Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 184

नेक्स्ट जेनरेशन होंडा सिटी की जल्द होगी भारत में एंट्री, जानिए स्पेसिफिकेशन

नई दिल्ली। Honda City Next Generation: होंडा सिटी के फेसलिफ्ट का सभी को लंबे समय से इंतजार है। इस वक्त मार्केट में 5th जेनरेशन होंडा सिटी मौजूद है और कंपनी इसे सेकेंड फेसलिफ्ट देने की तैयारी कर रही है।

फेसलिफ्ट के लॉन्च की टाइमलाइन के बारे में कंपनी की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है। इसी बीच इसके अपडेटेड वर्जन के स्पाई शॉट्स सामने आए हैं। ये स्पाई शॉट्स लॉन्च से पहले ब्राजील में क्लिक किए गए हैं।

इनमें फेसलिफ्टेड होंडा सिटी के रियर लुक को देखा जा सकता है। हालांकि, सेडान पूरी तरह से कैमौफ्लाज्ड है, लेकिन इसके बावजूद भी इसके लुक के बारे में काफी कुछ पता चल रहा है। इन स्पाई शॉट्स को autossegredos ने शेयर किए हैं। आइए जानते हैं डीटेल।

बम्पर
इन फोटो को Kaio Giovanelli को कैप्चर किया है। इसमें कार का पिछला हिस्सा दिख रहा है। बम्पर पहले से ज्यादा शार्प और स्पोर्टी लग रहा है। इसके अलावा कार में नए हेडलाइट्स और ग्रिल लगाए जाने की बात कही जा रही है। उम्मीद है कि इन्हें ऐसे डिजाइन किया गया है, जिससे कार का ओवरऑल डिजाइन नई सिविक जैसे ग्लोबल मॉडल्स की बराबरी में आ जाए। स्पाई फोटोज को देखकर कहा जा सकता है कि कार के रियर में एलईडी टेल लैंप और टेलगेट हैं जो मौजूदा मॉडल से मिलते-जुलते हैं।

इंटीरियर
रिपोर्ट्स के मुताबिक कार के इंटीरियर केवल अपहोल्स्ट्री को अपग्रेड किया गया है। हालांकि, माना जा रहा है कि कंपनी इसमें 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी ऑफर कर रही है। यह एक फेसलिफ्ट है और इसलिए कार के ओवरऑल डाइमेंशन में बदलाव होने की संभावना कम है। केबिन का स्पेस और कंफर्ट भी मौजूदा मॉडल्स के मुकाबले लगभग वैसा ही रहेगा।

खास बात यह है कि हाइब्रिड सिटी (सिटी ई:एचईवी) को भी जल्द ही एक फेसलिफ्ट दिया जाएगा। होंडा अपने मिड-साइज्ड वीइकल्स के लिए एक नया अफोर्डेबल हाइब्रिड सिस्टम डिवेलप कर रहा है। इसका यूज सिटी और एलिवेट की अपकमिंग जेनरेशन्स में किया जाएगा। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फेसलिफ्ट में इस टेक्नोलॉजी का यूज होगा या नहीं।

नेक्स्ट जेनरेशन होंडा सिटी
रिपोर्ट्स के अनुसार होंडा सिटी का नेक्स्ट जेनरेशन साल 2028 में आएगा। सिटी के नेक्स्ट जेनरेशन में डिजाइन में बड़े बदलाव होंगे और इसका केबिन पूरी तरह से नया और टेक्नोलॉजी से लैस होगा। इससे भी जरूरी बात यह है कि यह नए PF2 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होने की उम्मीद है। यह प्लेटफॉर्म काफी हद तक लोकली मैन्युफैक्चर्ड होगा। यह ज्यादा कॉस्ट इफेक्टिव भी होगा और इसका इंजन मौजूदा मॉडल के मुकाबले कम कॉम्प्लेक्स यानी जटिल और अधिक किफायती होगा।

50MP सेल्फी कैमरे व AI फीचर्स वाले Lava के इस फोन पर 14000 रुपये तक की छूट

नई दिल्ली। भारतीय स्मार्टफोन कंपनी Lava ने अपने यूजर्स के लिए एक शानदार ऑफर पेश किया है, जिसका नाम Agni Upgrade Days रखा गया है। इस ऑफर के तहत कंपनी अपने Agni सीरीज के स्मार्टफोन्स पर जबरदस्त एक्सचेंज डील दे रही है, जिससे यूजर्स अपने पुराने फोन को बदलकर नया 5G फोन काफी कम कीमत में खरीद सकते हैं।

