल एवं सोयाबीन तेल का आयात बढ़ा लेकिन सूरजमुखी तेल के आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई।

विश्लेषक फर्म के अनुसार जनवरी की तुलना में फरवरी के दौरान पाम तेल का आयात 11 प्रतिशत बढ़कर 8.48 लाख टन तथा सोयाबीन तेल का आयात 7 प्रतिशत सुधरकर 2.99 लाख टन पर पहुंचा जबकि सूरजमुखी तेल का आयात 45 प्रतिशत घटकर 1.45 लाख टन पर अटक गया। फरवरी 2026 के दौरान भारत में रूस से 54,300 टन, यूक्रेन से 42 हजार टन तथा अर्जेंटीना से 15 हजार टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ जबकि शेष आयात कुछ अन्य देशो से किया गया।

नवम्बर 2025 से फरवरी 2026 के चार महीनो के दौरान भारत में सुरजमुखी तेल का आयात 21 प्रतिशत घटकर 9,11,200 टन पर अटक गया जबकि इसी अवधि में खाद्य तेलों का कुल आयात 6 प्रतिशत की वृद्धि को साथ 52 लाख टन पर पहुंच गया। 2024-25 के सीजन में 47.30 लाख टन सूरजमुखी तेल का निर्यात हुआ था।

चीन को गच्चा देकर बीच रास्ते से भारत की ओर मुड़े तेल टैंकर, जानिए क्यों

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान के बीच जंग और तेज हो चुकी है। नतीजतन कतर के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर रास लफ्फान और ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले हुए हैं। मिडिल ईस्ट में जल्द ही तेल और गैस के ठिकानों पर और ज्यादा हमले होने वाले हैं।

ऐसे में भारत समेत एशिया में तेल और गैस की आपूर्ति और बड़े संकट में फंसने वाली है। भारत ने एहतियातन बड़ा कदम उठा लिया है। वह अमेरिका से मिली छूट का जमकर फायदा उठाते हुए तेजी से रूसी तेल जमा कर रहा है।

इस बीच खबर यह आई है कि रूस के कम से कम सात जहाजी तेल टैंकरों ने अचानक अपना रास्ता बदल लिया है। ये जहाजी टैंकर बीच रास्ते ही चीन के बजाय भारत की ओर मुड़ गए। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान-अमेरिका युद्ध से पहुंच रही बाधा के बीच नई दिल्ली ने नए सिरे से अपनी एनर्जी सप्लाई को सुरक्षित करने के लिए पहल की है।

रिपोर्ट के अनुसार, शिप ट्रैकिंग फर्म वोरटेक्सा लिमिटेड रास्ता बदलने वाले इन पोतों की निगरानी कर रही है। ये तब आ रहे हैं, जब पिछले दिनों ही अमेरिका ने समुद्र में खड़े जहाजी टैंकरों में भरे रूसी तेल को खरीदने की मोहलत दी थी।

ये भारत की कूटनीतिक और रणनीतिक जीत का नतीजा है, जो जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट से होकर तेल और गैस की आपूर्ति हो पा रही है। साथ ही रूसी तेल की आपूर्ति में भी तेजी आ गई है। इसके पीछे की बड़ी वजहों को समझते हैं।

शनिवार को पहुंच जाएगा एक्वा टाइटन
रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन से रास्ता बदलकर भारत आने वाले तेल टैंकरों में से एक एक्वा टाइटन भारत के न्यू मंगलूरू पोर्ट पर 21 मार्च यानी शनिवार तक पहुंचने वाला है। यह टैंकर जनवरी के आखिर में रूस के पास बाल्टिक सागर में लोड किया गया था। जहां से वह चीन के लिए चला। पहले इसे चीन के बंदरगाह रिझाओ पर उतरना था। मगर, अमेरिका से छूट मिलने के कुछ दिन बाद ही इसने मार्च के मध्य में यू-टर्न ले लिया और भारत की ओर चल पड़ा।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में ब्लूमबर्ग के हवाले से कहा गया है कि एक और टैंकर स्वेजमैक्स जॉजू एन भी गुजरात के जामनगर स्थित सिक्का बंदरगाह पर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह जहाजी तेल टैंकर 25 मार्च को पहुंच सकता है। इसने भी शुरुआती मार्च में ही चीन जाने के बजाय भारत की ओर रुख कर लिया था।

