देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.55 अरब डॉलर बढ़कर 625.63 अरब डॉलर हुआ

42

नई दिल्ली। देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) 1 मार्च को समाप्त सप्ताह में 6.55 अरब डॉलर बढ़कर 625.63 अरब डॉलर हो गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पिछले यानी 23 फरवरी को समाप्त सप्ताह में यह 2,06,12 करोड़ रुपये यानी 2.975 अरब डॉलर बढ़कर 619.072 अरब डॉलर हो गया था।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2021 में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर (ऑल टाइम हाई) पर पहुंच गई थी। पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपये की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ।

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां (foreign currency assets) 6.043 अरब डॉलर बढ़कर 554.231 अरब डॉलर हो गई।

गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा
RBI के अनुसार स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) का मूल्य 56.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 48.417 अरब डॉलर हो गया। 23 फरवरी को समाप्त सप्ताह में इसमें 47.2 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी और यह बढ़कर 47.848 अरब डॉलर हो गया था।