आज के समय में स्मार्टफोन तेजी से अपडेट हो रहे हैं और हर कोई चाहता है कि उसके पास लेटेस्ट फीचर्स वाला फोन हो। ऐसे में Lava का यह ऑफर यूजर्स के लिए एक बेहतरीन मौका बनकर सामने आया है, जिसमें 14,000 रुपए तक का एक्सचेंज वैल्यू मिल रहा है।इस ऑफर के तहत Lava Agni 4 को सिर्फ 10,999 रुपए की शुरुआती कीमत में खरीदा जा सकता है।

Lava Agni 4 पर ऑफर
Lava Agni 4 को लिमिटेड टाइम ऑफर के तहत 10,999 रुपए में ख़रीदा का जा सकता है। इस ऑफर के तहत यूजर्स अपने पुराने स्मार्टफोन को एक्सचेंज करके नए Agni फोन पर 14,000 रुपए तक का फायदा ले सकते हैं। बता दें कि Lava Agni 4 के 8 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज वैरिएंट को 24999 रुपये में लॉन्च किया गया है।

यह ऑफर खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो अपने पुराने फोन से अपग्रेड करना चाहते हैं, लेकिन ज्यादा खर्च नहीं करना चाहते। यह ऑफर Amazon पर लाइव है और यूजर्स इसे ऑनलाइन खरीद सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह ऑफर सिर्फ 30 मार्च तक ही वैलिड है, यानी यूजर्स के पास इसका फायदा उठाने के लिए सीमित समय है। इसलिए अगर आप नया फोन लेने का सोच रहे हैं, तो यह सही मौका हो सकता है।

फीचर्स एवं स्पेसिफिकेशन

  • Lava Agni 4 को प्रीमियम लुक देने के लिए इसमें मेटल फ्रेम और मैट AG-ग्लास बैक दिया गया है। फोन में 6.67 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट है। इसकी वजह से स्क्रीन तेज धूप में भी साफ दिखाई देती है। साथ ही, IP64 रेटिंग होने के कारण यह धूल और हल्के पानी के छींटों से भी सुरक्षित रहता है।
  • परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में MediaTek Dimensity 8350 (4nm) प्रोसेसर दिया गया है, जो तेज और स्मूद एक्सपीरियंस देने के लिए जाना जाता है। इसके साथ 8GB LPDDR5X RAM और 256GB UFS 4.0 स्टोरेज मिलता है।
  • Lava Agni 4 कैमरा के मामले में भी काफी दमदार है। इसके रियर में 50MP का प्राइमरी कैमरा OIS के साथ और 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस दिया गया है। वहीं, सेल्फी के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है।
  • फोन में 5000mAh की बैटरी दी गई है, जो पूरे दिन आराम से चल सकती है। इसके साथ 66W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। फोन Android 15 पर चलता है और 3 साल तक OS अपडेट और 4 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का भरोसा भी मिलता है।
  • इस फोन की सबसे खास बात इसका Vayu AI फीचर है, जो एक स्मार्ट AI असिस्टेंट की तरह काम करता है। यह होम स्क्रीन पर मौजूद रहता है और वॉयस व विजुअल इंटेलिजेंस, कॉल समरी, टेक्स्ट हेल्प, Circle to Search और 100 से ज्यादा शॉर्टकट फीचर्स देता है।

डोनाल्ड ट्रंप ने दिया ईरान के साथ शांति का संदेश, शेयर मार्केट में कल होगी बल्‍ले-बल्‍ले

नई दिल्‍ली। Us-Iran War: अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने ईरान के साथ शांति का संदेश दिया है। उन्‍होंने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म पर बताया कि ईरान के साथ उनकी बहुत अच्‍छी और सार्थक बातचीत हुई है।

इसके चलते ईरान के एनर्जी इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर पर अमेरिका के सभी हमलों को पांच दिनों के लिए रोकने का फैसला लिया गया है। ट्रंप के इस ऐलान के साथ ही गिफ्ट निफ्टी में बंपर उछाल आया।