ईरान ने होर्मुज ब्लॉक कर रखा है
भारत के लिए इन सातों तेल टैंकरों का भारत आना राहत की बात है, क्योंकि ईरान ने दुनिया की 20 फीसदी ऑयल और गैस सप्लाई के संकरे रूट होर्मुज स्ट्रेट को तकरीबन ब्लॉक कर रखा है। इसी रूट से भारत का भी करीब 50 फीसदी तेल गुजरता है।

क्रिप्टो निवेशकों के ₹12 लाख करोड़ डूबे, बिटकॉइन 70 लाख रुपये के नीचे फिसला

नई दिल्ली। गुरुवार का दिन क्रिप्टोकरेंसी बाजार के लिए काफी बुरा रहा। कॉइनमार्केटकैप के अनुसार गुरुवार दोपहर 1 बजे क्रिप्टो का ग्लोबल मार्केट कैप 2.40 ट्रिलियन डॉलर था। पिछले 24 घंटे में इसमें 5% से ज्यादा गिरावट आई है।

इस गिरावट के कारण इस मार्केट कैप 0.13 ट्रिलियन डॉलर (करीब 12 लाख करोड़ रुपये) कम हो गया है। वहीं दूसरी ओर बिटकॉइन समेत कई क्रिप्टोकरेंसी भी बुरी तरह लुढ़क गई हैं।

दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में 24 घंटे में बड़ी गिरावट आई है। कल के मुकाबले यह 5 फीसदी से ज्यादा लुढ़ककर 70 हजार डॉलर (65.32 लाख रुपये) से नीचे आ गया है।

दोपहर 1 बजे एक बिटकॉइन 5.21% की गिरावट के साथ 69,960 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। कुछ दिनों पहले इसकी कीमत में तेजी आई थी और यह 75 हजार डॉलर के पार निकल गई थी।

बाकी क्रिप्टो की क्या स्थिति?

  • दुनिया की दूसरी सबसे महंगी क्रिप्टो इथेरियम 24 घंटे में 6 फीसदी से ज्यादा गिर गई है। इस गिरावट के साथ यह 2162 पर कारोबार कर रही है।
  • रिपल में भी 24 घंटे में करीब 4 फीसदी की गिरावट आई है। यह क्रिप्टो दोपहर 1 बजे करीब 1.46 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।
  • बाइनेंस क्रिप्टो 4 फीसदी से ज्यादा लुढ़क चुकी है। यह करीब 644 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।
  • सोलाना भी करीब 5 फीसदी फिसल गई है। इस गिरावट के साथ यह क्रिप्टो 90 डॉलर से नीचे आ गई है।
  • इनके अलावा डॉगकॉइन, कार्डानो, एवलांच और शिबा इनु क्रिप्टो में भी 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

पाई नेटवर्क ने मारी छलांग
इस गिरते बाजार में पाई नेटवर्क कॉइन ने छलांग मारी है। पिछले 24 घंटे में एक तरफ जहां बड़ी-बड़ी क्रिप्टो धाराशाई हो गईं, तो वहीं पाई नेटवर्क में तेजी आई। यह क्रिप्टो 2 फीसदी से ज्यादा उछल गई है। इस तेजी के साथ यह 0.1766 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। इसके अलावा क्वांट क्रिप्टो में भी 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई।

फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में नहीं किया बदलाव, 2026 में एक कटौती का संकेत

वाशिंगटन। US Federal Reserve ने बुधवार को ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। रिजर्व ने दो दिवसीय नीति बैठक के अंत में अपनी प्रमुख नीति दर को 3.5–3.75% पर स्थिर रखा। साथ ही यह अनुमान लगाया कि महंगाई बढ़ी हुई रह सकती है जबकि बेरोजगारी स्थिर रहेगी।

