5 जुलाई को तलवंडी दिगंबर जैन मंदिर सभागार में होगा आयोजन
कोटा। सकल दिगंबर जैन समाज, कोटा के तत्वावधान में परिवारों में सांस्कृतिक मूल्यों, पारिवारिक संवाद और भारतीय संस्कारों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ का आयोजन 5 जुलाई को तलवंडी दिगंबर जैन मंदिर सभागार में किया जाएगा। संयोजक अनिल जैन ठोरा ने बताया कि कार्यशाला गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के पावन सानिध्य में आयोजित होगी।
आयोजन का पंजीयन प्रपत्र बुधवार को नई धानमंडी दिगंबर जैन मंदिर में माताजी के समक्ष विधिवत विमोचित किया गया। इस अवसर पर गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जहां संस्कार होंगे, वहीं सशक्त परिवार का निर्माण होगा और जहां धर्म होगा, वहीं जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का स्थायी वास रहेगा।
समाज अध्यक्ष प्रकाश बज ने बताया कि कार्यशाला में 12 वर्ष से अधिक आयु के अविवाहित युवक-युवतियों तथा उनके माता-पिता की सहभागिता रहेगी। इसमें प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर अनेकांत जैन एवं डॉ. नील प्रभा जैन आधुनिक जीवन की चुनौतियों के बीच भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और प्राचीन संस्कारों को वर्तमान परिवेश में प्रभावी ढंग से स्थापित करने के व्यावहारिक सूत्र साझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन प्रातः 7:30 बजे प्रारंभ होकर सायं 4:00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जे.के. जैन को मुख्य संयोजक तथा नरेश वेद, अनिल ठौरा, राजकुमार लुहाड़िया एवं पारस सोगानी को संयोजक नियुक्त किया गया है। आयोजन की समस्त व्यवस्थाएं दिगंबर जैन समाज, तलवंडी द्वारा की जा रही हैं।
समाज अध्यक्ष प्रकाश बज ने बताया कि गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी 3 जुलाई को प्रातः विज्ञान नगर दिगंबर जैन मंदिर से विहार कर तलवंडी दिगंबर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश करेंगी। उनके सानिध्य में आयोजित यह कार्यशाला समाज के युवाओं और अभिभावकों के लिए संस्कार, संवाद और सुदृढ़ पारिवारिक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।

