नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। खरगे ने मंच से सीधे मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब तक मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जाएगा, तब तक लोकतंत्र नहीं बचेगा।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष उन्हें पद से हटाने की लड़ाई जारी रखेगा। उनके भाषण में वोट चोरी, चुनाव आयोग की भूमिका और विपक्ष को डराने की कोशिश जैसे मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे।
खरगे ने कहा कि रामलीला मैदान में हो रहा यह ऐतिहासिक आयोजन युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट के अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वर्गों के वोट छीनने की कोशिश की गई है। खरगे ने कहा, ‘जब तक ज्ञानेश कुमार नहीं जाएंगे, तब तक हम नहीं जाएंगे और लड़ते रहेंगे।’ उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को बचाने और छिपाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष उन्हें जवाबदेह बनाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन में केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी सीबीआई तो कभी ईडी के जरिए विपक्षी नेताओं और उनके साथियों को डराने की कोशिश करते हैं। खरगे ने मंच से चुनौती देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने साफ किया कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों पर विपक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं है। उनके मुताबिक, यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है।
महाराष्ट्र, बिहार और यूपी की सरकारों पर भी हमला
खरगे ने महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में जनता के जनादेश के बजाय चुनावी गड़बड़ियों के जरिए सत्ता हासिल की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारों को हटाना जरूरी है। इसी क्रम में उन्होंने अपना राजनीतिक संदेश दोहराते हुए कहा, ‘मोदी जाएंगे, तभी लोकतंत्र बचेगा। मोदी को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ।’ खरगे ने कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों के नेताओं से संघर्ष जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि मजबूती से लड़ाई लड़ने पर ही बदलाव संभव होगा।
विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली के लिए INDIA गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मिंटो रोड से मार्च करते हुए पहुंचे। मंच पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। रैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का विरोध रहा। विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।

