राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता: 32 विश्वविद्यालयों की 212 महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम

0
7

कोटा। All India Inter-University Gatka Competition: भारतीय विश्वविद्यालय संघ एवं खेल और युवा मामले विभाग भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में कोटा विश्वविद्यालय में बुधवार को अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय गतका प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के निर्देशन में आयोजित इस प्रतिष्ठित स्पर्धा की मेजबानी इस वर्ष पहली बार कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। 22 से 26 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ सहित देशभर के 32 विश्वविद्यालयों की 212 महिला खिलाड़ियाँ तथा 30 कोच व मैनेजर भाग ले रहे हैं।

पंजाब के विश्वविद्यालयों का रहा दबदबा
आयोजन सचिव डा. विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन फुल स्ट्राइक फटी सोटी टीम इवेंट में गुरु काशी यूनिवर्सिटी, पंजाब ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि श्री गुरु ग्रंथ साहिब यूनिवर्सिटी को रजत पदक प्राप्त हुआ।

पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला एवं डॉ. प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी, जयपुर संयुक्त रूप से कांस्य पदक विजेता रहीं। हाफ स्ट्राइक सिंगल सोटी स्पर्धा में पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला ने स्वर्ण पदक जीता।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब यूनिवर्सिटी रजत तथा डॉ. प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी एवं देवगढ़ यूनिवर्सिटी, गोबिंदगढ़ संयुक्त रूप से कांस्य पदक पर रहीं। आयोजन सचिव डॉ. विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता गतका की चार प्रमुख श्रेणियों में आयोजित हो रही है, जिसका संचालन गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के 30 तकनीकी अधिकारियों एवं रेफरी के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है।

युवाओं को खेलों से जोड़ना आवश्यक
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित्त रंजन चौधरी ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेल अपरिहार्य हैं और प्रत्येक युवा को किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ना चाहिए। समारोह में वीर खालसा गतका दल, कोटा द्वारा पारंपरिक गतका का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों ने भरपूर सराहा। गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव बलजिंदर सिंह तूर ने कहा कि कोटा में इस स्तर की प्रतियोगिता का यह ऐतिहासिक प्रथम आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम का संचालन विजयलक्ष्मी जैन ने किया तथा डॉ. विजय सिंह ने आभार व्यक्त किया।

वीर खालसा गतका दल की आकर्षक प्रस्तुति
उद्घाटन समारोह के दौरान वीर खालसा गतका दल, कोटा द्वारा पारंपरिक गतका का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर सिख समाज के प्रतिनिधि तरुमीत सिंह बेदी एवं समाजसेवी हरमीत सिंह भी मौजूद रहे।

ये रहे मंचासीन
कार्यक्रम में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु प्रो. निमित्त रंजन चौधरी के साथ भारत माता कॉलेज के निदेशक डॉ. मजीद मलिक ‘कमांडो’, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल जोशी, समाजसेवी प्रेम जे. भाटिया, सर्वोदय कॉलेज के निदेशक ए.जी. मिर्जा, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर अध्ययन प्रो. घनश्याम शर्मा, प्रो. बी.एस. राठौड़ तथा कार्यवाहक कुलसचिव एवं वित्त नियंत्रक भगवान करमचंदानी मंचासीन रहे ।