केंद्रीय बैंक ने इस साल केवल एक बार ब्याज दरों में कटौती का भी संकेत दिया है। अधिकारियों ने अमेरिका और इज़राइल के ईरान के साथ चल रहे युद्ध से जुड़े आर्थिक जोखिमों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक के नए अनुमान के अनुसार, साल के अंत तक मुख्य ब्याज दर में केवल 0.25 प्रतिशत की कमी हो सकती है। हालांकि, यह कमी कब होगी, इसके बारे में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया गया। यह अनुमान पहले जैसा ही है और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ज्यादा बड़ी दर कटौती की मांग से अलग है।

फैसले के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट थोड़ी कम हुई। एस एंड पी 500 करीब 0.6 प्रतिशत नीचे रहा और नैस्डैक कंपोजिट करीब 0.5 प्रतिशत नीचे रहा। अमेरिकी मुद्रा की बढ़त भी थोड़ी कम हुई। डॉलर इंडेक्स लगभग 0.27 प्रतिशत ऊपर रहा। वहीं 10 साल की सरकारी बांड की दर लगभग 4.214 प्रतिशत तक पहुंची।

महंगाई अनुमान में इजाफा
महंगाई, जिसे फेड अपने खास तरीके से मापता है, साल के अंत तक लगभग 2.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह पहले के 2.4 प्रतिशत के अनुमान से ज्यादा है। इसकी एक वजह ईरान पर हमले शुरू होने के बाद दुनिया भर में तेल की कीमतों में आई तेजी भी मानी जा रही है।

फेड ने कहा कि मिडिल ईस्ट की घटनाओं का अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर क्या असर होगा, यह अभी साफ नहीं है। साथ ही यह भी बताया गया कि बेरोजगारी फिलहाल स्थिर बनी हुई है। बैठक के बाद प्रेस कॉनफेरेन्स में फेड प्रमुख जेरोम पॉवेल ने कहा कि युद्ध की वजह से भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि अभी के समय में ऊर्जा की कीमतें बढ़ने से महंगाई बढ़ेगी, लेकिन इसका असर कितना होगा और कितने समय तक रहेगा, यह अभी कहना मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे आने वाले आंकड़ों, बदलती स्थिति और जोखिमों को देखकर ही ब्याज दरों में बदलाव का फैसला किया जाएगा।

नए अनुमान बताते हैं कि फिलहाल फेड तेल की कीमतों में आई तेजी को ज्यादा अहम नहीं मान रहा है और इस साल दरों में कमी की उम्मीद बनाए हुए है। साथ ही यह भी अनुमान है कि 2027 के अंत तक महंगाई करीब 2.2 प्रतिशत तक आ सकती है, जो केंद्रीय बैंक के 2 प्रतिशत लक्ष्य के करीब है।

सेंसेक्स 1953 अंक लुढ़क कर 74751 पर खुला, निवेशकों के 8 लाख करोड़ स्वाहा

नई दिल्ली। Stock Market Opened 19 March, 2026: शेयर मार्केट में गरुवार को हाहाकार मच गया। सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए हैं। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1953 अंकों की गिरावट के साथ 74751 पर खुला। जबकि, निफ्टी 589 अंकों का गोता लगाकर 23198 पर खुला।

सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स 1581.95 अंकों की गिरावट के साथ 75,122.18 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 करीब 465 अंकों की गिरावट के साथ 23,312.35 पर था। मार्केट में गिरावट के कारण बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 8 लाख करोड़ रुपये घटकर 431.10 लाख करोड़ रुपये रह गया।

इससे पहले इस हफ्ते शेयर मार्केट में तेजी बनी हुई थी। बुधवार को सेंसेक्स 567.99 अंक मजबूत होकर 76,704.13 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 50 में भी तेजी आई थी। यह 196.65 अंक की छलांग लगाकर 23,777.80 के स्तर पर बंद हुआ था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियन मार्केट
    अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति और अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद वॉल स्ट्रीट पर रातोंरात गिरावट के बाद एशियाई बाजारों में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 2.47% गिर गया, जबकि टॉपिक्स 1.82% गिर गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.56% गिर गया और कोस्डैक 1.73% गिर गया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 23,251 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 525 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए गिरावट के साथ शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को तेजी से नीचे बंद हो गया, जब फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखा। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.63% टूटकर 46,225 और एसएंडपी 500 1.36% गिरकर 6,624 पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.46% गिरकर 22,152.42 पर बंद हुआ।
  • US फेडरल रिजर्व पॉलिसी
    US फेडरल रिजर्व ने बेंचमार्क ब्याज दरों को लगातार दूसरी बार 3.5% से 3.75% की रेंज में अपरिवर्तित छोड़ दिया। फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल के नेतृत्व वाले एफओएमसी ने इस साल उच्च मुद्रास्फीति, स्थिर बेरोजगारी और उधार लेने की लागत में एकल कमी का अनुमान लगाया।

राजपूत क्षत्राणियों के गणगौर महोत्सव में चेतना शक्तावत बनी गणगौर क्वीन

कोटा। दादाबाड़ी रोड स्थित एक निजी होटल में राजपूत क्षत्राणियों द्वारा गणगौर महोत्सव का आयोजन उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष तरुणा सोलंकी छपावदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करिश्मा हाड़ा (राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान) उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में मिस राजस्थान 2022 ज्योति पुष्पेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी ओमेंद्र सिंह शेखावत एवं डॉ. रीना राणावत शामिल रहीं।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही “मिस गणगौर” प्रतियोगिता, जिसमें चेतना शक्तावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गणगौर क्वीन का ताज अपने नाम किया, जबकि दिव्या सिसोदिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का चयन रैम्प वॉक, सोलह श्रृंगार, मेहंदी रचनी, व्यक्तित्व और सांस्कृतिक ज्ञान जैसे मानकों के आधार पर किया गया।

करिश्मा हाड़ा ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। वहीं तरुणा सोलंकी ने गणगौर को आस्था, परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

ज्योति पुष्पेंद्र सिंह ने “गणगौर केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह त्योहार हमें अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ता है तथा महिलाओं के सम्मान और उनकी गरिमा को भी दर्शाता है।”

क्षणत्रियों ने प्रतियोगिताओं दिखाया उत्साह
अन्य प्रतियोगिताओं में रिया सौलंकी ने सोलो डांस, अशनिका हाड़ा ने बेस्ट पर्सनालिटी और शिखा शर्मा ने बेस्ट मेकअप का खिताब जीता। पूर्णिमा हाड़ा की तलवारबाजी प्रस्तुति ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में बेस्ट घूमर डांस, बेस्ट पर्सनालिटी, बेस्ट ग्रुप, बेस्ट मेहंदी, बेस्ट लॉन्ग हेयर, बेस्ट मेकअप और बेस्ट राजपूती ड्रेस जैसी विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन को मिली रफ्तार, 130Kmph स्पीड ट्रायल सफल

यह कोटा, झालावाड़, राजगढ़, सीहोर और भोपाल सहित 5 जिलों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी

कोटा। राजस्थान और मध्यप्रदेश को सीधे रेल संपर्क से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित रामगंज मंडी–भोपाल नई रेल लाइन परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है।

रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य परिमंडल गुरु प्रकाश द्वारा कोटा मंडल के अंतर्गत आने वाले खिलचीपुर–राजगढ़ सिटी (17.8 किमी) खंड का विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण किया गया। इस दौरान 130 किमी प्रतिघंटा की अधिकतम गति से सफल स्पीड ट्रायल भी सम्पन्न हुआ, जो इस खंड पर यात्री सेवा शुरू होने की दिशा में एक निर्णायक प्रगति है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 276 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना में रामगंज मंडी से ब्यावरा तक लगभग 165 किलोमीटर का भाग कोटा मंडल के अंतर्गत आता है।

मंडल द्वारा निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाते हुए रामगंज मंडी से खिलचीपुर तक ट्रैक बिछाने सहित अधिकांश अवसंरचना कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इससे पूर्व फरवरी 2025 में नयागाँवपुरा कुमार–खिलचीपुर तथा जुलाई 2025 में जरखेड़ा–शामपुर खंड का सफल सीआरएस निरीक्षण सम्पन्न हो चुका है। वर्तमान निरीक्षण इस परियोजना को यात्री सेवा के और करीब ले जाने वाला अहम पड़ाव सिद्ध हुआ है।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने ट्रैक की गुणवत्ता, स्थिरता एवं सीधी-रेखीयता की सूक्ष्म जाँच की। इसके साथ ही पुलों, लेवल क्रॉसिंग, अंडरपास, सिग्नलिंग एवं दूरसंचार प्रणालियों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। खिलचीपुर एवं राजगढ़ सिटी स्टेशन यार्ड का विधिवत निरीक्षण करते हुए मोटर ट्रॉली द्वारा ट्रैक का विस्तृत परीक्षण भी किया गया।

यह नई रेल लाइन कोटा, झालावाड़, राजगढ़, सीहोर और भोपाल सहित पाँच जिलों को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। वर्तमान में भोपाल–कोटा के बीच रेल यात्रा नागदा–उज्जैन अथवा बीना मार्ग से होती है, जिससे दूरी और समय दोनों अधिक लगते हैं। नई लाइन के प्रारंभ होने पर दूरी में लगभग 100 किलोमीटर की कमी आएगी और यात्रा समय में 2 से 3 घंटे की बचत होगी। साथ ही झालावाड़ स्थित कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट तक कोयला परिवहन मार्ग भी लगभग 42 किलोमीटर छोटा हो जाएगा, जिससे माल ढुलाई लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।

इस परियोजना के पूर्ण होने से हाड़ौती क्षेत्र के कोटा, झालावाड़ एवं रामगंज मंडी के यात्रियों को भोपाल एवं मालवा क्षेत्र के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। रामगंज मंडी, झालरापाटन, असनावर, अकलेरा, घाटोली, भोजपुर एवं खिलचीपुर जैसे स्टेशनों से गुजरने वाली यह लाइन ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी, जिससे रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा एवं व्यापार के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा।

निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त मध्य परिमंडल गुरु प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाशमी, मंडल रेल प्रबंधक कोटा अनिल कालरा, मुख्य परियोजना प्रबंधक पंकज सोइन, उप मुख्य अभियंता गौरव मिश्रा सहित वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरओ), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य), उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी प्रजापत, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी), वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल अभियंता (दक्षिण) एवं मुख्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

होली मिलन समारोह में उभरा व्यापारियों का दर्द, कमर्शियल LPG नहीं मिलने से धंधा ठप

कोटा। शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति का होली मिलन समारोह भीतरिया कुंड पर सम्पन हुआ। शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं महासचिव हर्मेन्द्र सिंह ने बताया समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे। विशिष्ठ अतिथि समिति के संरक्षक धीसासिंह चौहान एवं कैलाश शर्मा थे।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि अमेरिका इजरायल ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से पूरे विश्व में पेट्रोल- डीजल एवं एलपीजी गैस की भारी किल्लत महसूस की जा रही है। वर्तमान में व्यावसायिक सिलेंडर की उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिसकी वजह से शहर मे करीब 10 हजार से भी ज्यादा ढाबे वाले, हॉस्टल, मैस, होटल, रेस्टोरेंट, कचौड़ी, नमकीन, हलवाई कैटरिंग आदि का व्यवसाय चलाने वालों के सामने विकट समस्या खड़ी हो गई है।

कोटा व्यापार महासंघ निरंतर जिला कलेक्टर एवं जिला रसद अधिकारी से संपर्क बनाए हुए हैं। शीघ्र ही समस्या का हल निकल जाएगा। माहेश्वरी ने शिवपुरा हनुमान नगर व्यापार समिति अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए सदैव कार्य कर रही है। समिति के पदाधिकारी व्यापारियों के हितों के लिए कार्य करते आ रहे हैं। इन कार्यों के लिए उन्होंने वर्तमान कार्यकारणी की सराहना की।

इस अवसर पर शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं सचिव हेमेंद्र सिंह ने बताया कि उनका क्षेत्र बाहरी कोटा में आता है। यहां काफी मात्रा में बाहरी लोगों का आवागमन होने पर यहां पर छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे, चायपान, कचौड़ी, नमकीन की दुकानें हैं, लेकिन पिछले 10 दिनों से व्यावसायिक सिलेंडरों की अनुपलब्धता से इन सभी दुकानदारों के सामने अपना व्यवसाय बंद करने की स्थिति बन गई है।

