रेडक्रॉस कोटा ने जनजागृति अभियान शिविर में टीबी रोगियों को बांटी पोषण किट

0
8

कोटा। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के स्टेट एवं कोटा जिला चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला की प्रेरणा से भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोटा द्वारा शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, महावीर नगर तृतीय, कोटा में टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टी.बी. निक्षय योजना शिविर आयोजित किया गया।

इस दौरान टी.बी. रोगियों को पोषण किट वितरित की गईं, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। कार्यक्रम में टी.बी. क्लिनिक विभाग का सहयोग रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का रेड क्रॉस स्वयंसेवकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक तनाव एवं आपदा प्रबंधन पर दिए गए संदेश के अंतर्गत चलाए जा रहे व्यापक जनजागृति अभियान के तहत रेड क्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों ने आमजन को आपदा प्रबंधन, अफवाहों से बचाव और सामाजिक एकजुटता के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के स्टेट एवं कोटा जिला चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यू मेडिकल कॉलेज कोटा के प्राचार्य डॉ. निलेश जैन, डॉ. रितिका मित्तल, रेड क्रॉस सोसायटी कोटा के निदेशक महेंद्र कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण नैनानी, टी.बी. क्लिनिक विभाग से डॉ. एस.एन. मीना एवं उत्प्रेक्षा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महावीर नगर से चिकित्सक आशीष खंडेलवाल, विजय दिवाकर मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला ने शिविर में सभी अतिथियों, चिकित्साकर्मियों, रोगियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोटा जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और उनका प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और राहत पहुंचे।

भीषण गर्मी को देखते हुए रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा मानवीय सेवा के साथ-साथ जीव दया का संदेश देते हुए पेड़ों पर परिंडे भी बांधे गए, जो रेड क्रॉस के मूल सिद्धांत ‘हर जीव की सेवा’ को चरितार्थ करता है। इस कार्यक्रम ने रेड क्रॉस सोसायटी के सेवा, निष्पक्षता और मानवता के आदर्शों को पुनः स्थापित किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्वास्थ्य कर्मी एवं रेड क्रॉस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।