कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 1000 करोड़ की लागत से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के एरिया में बनकर तैयार हुई मुकुंदरा टनल में दोनों तरफ से ट्रैफिक चालू कर दिया गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कोटा की तरफ से जा रही ट्यूब-1 को गुरुवार सुबह 8:00 बजे से खोल दिया गया।
इसकी जानकारी जैसे ही लगी, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। दरा घाटी में सालों से बनी हुई जाम की समस्या से निजात मिली है। अब टनल के दोनों हिस्सों से ट्रैफिक निकल रहा है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसे सुबह खोल दिया है. जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर कोटा से मध्य प्रदेश की तरफ जाने और आने वाले वाहन आसानी से निकल सकेंगे।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप अग्रवाल ने बताया कि इसे फिलहाल ट्रायल के लिए खोला गया है, लेकिन इसे स्थाई रूप से ट्रायल के दौरान ही खोल दिया जाएगा। अभी बिना टोल दिए इस क्षेत्र से वाहनों को गुजरने दिया जा रहा है। निर्माण कर रही कंपनी भी ट्रायल ले रही है, ताकि कोई भी कमी ट्रायल के दौरान नजर आती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कर दिया जाएगा।
मोड़क थाना अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि एक्सप्रेसवे के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह 8:00 बजे ट्रैफिक को दोनों तरफ से खोल दिया है। इसके बाद दरा घाटी से ट्रैफिक बिल्कुल खत्म जैसा हो गया है, जाम जैसे हालात बिल्कुल भी नहीं हैं।
पहले लगातार वाहनों की आवाजाही लगी रहती थी। अभी कोटा से झालावाड़ की तरफ जा रहे वाहनों का ज्यादा ट्रैफिक था, क्योंकि मुकुंदरा टनल की ट्यूब-1 से ट्रैफिक बंद था। केवल चेचट से कोटा आने वाली ट्यूब-2 से ही ट्रैफिक चालू था।
ऐसे में गोपालपुरा इंटरचेंज से भारी ट्रैफिक एक्सप्रेसवे से उतरकर दरा घाटी में आ रहा था। यहां से ट्रैफिक दरा घाटी से निकलकर चेचट पर दोबारा एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहा था। इस दौरान नेशनल हाईवे 52, दरा घाटी और ढाबा देह से चेचट के बीच भारी ट्रैफिक और कई बार जाम जैसे हालात होते थे।