उन्होंने व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है. क्योंकि बाजार में डीजल भट्टी एवं इलेक्ट्रिक भट्टी का स्टॉक लगभग खत्म सा हो गया है। इस अवसर पर आयोजित होली मिलन समारोह में 200 से व्यापारियों के साथ कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह एवं समस्त शिवपुरा हनुमान नगर के व्यापारियों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी ।

अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन परिवार ने मनाया वैश्य एकता दिवस

कोटा। अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन परिवार जिला कोटा द्वारा वैश्य एकता दिवस मनाया गया। जिला अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं मंत्री सन्दीप अग्रवाल ने बताया कि अंतराष्ट्रीय वैश्य महा सम्मेलन के संस्थापक बाबूजी स्वर्गीय रामदास अग्रवाल की जन्म तिथि को वैश्य समाज वैश्य एकता दिवस के रूप में मनाता है, जिसमें स्वर्गीय रामदास अग्रवाल को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि वैश्य समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, संस्था को आगे बढ़ाते हुए नए सदस्य बनाए जाएंगे। संस्था के कई पदाधिकारियो ने विभिन्न गौ-शालाओ पर जाकर गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाया गया।

इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष गोवर्धन खंडेलवाल, संभागीय महिला विंग अध्यक्ष कुंती मूंदड़ा, महिला जिला अध्यक्ष ममता गुप्ता, महामंत्री संगीता जैन, युवा अध्यक्ष मनोज जैन टोंग्या, डॉक्टर तेजस गोयल एवं अजय गुप्ता आदि मौजूद थे।

ईसर-गणगौर की सवारी 21 को, पारंपरिक परिधानों में सजेगी गणगौर महारानी

अभा अग्रवाल संगठन और श्री जीण माता परिवार के तत्वावधान में होगा आयोजन

​कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन जिला कोटा एवं श्री जीण माता परिवार संस्थान, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च को ईसर-गणगौर की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी।

संगठन के अध्यक्ष राजेश मित्तल ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत पूर्व कार्यक्रमों से हो चुकी है। महिलाएं श्रद्धापूर्वक जलेरी भरकर लाईं। जिसके बाद सनातन धर्म मंदिर में गणगौर जी की स्थापना की गई है।

महामंत्री रीना मित्तल के नेतृत्व में घर-घर जाकर ईसर-गणगौर को बिंदौरा दिया जा रहा है। जहां पारंपरिक गीतों और स्वल्पाहार के साथ उत्सव मनाया जा रहा है। सनातन धर्म राम मंदिर (दादाबाड़ी) पर महिलाओं के लिए विशेष मेहंदी और हल्दी का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

वहीं 21 मार्च को सामूहिक गणगौर उद्यापन होगा। इससे पूर्व, उद्यापन करने वाली महिलाओं द्वारा एसी वाले गणेश मंदिर पर लगभग 350 महिलाओं को सुहाग सामग्री और सप्रेम भोजन करवाया जाएगा।

जीण माता परिवार के जितेंद्र गोयल ने बताया कि शोभायात्रा दिनांक 21 मार्च को सायं 3:30 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर (शास्त्री नगर, दादाबाड़ी) से गाजे-बाजे के साथ शुरू होगी।

बग्घियों में ईसर-गणगौर और शिव-पार्वती के स्वरूप की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिन्हें विशेष रूप से बस्सी से मंगवाकर श्रृंगारित किया गया है। शोभायात्रा में कच्छी घोड़ी नृत्य, गैर नृत्य करती महिलाएं और बैंड-बाजे की स्वर लहरियां कार्यक्रम को भव्य बनाएंगी। शोभायात्रा में सर्वसमाज की महिलाएं शामिल होकर धर्म लाभ ले सकेंगी।

उन्होंने बताया कि ​शोभायात्रा में शामिल महिलाओं में से ‘गणगौर महारानी’, ‘गणगौर क्वीन’ और ‘बनी-ठनी गणगौर’ का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, पहली बार पारंपरिक राजस्थानी/भारतीय लिबास में शामिल होने वाले पुरुषों को भी चयन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। शोभायात्रा में शामिल सभी गौरणियों को विशेष उपहार भेंट किए जाएंगे।