चीनी मिलें एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का इस्तेमाल नहीं करेंगी: इस्मा

0
4

नई दिल्ली। चालू सीजन में देश में चीनी के कम उत्पादन की बढ़ती आशंका के चीनी उद्योग और बायो-एनर्जी सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। गन्ना पेराई सत्र 2026-27 में भारतीय चीनी मिलें एथेनॉल उत्पादन के लिए बिल्कुल भी चीनी का डायवर्जन (इस्तेमाल) नहीं करेंगी।

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा जारी शुरुआती उत्पादन अनुमानों में यह महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। गौरतलब है कि पिछले सत्र यानी 2025-26 में एथेनॉल बनाने के लिए करीब 32.42 लाख टन चीनी का इस्तेमाल किया गया था।

इस्मा (ISMA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक चीनी सीजन 2026-27 में एथेनॉल के लिए चीनी का डायवर्जन शून्य रहने वाला है, इसलिए देश का कुल और शुद्ध चीनी उत्पादन दोनों ही लगभग 265 लाख टन के स्तर पर रहने का अनुमान है।

यदि इसकी तुलना पिछले पेराई सत्र (2025-26) से की जाए, तो उस दौरान देश में चीनी का कुल उत्पादन 312.13 लाख टन दर्ज किया गया था। हालांकि, एथेनॉल निर्माण में 32.42 लाख टन चीनी डायवर्ट होने के बाद बाजार के लिए शुद्ध उत्पादन 279.71 लाख टन रह गया था।

इस तरह, पिछले साल के शुद्ध उत्पादन के मुकाबले इस बार करीब 14.5 लाख टन की गिरावट अनुमानित है, जबकि कुल उत्पादन के लिहाज से यह अंतर करीब 47 लाख टन तक पहुंचता है।

इस्मा के अनुसार यह अनुमान जुलाई से नवंबर तक की उपग्रह तस्वीरों, जमीनी सर्वेक्षणों, चीनी मिलों व किसानों से मिले आंकड़ों, बारिश के पैटर्न और मिलों में पेराई की ताजा स्थिति के अध्ययन के बाद तैयार किया गया है।

संगठन के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में गन्ने का कुल रकबा पिछले साल के 5.74 मिलियन हेक्टेयर से 3.2 प्रतिशत घटकर 5.55 मिलियन हेक्टेयर रह गया है। इस्मा के महानिदेशक दीपक बल्लानी के अनुसार, असमान बारिश, लंबे समय तक सूखे और कुछ हिस्सों में फसल गिरने का सीधा असर उत्पादन पर दिखाई दे रहा है।

इस्मा द्वारा जारी राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले सत्र (2025-26) में एथेनॉल के लिए चीनी डायवर्ट करने में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा था। महाराष्ट्र की मिलों ने सर्वाधिक 13.28 लाख टन चीनी एथेनॉल को दी थी। इसके बाद 12.24 लाख टन के साथ कर्नाटक दूसरे और 5.68 लाख टन के साथ उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा था।

इनके अलावा तमिलनाडु ने 0.16 लाख टन, गुजरात ने 0.03 लाख टन और देश के अन्य राज्यों ने मिलकर 1.03 लाख टन चीनी का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन के लिए किया था। लेकिन नए सत्र में इन सभी राज्यों में यह आंकड़ा शून्य रहने की बात कही गई है।

उत्तर प्रदेश में गन्ने का रकबा 2.26 मिलियन हेक्टेयर पर स्थिर रहने के साथ चीनी उत्पादन 8.9 मिलियन टन रहने का अनुमान है। वहीं महाराष्ट्र में बारिश की कमी और रकबा 1.47 से घटकर 1.33 मिलियन हेक्टेयर होने से उत्पादन 9.92 मिलियन टन से गिरकर 8.69 मिलियन टन रहने की आशंका है। कर्नाटक में भी रकबा 0.68 से घटकर 0.63 मिलियन हेक्टेयर रह गया है, जिससे वहां उत्पादन 4.62 मिलियन टन रहने का अनुमान है।