जुलाई में खाद्य तेलों का आयात बढ़कर 14.90 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

0
5

मुम्बई। जुलाई में विदेशों से खासकर क्रूड पाम तेल एवं क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का भारी आयात होने से भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेल के स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी हो गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इन बंदरगाहों पर 15 जुलाई को 9,45,545 टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था जो 31 जुलाई को बढ़कर 10,97,450 टन पर पहुंच गया।

यह स्टॉक गत सप्ताह की तुलना में 16.07 प्रतिशत, गत माह के मुकाबले 25.36 प्रतिशत एवं पिछले साल की तुलना में 17.58 प्रतिशत ज्यादा है।

15 जुलाई के मुकाबले 31 जुलाई 2026 को बंदरगाहों पर क्रूड पाम तेल का स्टॉक 3,18,021 टन से बढ़कर 3,45,250 टन, क्रूड डीगम सोया तेल का स्टॉक 2,26,514 टन से उछलकर 3,58,175 टन तथा आरबीडी पामोलीन का स्टॉक 9400 टन से सुधरकर 16,645 टन पर पहुंच गया।

दूसरी ओर क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक 3,81,790 टन से घटकर 3,58,950 टन रह गया। अन्य खाद्य तेलों का स्टॉक 9,820 टन से लगभग दोगुणा बढ़कर 18,430 टन पर पहुंच गया।

उद्योग-व्यापार क्षेत्र ने जुलाई में खाद्य तेलों का आयात तेजी से उछलकर 14.90 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो पिछले 10 माह का शीर्ष स्तर है। पाम तेल एवं सोया तेल के आयात में जोरदार वृद्धि हुई।

भारत में पाम तेल का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से तथा सोयाबीन तेल का आयात अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से होता है जबकि रूस यूकेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल मंगाया जाता है।