यह करीब 5.15 बजे 836 अंक यानी 3.72 फीसदी उछलकर 23301 पर पहुंच गया। यह खबर भारतीय शेयर बाजारों के बंद होने के बाद आई। उम्‍मीद है कि इसकी प्रतिक्रिया कल सुबह बाजार खुलते ही मिलेगी।

इसके पहले स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स ने 1,837 अंक का गोता लगाया। जबकि एनएसई निफ्टी 602 अंक लुढ़क गया। पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त होने के कोई संकेत नहीं होने के साथ वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख से घरेलू बाजार में गिरावट रही।

इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को चौंकाने वाली खबर दी। उन्‍होंने कहा कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच समाधान के संबंध में बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इसके चलते उन्होंने ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर अमेरिका के सभी हमलों को पांच दिनों के लिए रोकने का फैसला किया है।

ग‍िफ्ट न‍िफ्टी में आया तेज उछाल
इसके तुरंत बाद गिफ्ट निफ्टी उछल गया। कच्‍चे तेल की कीमतों में भी भारी गिरावट आई। ये दोनों ही बड़े सकारात्‍मक संकेत हैं। मंगलवार को शेयर बाजार इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

अब तक युद्ध के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर पूंजी निकासी और रुपये की विनिमय दर में गिरावट ने शेयर बाजारों को काफी नुकसान पहुंचाया है।

नकली किन्नरों का गैंग पकड़ा, बददुआ के डर से हर महीने लाखों की वसूली

जयपुर। एक संगठित और सुनियोजित तरीके से काम कर रहे नकली किन्नरों के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म YouTube को अपना “ट्रेनिंग सेंटर” बना रखा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह न सिर्फ आम लोगों को डराकर वसूली करता था, बल्कि असली किन्नरों की पहचान और परंपराओं का भी दुरुपयोग कर रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने YouTube पर वीडियो देखकर किन्नरों की बोलचाल, हाव-भाव, आशीर्वाद देने की शैली और यहां तक कि बद्दुआ देने का तरीका भी सीखा। साड़ी-ब्लाउज, मेकअप, नकली बाल और शरीर की बनावट तक को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह “रोल” तैयार किया जाता था।

जांच में सामने आया है कि सैकड़ों वीडियो देखकर यह गिरोह खुद को असली किन्नरों जैसा पेश करने में माहिर हो गया था। यह गिरोह खासतौर पर उन वाहनों को निशाना बनाता था, जिनमें परिवार, महिलाएं या बच्चे मौजूद होते थे।

जयपुर-अजमेर हाईवे और शहर के प्रमुख रेड लाइट सिग्नलों पर सक्रिय यह गिरोह गाड़ी रुकते ही पहुंच जाता था और “बहुआ” या बद्दुआ देने के नाम पर पैसे मांगता था।

नवविवाहित जोड़ों और नई गाड़ियों को विशेष रूप से टारगेट किया जाता था। हाथों में मेहंदी या शादी के संकेत दिखते ही रकम की मांग कई गुना बढ़ा दी जाती थी।

अगर कोई व्यक्ति पैसे देने से मना करता, तो गिरोह के सदस्य गाली-गलौज पर उतर आते थे। कई मामलों में गाड़ियों के शीशे पीटना, सड़क पर बैठ जाना और कपड़े उठाकर अभद्र हरकतें करना भी उनकी रणनीति का हिस्सा था। पुलिस के अनुसार, यह सब सुनियोजित तरीके से किया जाता था ताकि पीड़ित डरकर तुरंत पैसे दे दे।

गिरोह के हर सदस्य के लिए रोजाना लगभग 5 हजार रुपये की वसूली का टारगेट तय था। इस हिसाब से यह गिरोह हर महीने लाखों रुपये की अवैध कमाई कर रहा था। वसूली का बड़ा हिस्सा नशे और ऐशो-आराम में खर्च किया जाता था, जबकि कुछ हिस्सा गिरोह के सरगना को “गुरु दक्षिणा” के रूप में दिया जाता था।

