नई दिल्ली। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार में तेजी आई है। इस दौरान देश की ग्रोथ रेट 7.7 फीसदी रही, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष (2024-25) में यह 7.1 फीसदी दर्ज की गई थी।
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 की आखिरी तिमाही यानी जनवरी से मार्च के बीच देश की GDP 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी है।
मंत्रालय के मुताबिक, स्थिर कीमतों पर आधारित रियल GDP (Real GDP) वित्त वर्ष 2025-26 में 323.12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इससे पिछले वित्त वर्ष (2024-25) के पहले संशोधित अनुमान में यह 299.89 लाख करोड़ रुपये थी।
इसके अलावा, मौजूदा बाजार भाव पर आधारित नॉमिनल GDP के वित्त वर्ष 2025-26 में 346.36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है, जो 2024-25 में 318.07 लाख करोड़ रुपये थी। इस हिसाब से नॉमिनल GDP की ग्रोथ रेट 8.9 फीसदी रही है।

