कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में विजय श्री रंगमंच पर रविवार को कला, प्रेरणा और मनोरंजन से भरे विविध सांस्कृतिक व बौद्धिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बताया कि रविवार शाम की शुरुआत एक बेहद ही खास मोटिवेशनल सेशन के साथ होगी, जो आमजन को जीवन में आगे बढ़ने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर रविवार शाम 5:30 बजे मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर और लाइफ कोच गुरु सोनू शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे अपने ओजस्वी विचारों से युवाओं और मेला प्रेमियों को जीवन प्रबंधन, सकारात्मक दृष्टिकोण और सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक सूत्र देंगे।
लेजर शो का आयोजन : प्रेरणादायक सत्र के पश्चात, तीसरे दिन भी शाम 7 बजे एक शानदार लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। रोशनी और अत्याधुनिक तकनीक का यह अनूठा संगम दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। लेजर शो के माध्यम से मेले के भव्य स्वरूप और सांस्कृतिक धरोहर का प्रदर्शन किया जाएगा, जो सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कराओके सिंगिंग प्रोग्राम: इस दौरान रात्रि 9 बजे रंगमंच पर स्थानीय प्रतिभाओं का कराओके सिंगिंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर की उभरती और स्थानीय कलात्मक प्रतिभाएं अपने गायन का जादू बिखेरेंगी। यह मंच स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और दर्शकों को सुरीले संगीत का आनंद लेने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।

