भारत में लंबे इंतजार के बाद मानसून की दस्तक, इस बार कम बारिश का अनुमान

0
9

नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद मॉनसून केरल में पहुंच गया है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मौसम विभाग ने मॉनसून के केरल पहुंचने का ऐलान किया। बीते कुछ दिनों से दक्षिण भारतीय राज्यों में बारिश हो रही थी।

ऐसे में लोग मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे थे। मॉनसून सामान्य तौर पर एक जून को केरल पहुंचता है। इसमें 7 दिनों के आगे पीछे होने पर इसे लेट नहीं माना जाता।

मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को मॉनसून ने लक्ष्यद्वीप, केरल और माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्से को कवर कर लिया। IMD के मुताबिक, पहले पूर्वानुमान में मॉनसून के 26 मई में केरल पहुंचने का अनुमान लगाया गया था।

इस आधार पर मॉनसून को थोड़ा लेट कहा जा सकता है। गुरुवार सुबह से ही केरल के कई जिलों में बारिश हो रही है। आने वाले कुछ दिनों तक मॉनसूनी बारिश हल्की से मध्यम रफ्तार तक जारी रहेगी।

इस बार कम होगी बारिश
वर्तमान में ENSO न्यूट्रल स्थिति एल-नीनो की ओर बढ़ रही है, हालांकि मानसून सीजन के दौरान कमजोर सकारात्मक IOD विकसित होने की संभावना है। 11–17 जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है, लेकिन कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सामान्य से अधिक या सामान्य बारिश हो सकती है।

अगले 10-15 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर भारत तथा मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। उत्तर भारत में मानसून की प्रगति अभी धीमी रहेगी, जबकि मध्य जून तक इसका प्रभाव मध्य और पूर्वी भारत के कुछ भागों तक पहुंच सकता है।