नई दिल्ली।अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने दौलत के मामले में टिकटॉक के फाउंडर झांग यि-मिंग और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को काफी पीछे छोड़ दिया है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी के पास दौलत 120 बिलियन डॉलर हो गई है। दुनिया के अरबपतियों की रैंकिंग में अडानी 17वें स्थान पर हैं। वहीं, चीन में टिकटॉक के झांग यि-मिंग के पास 92.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति है और उनकी रैंकिंग 21वीं है। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की दौलत 85.8 बिलियन डॉलर है। मुकेश अंबानी की रैंकिंग 23वीं है।
इस तरह, एशिया के टॉप 3 अरबपतियों की सूची में गौतम अडानी पहले, यि-मिंग दूसरे और मुकेश अंबानी तीसरे स्थान पर हैं। बता दें कि तीन दिन पहले ही टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस लिमिटेड की वैल्यूएशन बढ़ने और चीनी कंपनी के AI लक्ष्यों में और प्रगति होने के बाद झांग यि-मिंग ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था और वह अब एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
अडानी के शेयरों में उछाल
अडानी की दौलत में बढ़ोतरी की वजह अडानी समूह के शेयरों में उछाल है। दरअसल, शुक्रवार को अडानी समूह की कंपनियों के शेयर डिमांड में थे। समूह की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर की बात करें तो 2.52% बढ़कर 3047.85 रुपये पर पहुंच गया। इंट्रा-डे में शेयर 3,058.70 रुपये तक गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। अडानी पोर्ट्स के शेयर भी 52 हफ्ते के हाई के करीब आ गए और भाव 1823.10 रुपये पर बंद हुआ। बीते मई में शेयर 1,843.10 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।
- अडानी पावर शेयर क्लोजिंग प्राइस: 232.55 (+1.09%)
- अडानी ग्रीन एनर्जी क्लोजिंग प्राइस: 1525.10 (+7.17%)
- अडानी टोटल गैस क्लोजिंग प्राइस: 762.25 (+2.43%)
- अडानी एनर्जी सॉल्यूशन क्लोजिंग प्राइस: 1579.45 (+3.92%)
पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा अडानी समूह के खिलाफ कथित धोखाधड़ी से जुड़े आरोपों को खारिज किए जाने के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। इसके बाद गौतम अडानी की संपत्ति में लगभग 10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
बता दें कि वर्ष 2023 में अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडानी समूह पर शेयरों में हेरफेर और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद समूह के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। हालांकि, बाद में नियामक जांच में इन आरोपों को साबित नहीं किया जा सका और निवेशकों का भरोसा धीरे-धीरे वापस लौटा।
टॉप पर एलन मस्क
एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी दौलत 703 बिलियन डॉलर से अधिक है। वह Google के को-फाउंडर लैरी पेज से दोगुने से भी ज्यादा अमीर हैं। लैरी पेज दूसरे स्थान पर हैं और उनकी दौलत 313 बिलियन डॉलर है। Google के एक अन्य को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन इसके बाद वाले स्थान पर हैं। उनके पास दौलत 291 बिलियन डॉलर है।