असली किन्नर की भूमिका भी आई सामने
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने एक असली किन्नर को अपना सरगना बना रखा था। महिला किन्नर माही सैनी गिरोह को असली किन्नरों के रहन-सहन और तौर-तरीकों की ट्रेनिंग देती थी। इसके बदले में उसे वसूली का हिस्सा दिया जाता था। यह खुलासा पुलिस के लिए भी चौंकाने वाला रहा, क्योंकि इससे गिरोह की कार्यप्रणाली और ज्यादा संगठित नजर आती है।

9 आरोपी गिरफ्तार
वैशाली नगर एसीपी अनिल शर्मा के अनुसार, 16 मार्च को करणी विहार थाना पुलिस ने इस गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें माही सैनी सहित कई आरोपी शामिल हैं, जो अलग-अलग नामों से काम करते थे। पुलिस कार्रवाई के बाद जयपुर-अजमेर हाईवे पर सक्रिय अन्य नकली किन्नर गिरोह भी फिलहाल अंडरग्राउंड हो गए हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 1836 अंक टूटकर बंद, निवेशकों के 13 लाख करोड़ रुपये डूबे

ट्रंप के 48 घंटे के अल्टीमेटम से सहमा बाजार, निफ्टी 22512 अंक पर बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed March 23, 2026 : वैश्विक बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (23 मार्च) को बड़ी गिरावट में बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512 बंद हुआ।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ईरान को अल्टीमेटल के बाद दुनियाभर के बाजारों में गिरावट आई। इसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा। ट्रम्प ने शनिवार देर रात चेतावनी दी कि अगर ईरान 48 घंटे के अंदर हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य (समुद्री रास्ता) पूरी तरह से नहीं खोलता, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट पर हमला करेगा। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बड़ी गिरावट का भी बाजार पर नेगेटिव असर पड़ा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बड़ी गिरावट लेकर 73,732 पर खुला। खुलते ही इंडेक्स में बिकवाली और बढ़ गई। कारोबार के दौरान यह 72,558 अंक तक गिर गया था। अंत में 1836.57 अंक या 2.46 फीसदी की गिरावट लेकर 72,696.39 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 22,824 पर खुला और खुलते ही 22700 के नीचे फिसल गया। इंट्रा-डे ट्रेड में यह 22,471.25 लो तक गया। अंत में 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512 पर बंद हुआ।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन सबसे ज्यादा 7 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। ट्रेंट लिमिटेड, अल्ट्रा सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा गिरे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा हरे निशान में रहे।

ब्रोडर मार्केटस का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्स से भी कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 3.69 प्रतिशत और 4.16 प्रतिशत गिर गए। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी कंस्ट्रक्शन ड्यूरेबल में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और यह सबसे अधिक नुकसान में रहने वाला इंडेक्स रहा। निफ्टी रियल्टी और निफ्टी मेटल सेक्टर का प्रदर्शन भी खराब रहा। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी आईटी सेक्टर ने सबसे कम नुकसान के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।

निवेशकों के ₹13 लाख करोड़ डूबे
निवेशकों की संपत्ति में करीब 13 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों का असर बाजार पर पड़ा। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,15,03,541 करोड़ रुपये रह गया। यह शुक्रवार को बाजार बंद होने पर 428.78 लाख करोड़ रुपये था।

शायनी काबरा मिसेज़ गणगौर व शिवांशी मिस गणगौर चुनी

केट वीमेन विंग की रंगीलो राजस्थान थीम पर मिस व मिसेज़ गणगौर प्रतियोगिता

कोटा। गणगौर पर्व के अवसर पर केट वीमेन विंग जिला कोटा के तत्वावधान में रंगीलो राजस्थान थीम पर मिस व मिसेज़ गणगौर प्रतियोगिता का आयोजन श्रीनाथपुरम स्थित एक प्राइवेट स्कूल के ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर शहर की सैकड़ों महिलाओं, युवतियों एवं बालिकाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राजस्थानी संस्कृति, परंपरा, वेशभूषा, लोकनृत्य और व्यक्तित्व कला की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कोटा यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. बीपी सारस्वत द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। केट वीमेन विंग जिला कोटा की अध्यक्ष नीलम विजय ने इस अवसर पर कहा कि गणगौर पर्व राजस्थान की नारी आस्था, श्रद्धा और सौभाग्य का प्रतीक है। इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से “रंगीलो राजस्थान” थीम पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सचिव भाविका प्रीत रामानी एवं कार्यकारी अध्यक्ष ऋचा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन मेघना शर्मा, शुभि गुप्ता एवं अंकिता खंडेलवाल द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। निर्णायक मंडल में पीताम्बरा राजे, कविता बाफना एवं वंशिका बजाज ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में पारंपरिक परिधान राउंड, प्रतिभा प्रदर्शन, लोकनृत्य, प्रश्नोत्तर एवं व्यक्तित्व प्रदर्शन जैसे विभिन्न चरण आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, सौंदर्य, संस्कृति और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति जितनी प्राचीन है उतनी ही प्रेरणादायक भी है। आज के दौर में जब युवा वर्ग तेजी सेआधुनिकता की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

