सेंसेक्स 600 अंक उछल कर 56,429 पर, मार्केट कैप 255.62 लाख करोड़ रुपए बढ़ा

273

मुंबई। शेयर बाजार की मंगलवार को जोरदार वापसी हुई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 600 अंक उछल कर 56,429 पर पहुंच गया है। पहले ही मिनट में निवेशकों की संपत्ति 3.05 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है। कल लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 252.57 लाख करोड़ रुपए था जो आज 255.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

सेंसेक्स सुबह 480 पॉइंट्स की तेजी के साथ 56,320 पर खुला था। दिन में इसने 56,540 का ऊपरी स्तर और 56,197 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से सभी शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। कारोबार के दौरान एक ऐसा समय भी आया जब सेंसेक्स 830 अंक तक उछल गया।

बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में टाइटन, HCL टेक, ICICI बैंक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और लार्सन एंड टूब्रो 2-2% से ज्यादा बढ़े हैं। एयरटेल,TCS, इंफोसिस, HDFC बैंक, रिलायंस, SBI और सन फार्मा 1-2% के बीच बढ़कर कारोबार कर रहे हैँ।

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 210 पॉइंट्स की तेजी के साथ 16,831 पर कारोबार कर रहा है। इसने दिन में 16,825 का ऊपरी स्तर बनाया और 16,722 का निचला स्तर बनाया। इसका निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स, मिड कैप इंडेक्स, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स 1.50% से ज्यादा बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके 50 शेयर्स में से केवल 2 शेयर गिरावट में हैं। 48 बढ़त में हैं।

ICICI बैंक, टाइटन और HCL टेक में तेजी
बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में ICICI बैंक, टाइटन, HCL टेक, UPL और टाटा स्टील 2.30-2.30% से ज्यादा बढ़े हैं। इससे पहले कल दुनिया में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रान से बिगड़ती स्थिति और वैश्विक बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला था। सेंसेक्स 1,189.73 (2.09%) गिरकर 55,822.01 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 371.00 (2.18%) की गिरावट के साथ 16,614.20 पर आ गया। हालांकि दिन में इसमें 1700 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई थी। बंद होते समय थोड़ा सुधार के साथ यह बंद हुआ।