कोटा। सुरों की विरासत, सदाबहार गीतों और हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम संगीत की यादों के साथ कोटा में 20 दिसंबर को संगीतमय शाम सजेगी। सृजन द स्पार्क-कोटा की ओर से ‘ए लेजेंडरी वॉइस नितिन मुकेश लाइव इन कॉन्सर्ट’ का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष विजय सरदाना एवं सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रख्यात पार्श्व गायक नितिन मुकेश अपनी सुरीली आवाज में सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देंगे। संगीत प्रेमियों को इस संध्या में हिंदी फिल्म संगीत के सुनहरे दौर की यादें ताजा करने का अवसर मिलेगा।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना, सचिव संजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा,उपाध्यक्ष अनिमेष जैन सांस्कृतिक अध्यक्ष राजकुमार जैन, अनिश बिरला, कुलदीप माथुर, संदीप जैन, उमेश गोयल, विवेक जैन, कपिल सिद्धार्थ, चंद्रशेखर शर्मा सहित कई लोग पोस्टर विमोचन में उपस्थित रहे।
उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि रविवार 20 दिसंबर 2026 को कोरल पार्क स्थित सुपथ ऑडिटोरियम में होने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘रिदम ऑफ लाइफ’ रखी गई है। सांस्कृतिक चैयरमेन राजकुमार जैन ने बताया कि नितिन मुकेश हिंदी फिल्म संगीत के उन चर्चित गायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी विशिष्ट आवाज से श्रोताओं के बीच अलग पहचान बनाई है।
वे महान पार्श्व गायक मुकेश के पुत्र हैं और उन्होंने अपने पिता की संगीत विरासत को आगे बढ़ाते हुए स्वयं की गायन शैली विकसित की। वर्ष 1970 के दशक के उत्तरार्ध में पार्श्व गायन की शुरुआत करने वाले नितिन मुकेश ने ‘जिंदगी की न टूटे लड़ी’ ‘आजा रे मेरे दिलबर आजा’ ‘सो गया ये जहां’ और ‘माई नेम इज लखन’ जैसे लोकप्रिय गीतों से व्यापक पहचान हासिल की।
उन्होंने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, आरडी बर्मन, खय्याम और बप्पी लाहिड़ी जैसे संगीतकारों के साथ भी काम किया। फिल्मी गीतों के साथ भजनों और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए भी उनकी पहचान रही है।