विधायक कल्पना देवी ने कहा कि गणगौर पर्व केवल त्योहार नहीं बल्कि नारी शक्ति, श्रद्धा और संस्कारों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की परंपराओं को जीवित रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।

उन्होंने विजेताओं व उपविजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि हर प्रतिभागी विजेता है। क्योंकि उसने मंच पर आकर अपनी पहचान बनाई है। कलेक्टर पीयूष सामरिया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज की आत्मा होते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, सकारात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

कोटा यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. बीपी सारस्वत ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना ही नहीं बल्कि संस्कार देना भी है। युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

निर्णायक मंडल द्वारा बाइसा (5–10 वर्ष) ध्वनि लड्डा, रनर-अप वर्मिका खंडेलवाल,बाइसा (11–16 वर्ष) अनन्या सुवालका, द्वितीय अंशिका विजय, ग्रुप डांस में विजेता श्रीनाथपुरम शिवबाड़ी मंदिर ग्रुप, रनर-अप आदिशक्ति हाड़ौती, सोलो डांस विजेता दिया सक्सेना, रनर-अप संयुक्त उप विजेता अंकिता व निमिषा जोशी, मिसेज़ एवरग्रीन गणगौर विजेता डॉ. ममता शर्मा, रनर-अप सीमा मेहता, केट गणगौर विजेता मीनाक्षी गुप्ता, रनर-अप दीप्ति चित्तौड़ा, मिस गणगौर विजेता शिवांशी, रनर-अप राज नंदानी, मिसेज गणगौर विजेता शायनी काबरा, उपविजेता रचना राठौर रही।

साथ ही विशिष्ट भूमिका में रामगंजमंडी से मंजू सोनी, सोनाक्षी विजयवर्गीय, विजयलक्ष्मी शर्मा व सरोज गुप्ता सहित अन्य प्रतिभागी रहे।कार्यक्रम की सफलता में नीलम विजय, कॉ-ऑर्डिनेटर हाड़ौती संभाग सुमन गोयल, सचिव भाविका प्रीत रामानी समेत केट वीमेन विंग की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

भारत तेल और गैस संकट से कैसे बचेगा, पीएम मोदी ने दिया बताया

नई दिल्ली। करीब एक करोड़ भारतीय खाड़ी देशों में रहते हैं और वहां काम करते हैं। वहां समंदर में चलने वाले जहाजों में भी बड़ी संख्या में क्रू मेंबर भारतीय ही हैं। इसलिए यह जरूरी है कि भारत की संसद से एकजुट आवाज दुनिया में जाए।

इस जंग के शुरू होने के बाद से ही प्रभावित देशों में भारतीयों को जरूरी मदद दी जा रही है। मैंने खुद पश्चिम एशिया के सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों से दो राउंड फोन पर बात की है। सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का भरोसा दिया है। दुर्भाग्य से इस दौरान कुछ भारतीयों की मृत्य हुई है और कुछ घायल हुए हैं।

प्रभावित देशों में हमारे मिशन भारतीयों को मदद कर रहे हैं। वहां गए पर्यटक हों या फिर काम करने वाले लोग, सभी को हेल्प की जा रही है। हमारे दूतावासों की ओर से लगातार एडवाइजरी जारी हो रही है और हेल्प लाइन भी स्थापित हैं।

देश-विदेश में भारतीयों की सुरक्षा हमारे लिए प्राथमिकता रही है। युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 3 लाख 75 हजार भारतीय वापस लौट चुके हैं। ईरान समेत कई देशों में सीबीएसई के स्कूल चलते हैं। वहां सुरक्षा के लिहाज से परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।

