राहुल गांधी की यात्रा को लेकर महिलाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

257

-कृष्ण बलदेव हाडा-
सवाई माधोपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में आज आठवां दिन था। आज का दिन पूरी तरह से महिला यात्रियों को समर्पित किया गया था, जिसे देखते हुये महिलाओं में जबरदस्त जोश था। इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए लोगों में इतना उत्साह था कि, सभी वर्ग के हजारों लोगों ने इसमें भाग लिया।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह बूंदी जिले में अपने अंतिम पड़ाव बाबई गांव के पास से रामदेव मंदिर से प्रारंभ हुई जो बेलनगंज होते हुए खिजोरी गांव में पहुंची, जहां राहुल गांधी और अन्य प्रमुख लोगों ने एक किसान जय किशन मीणा के आवास पर नाश्ता किया। वहां से चलकर यह यात्रा सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश कर गई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी की आज की यात्रा को पूरी तरह से महिला शक्ति के लिए समर्पित किया गया था और यह बताया जा रहा था कि आज आमतौर पर महिलाएं ही इस यात्रा का हिस्सा बनेंगी। इसे देखते हुए सुबह करीब 6 बजे यात्रा के शुरू होने के साथ ही सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ गई। आज की यात्रा केवल महिला शक्ति की यात्रा नहीं रह गई, बल्कि समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल हुए।

भारत जोड़ो यात्रा के आज के बूंदी जिले के अंतिम छोर से सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश के दौरान जिन-जिन स्थानों से यह यात्रा गुजरी, वहां लोगों ने बड़े उत्साह से इसका स्वागत किया । यात्रा में शामिल महिलाओं को तालियां बजाते हुए और नृत्य करते हुए भी देखा गया। सुबह करीब 10:30 बजे बाद जब इस यात्रा ने बूंदी जिले से सवाई माधोपुर जिले के खंडार क्षेत्र में प्रवेश किया, उस समय कम से कम 10 हजार लोगों का विशाल समूह यात्रा के साथ जुड़ा हुआ था।

आज प्रारंभ से ही इस यात्रा के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव रही प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके पति राबर्ट वाड्रा, पुत्री मिराय सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह, डोटासरा, मंत्री जाहिदा खान, शकुंतला रावत, ममता भूपेश विधायक रामलाल जाट, इंदिरा मीणा, दिव्या मदेरणा, पूर्व विधायक हरीश मीणा, अशोक बैरवा, पूर्व केंद्रीय मंत्री नमो नारायण मीणा आदि चल रहे थे।

कोटा संभाग के बारां की जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया भी करीब डेढ़ हजार समर्थक महिलाओं के साथ आज की भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होने के लिए पहुंची। उर्मिला जैन से राहुल गांधी ने कुछ बातचीत भी की। टोंक जिला प्रमुख कली देवी भी यात्रा में शामिल हुई।

पूरी यात्रा के दौरान राहुल गांधी लोगों को अपने नजदीक बुलाकर उनसे बातचीत करते, उनके इलाकों के हालात के बारे में जानकारी लेते नजर आए। कई मौकों पर उन्होंने युवक-युवतियों, छात्रों को अपने पास बुलाया और उनसे बातचीत की।