शेखावत, पूनिया और राठौड़ रच रहे गहलोत सरकार गिराने की साजिश

127

प्रभारी मंत्री मीणा ने लगाए भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा।
राजस्थान में कोटा में प्रभारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर कर गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

मीणा ने शुक्रवार को कोटा में अपने प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और राजस्थान विधानसभा में भाजपा विधायक दल के उप नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ मिलकर साजिश के तहत राज्य के अशोक गहलोत सरकार को गिराने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के इन तीनों वरिष्ठ नेताओं को दलाल तक करार दिया। मीणा ने आरोप लगाए कि वे राज्य सरकार को अस्थिर करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। उनकी यह कोशिश कांग्रेस के आंतरिक मामलों में दखल है। जब कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के अंदरूनी मामलों में कोई दखल नहीं करती तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को भी कोई अधिकार नहीं है कि वह कांग्रेस के भीतरी मामलों में कोई दखलंदाजी करें।

यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस के किस नेता के साथ मिलकर यह तीनों अशोक गहलोत सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं, मीणा ने कहा कि इसका जवाब तो यह तीनों भारतीय जनता पार्टी के नेता ही बेहतर दे सकते हैं। वही बताएंगे कि उनकी किनके साथ मिलीभगत है? ह

रियाणा के मानेसर में करीब दो साल पहले हुई कांग्रेस के विधायकों की बाड़ाबंदी के बारे में उनके बयान के संबंध में पूछे जाने पर श्री मीणा ने कहा कि वह गुजरे जमाने की बात हो चुकी है। अब तो बात भारत जोड़ो यात्रा पर करनी है।

पूरे राजस्थान में कांग्रेस एक है, कोई विवाद नहीं है। हम सभी एकजुट होकर राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का अपूर्व स्वागत करेंगे। सभी इसी की तैयारियों में जुटे हुए हैं और राजस्थान में यह यात्रा पूरी तरह से सफल होगी।