भारत में बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, गैस और फर्टिलाइजर होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से आते हैं। इस जंग के बाद से ही जहाजों का आना-जाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बाद भी हमारी सरकार का यह प्रयास रहा है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की सप्लाई ज्यादा प्रभावित ना हो।

हम सभी जानते हैं कि देश अपनी जरूरत की 60 फीसदी एलपीजी आयात करता है। इसकी सप्लाई में अनिश्चितता के कारण सरकार ने घरेलू उपयोग को प्राथमिकता दी है। इसके अलावा देश में ही इसके उत्पादन को बढ़ाया जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सुचारू रूप से होती रहे।

इसके लिए भी काम किया जा रहा है। बीते एक दशक में एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर उठाए गए कदम और भी प्रासंगिक हो गए हैं। अपने अपने ऊर्जा आयात को डाइवर्सिफाई किया है। पहले 27 देशों से हम आयात करते थे। अब एनर्जी इंपोर्ट हमारा 41 देशों से हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पास 53 लाख मीट्रिक तेल रिजर्व है। हम 65 लाख तक इसे पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। कंपनियों के पास जो रिजर्व होता है, वह अलग है। हम अलग-अलग देशों के साथ भी संपर्क में है, जहां से सप्लाई ली जाए।

हमारी प्राथमिकता यही है कि जहां से भी संभव हो, वहां से सप्लाई आती रहे। भारत की सरकार खाड़ी और उसके आसपास के रास्तों पर नजर बनाए हुए है। हमारी पूरी कोशिश है कि भारत आने वाले सभी जहाज सुरक्षित रूप से यहां पहुंचें।

देश की एक और तैयारी इस समय काम आ रही है। बीते 10 से 11 सालों में एथेनॉल की ब्लेंडिंग पर खूब काम हुआ है। आज पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग हो रही है। इससे हमें प्रति वर्ष करीब 4 करोड़ बैरल तेल हर साल कम इंपोर्ट हो रहा है।

इससे बड़ा फायदा हो रहा है। फिर रेलवे के विद्युतीकरण ने भी हमें फायदा पहुंचाया है। हमने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर बल दिया है। केंद्र सरकार ने राज्यों को 15 हजार बसें दी हैं। जिस स्केल पर हम वैकल्पिक ईंधन पर काम कर रहे हैं, उससे भारत का भविष्य और मजबूत होगा।

भारतीय नौसेना होर्मुज से निकाल लाई दो और LPG जहाज, जानिए कैसे

नई दिल्ली। LPG यानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस संकट के मोर्चे पर भारत को बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। खबर है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दो और भारतीय जहाज निकल रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। इससे पहले शिवालिक और नंदा जहाज भारत LPG लेकर आए थे। वहीं, हाल ही में एक अमेरिकी जहाज भी मंगलरु बंदरगाह पहुंचा है।

रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जग वसंत और पाइन गैस जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकल गए हैं। सोमवार को सुबह स्ट्रेट से निकले ये जहाज फिलहाल अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हैं और किसी भी समय भारत पहुंच सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, IRGC यानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से मंजूरी के बाद ये जहाज भारत की ओर रवाना हुए हैं।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इस मंजूरी को हासिल करने में भारतीय नौसेना ने बड़ी भूमिका निभाई है। नौसेना ने ईरानी अधिकारी से बातचीत कर दोनों जहाजों को रवाना कराया। कहा जा रहा है कि IRGC में फैसले लिए जाने में काफी देर हो रही है और ईरान के सीनियर लीडर अली लारिजानी की मौत के बाद प्रक्रिया और प्रभावित हुई है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारतीय कंपनियों को माल की ढुलाई में देरी से लेकर जरूरी कच्चे माल की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने रविवार को कहा कि वैश्विक व्यापार पर निर्भर कई क्षेत्रों में दबाव बढ़ रहा है। सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने बयान में कहा कि इस संघर्ष के कारण समुद्री रास्तों में रुकावट आ रही है और सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है, जिसका असर अब कंपनियों पर दिखने लगा है।

भारतीय पोत पर अमेरिकी और रूसी जहाज पहुंचे
रविवार को न्यू मंगलौर बंदरगाह पर अमेरिका से LPG लेकर जहाज पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि ‘पिक्सिस पायनियर’ नामक यह जहाज 14 फरवरी को टेक्सास के ‘पोर्ट ऑफ नीदरलैंड’ से रवाना हुआ था और इसमें 16,714 टन LPG लाई गई है, जिसे एजिस लॉजिस्टिक्स को उतारा जाएगा। खास बात है कि यह जहाज एक दिन के भीतर बंदरगाह पहुंचने वाले रूसी जहाज ‘एक्वा टाइटन’ के बाद आया है।

सोना ऑल टाइम हाई से 40980 रुपये सस्ता, चांदी 1.84 लाख रुपये टूटी

नई दिल्ली। Gold Silver Price Crash:सर्राफा बाजार में सोमवार (23 मार्च, 2026 ) को बड़ी गिरावट देखने को मिली, जहां सोना और चांदी दोनों अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे आ गए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोना करीब ₹1,35,141 प्रति 10 ग्राम पर खुला, जो पिछले बंद भाव से लगभग ₹12,000 से ज्यादा सस्ता है।

वहीं, चांदी भी भारी गिरावट के साथ ₹2,01,500 प्रति किलो के स्तर पर आ गई। इस गिरावट के बाद सर्राफा बाजारों में सोना अपने ऑल टाइम हाई ₹1,76,121 से करीब ₹40,980 सस्ता हो चुका है, जबकि चांदी अपने उच्चतम स्तर से ₹1,84,433 तक टूट चुकी है।

अगर वायदा बाजार की बात करें तो MCX पर सिर्फ 50-55 दिनों में ही कीमती धातुओं में भारी गिरावट आई है। सोना लगभग 25% तक गिर चुका है। चांदी में तो करीब 50% की गिरावट दर्ज हुई है। चांदी, जिसने पहले एमसीएक्स 4,20,000 रुपये का ऑल टाइम हाई छुआ था, अब यहां करीब 2,06,000 रुपये के आसपास कारोबार कर रही है।

क्यों टूट रहे हैं सोना-चांदी
केडिया कमोडिटीज के प्रेसीडेंट अजय केडिया के अनुसार, इस गिरावट के पीछे कई बड़े कारण हैं। सबसे बड़ा कारण है वैश्विक बाजार में “Risk-off sentiment”, जहां निवेशक तेजी से अपनी पोजिशन काट रहे हैं। इक्विटी बाजार में गिरावट है। निवेशक क्रिप्टो और रियल एस्टेट में बिकवाली कर रहे है। ETF से पैसा का निकलना जारी है। इन सभी ने मिलकर सोना-चांदी पर दबाव बढ़ाया है।

सेफ हेवन भी नहीं बचा
ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के बावजूद इस बार सोने ने पारंपरिक “सेफ हेवन” जैसा प्रदर्शन नहीं किया। इसके पीछे वजह है कि तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ी है, जिससे ब्याज दरें ऊंची रहने की संभावना बढ़ गई है।

ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की आम सभा 26 अप्रैल को, सदस्यता का नवीनीकरण 1 से

कोटा। ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की कार्यकारिणी एवं संरक्षक मंडल की बैठक रविवार को अध्यक्ष सुनील माथुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें आगामी ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब की वार्षिक आम सभा 26 अप्रैल रविवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष सुनील माथुर एवं महामंत्री अनिल भारद्वाज ने बताया कि आम सभा दोपहर 11:00 बजे महर्षि दाधीच छात्रावास समिति नाग नागिन मंदिर के पास आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आमसभा के बाद 1.30 बजे सहभोज होगा। बैठक में आगामी में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक वार्षिक सदस्यता का नवीनीकरण किए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही तय किया गया की 15 अप्रैल तक जिन सदस्यों का नवीनीकरण शुल्क जमा होगा वो ही सदस्य रहेंगे। 26 अप्रैल को वार्षिक आमसभा के दौरान सभी सदस्यों को परिचय पत्र भी वहीं पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा, कोषाध्यक्ष बद्री प्रसाद गौतम, संयुक्त सचिव चंद्र प्रकाश शर्मा, मनीष गौतम, संजय वर्मा, संरक्षक श्याम रोहिड़ा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।