द्रौपदी मुर्मू को आज प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा दिलाएंगे राष्ट्रपति पद की शपथ

0
310

नई दिल्ली। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी और उसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि समारोह आज सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा, जहां प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। गृह मंत्रालय ने कहा कि इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा।

समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे।

इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा: संसद के केन्द्रीय कक्ष में समारोह के समापन पर राष्ट्रपति ‘राष्ट्रपति भवन’ के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक ‘इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा।