श्रावणी तीज मेले में सांस्कृतिक संध्या और लजीज व्यंजनों का शहरवासी उठा रहे लुत्फ

0
1

कोटा। श्रावणी तीज मेला (Shravani Teej Fair) आयोजन समिति के तत्वावधान में हाट रोड पर आयोजित 11 दिवसीय भव्य श्रावणी तीज मेला अपनी पूरी ऊंचाई पर है। 15 अगस्त से शुरू हुए इस मेले में शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

मेले में हर तरफ चहल-पहल बनी हुई है और मनोरंजन के साधनों से लेकर खरीदारी और खाने-पीने की स्टॉलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
​मेला अध्यक्ष बसंत भरावा एवं संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि मेले में उमड़ रही इस अपार भीड़ को देखकर स्थानीय दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।

मेले में लगे विशाल झूलों पर बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। इसके साथ ही खान-पान के शौकीन लोग चाट-पकौड़ी की दुकानों का जमकर आनंद ले रहे हैं।

गोभी के पकौड़े, दाल की पकौड़ी, गुलाब जामुन, पानी पतासे, सॉफ्टी और फास्ट फूड की स्टॉलों पर खासी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन समिति द्वारा मेले में आगंतुकों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, रोशनी और सुलभ शौचालय के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि मेले के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘एक शाम देश के नाम’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि निवर्तमान पार्षद आशा चतुर्वेदी रहीं। संगीत वाटिका ग्रुप के निदेशक सत्यनारायण गोस्वामी की टीम द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की जोशीली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

एंकर नरेश कारा के कुशल संचालन में अवनिका शर्मा, डॉ. कुलदीप सिंह राणा, राकेश कुमार सक्सेना, अजय शर्मा, शालिनी कुमावत, दीपा रानी और ममता महावर जैसे कलाकारों ने अपनी गायकी से सभी में देशभक्ति का जज्बा जगा दिया।

11 दिवसीय इस मेले का विधिवत समापन 25 अगस्त को होगा। वहीं, मंच पर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन 23 अगस्त को एक भव्य सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा। समापन अवसर पर मेले को सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने वाले दुकानदारों और अपनी कला से समां बांधने वाले कलाकारों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।