लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 36 और निफ्टी 13 अंक नीचे

1120

मुंबई। बुधवार को भारतीय बाजार एक बार फिर गिरावट के साथ खुले। सेंसेक्स 36 अंक नीचे और निफ्टी 13 पॉइंट की गिरावट के साथ खुले। अभी सेंसेक्स 575.42 अंक नीचे 28,893.07 पर और निफ्टी 166.05 पॉइंट नीचे 8,431.70 पर कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को बाजारों में भारी बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स ने 1028.17 अंक या 3.62% ऊपर 29,468.49 पर और निफ्टी 316.65 पॉइंट या 3.82% ऊपर 8,597.75 पर कारोबार खत्म किया था।

अमेरिकी बाजारों में गिरावट रही
मंगलवार को अमेरिकी बाजार के साथ दुनियाभर के कई बाजारों में गिवारट देखने को मिली। डाउ जोंस 1.84 फीसदी की गिरावट के साथ 410.32 अंक नीचे 21,917.20 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 0.95 फीसदी गिरावट के साथ 74.05 अंक नीचे 7,700.10 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 1.60 फीसदी गिरावट के साथ 42.06 पॉइंट नीचे गिरकर 2,584.59 पर बंद हुए। हालांकि, फ्रांस के CAC 40 0.40 फीसदी बढ़त के साथ 4,396.12 अंको पर बंद हुआ। वहीं, चीन का शंघाई कम्पोजिट 19.74 अंको की तेजी के साथ 2,770.04 अंको पर बंद हुआ।

संयुक्त राष्ट्र ने कहा- ग्लोबल इकोनॉमी में मंदी आएगी
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने कहा है कि दुनिया की अर्थव्यवस्था को इस साल मंदी झेलनी पड़ेगी। क्योंकि, कोरोनावायरस की वजह से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। इससे विकासशील देशों को ज्यादा मुश्किलें होंगी। हालांकि, यूएन ने कहा है कि इससे भारत और चीन पर पर असर न पड़ने की उम्मीद है। संयुक्त राष्ट्र की ट्रेड रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया की दो तिहाई आबादी विकासशील देशों में रहती है। इन देशों को कोरोनावायरस के संकट की वजह से बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इनके लिए 187.50 लाख करोड़ रुपए के रेस्क्यू पैकेज की जरूरत है।