पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर अब नहीं छिपेगी चीनी, नमक और फैट की अधिक मात्रा

0
4

सुप्रीम कोर्ट के फ्रंट ऑफ पैकेट वार्निंग लेबल के नियम तैयार करने का स्पष्ट निर्देश

नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में नमक, चीनी और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा को लेकर अब ग्राहकों को गुमराह नहीं किया जा सकेगा। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को फ्रंट ऑफ पैकेट वार्निंग लेबल (FOPL) के नियम तैयार करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

अदालत ने कहा है कि चेतावनी तय करते समय खाद्य पदार्थ में मौजूद कुल शुगर और कुल सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए, न कि सिर्फ अलग से मिलाई गई चीनी और फैट को।

जस्टिस जे बी पारडीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने निर्देश दिया कि नमक, कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट की अधिकतम सीमा नए सिरे से तय की जाए। बेंच ने जोर देकर कहा कि यह सीमा व्यावहारिक और संतुलित होनी चाहिए। यह न तो इतनी कम हो कि लगभग हर खाद्य पदार्थ के पैकेट पर चेतावनी छपने लगे, और न ही इतनी ज्यादा कि सेहत के लिए नुकसानदेह मात्रा भी नियम के दायरे से बाहर रह जाए।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, खाद्य पैकेट के मुख्य डिस्प्ले हिस्से पर तीन अलग-अलग षट्कोण (हेक्सागोन) बनाए जाएंगे। इनमें क्रमशः ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ लिखा होगा। अदालत ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक हेक्सागोन पैकेट के मुख्य डिस्प्ले क्षेत्र का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरे। इसके अलावा, भीतर लिखे शब्दों का फॉन्ट इतना बड़ा और स्पष्ट होना चाहिए कि सामान्य ग्राहक आसानी से पढ़ सकें।

सुनवाई के दौरान बेंच ने इस बात पर विशेष बल दिया कि बच्चों और आम लोगों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद पोषक तत्वों और उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। अक्सर पैकेट के पीछे बारीक अक्षरों में छपी पोषण तालिका को आम उपभोक्ता या बच्चे पढ़ नहीं पाते, जिससे सेहत से जुड़े जोखिमों का अंदाजा नहीं हो पाता।

10 सप्ताह बाद होगी प्रगति की समीक्षा
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि वह इन दिशा-निर्देशों के आधार पर ड्राफ्ट नियम तैयार करे, संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित करे और नियमों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देकर अधिसूचित करे। मामले की अगली सुनवाई 10 सप्ताह बाद निर्धारित की गई है, जिस दिन अदालत इस बात की समीक्षा करेगी कि ड्राफ्ट नियम तैयार हो चुके हैं या नहीं।

क्या है पूरा मामला?
यह मामला देश में फ्रंट ऑफ पैकेट वार्निंग लेबल (FOPL) लागू करने से जुड़ा है। ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ की ओर से दायर याचिका में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में नमक, चीनी और फैट की अधिक मात्रा को लेकर ग्राहकों को स्पष्ट चेतावनी देने की मांग की गई थी। इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट इस व्यवस्था को लागू करने में हो रही देरी को लेकर FSSAI को कड़ी फटकार लगा चुका है। यदि यह नियम प्रभावी होता है, तो उपभोक्ताओं को खरीदारी के समय ही स्पष्ट चेतावनी मिलेगी और कंपनियों पर उत्पादों को अधिक स्वास्थ्यवर्धक बनाने का दबाव भी बढ़ेगा।