शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के दो दिन में 11 लाख करोड़ डूबे

0
157

मुंबई। हफ्ते का आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान मुम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 874 अंक फिसल कर 59,330.90 पर बंद हुआ। दो कारोबारी दिन में सेंसेक्स 1500 अंक से ज्यादा लुढ़क गया। इन दो दिनों में निवेशकों के 11 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।

50 शेयरों का निफ्टी इंडेक्स 287 अंकों की गिरावट के साथ 17,604 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी में 1286 अंकों की गिरावट के साथ 40361 अंकों के लेवल पर क्लोजिंग हुई। बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान निवेशकों के करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए। सेंसेक्स में पिछले दोनों दिनों के कारोबारी सेशन में 1648 अंकों की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के असर से अदाणी ग्रुप में शेयरों में गिरावट का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। इससे दलाल स्ट्रीट में तनाव का माहौल बन गया। दूसरी ओर भारत के केंद्रीय बजट और यूएस फेड मीटिंग के परिणामों के पहले हफ्ते में इंडिया VIX बढ़कर 18% पर पहुंच गया। माना जा रहा है कि शुक्रवार के दिन बाजार में निवेशकों को करीब 6.6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 269.9 लाख करोड़ पर पहुंच गया है।

बाजार में गिरावट की सबसे ज्यादा मार बैंकिंग सेक्टर के शेयरों को झेलनी पड़ी। निफ्टी बैंक में करीब 3.1 प्रतिशत तक कमजोर हो गया। यह 1300 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। पीएसयू बैंक के शेयर जो पिछले कई महीनों में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे 7% तक लुढ़क गए।

निवेशकों को यह चिंता सताने लगी है कि अदाणी समूह के बारे में हुए खुलासे बैंकिंग सेक्टर के शेयरों पर क्या असर पड़ेगा? वैश्विक बाजारों में तेजी के विपरीत भारतीय बाजार में शुक्रवार को जमकर बिकवाली की गई। वैश्विक बाजार जिनमें वॉल स्ट्रीट और एशियाई बाजार शामिल हैं इस दौरान नौ महीनों के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।

अदाणी समूह के सभी दस शेयर फिसले
हिंडनबर्ग की ओर से जारी रिपोर्ट का समूह के शेयरों पर प्रतिकूल असर पड़ा। समूह के सभी दस शेयर शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। फोर्ब्स के रियलटाइम इंडेक्स के अनुसार समूह के मुखिया गौतम अदाणी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में चौथे स्थान से फिसलकर सातवें नंबर पर आ गए हैं। शुक्रवार को अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 18.5% गिरावट दर्ज की गई और यह 2762.15 रुपये के लेवल पर बंद हुआ। इसके अलावा अदाणी टोटल गैस के शेयरों में 20% तक की गिरावट दर्ज की गई। अदाणी पावर के शेयर 5%, अदाणी विल्मार के शेयर 5% और एनडीटीवी के शेयर 4.99% की गिरावट दर्ज के साथ लोअर सर्किट लगाकर बंद हुए।