जनवरी में 15.17 अरब डॉलर का व्यापार घाटा, निर्यात में 1.66 फीसदी गिरावट

627

नई दिल्ली। जनवरी 2020 में देश को 15.17 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ। यह बात शुक्रवार को वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी सरकारी आंकड़े में कही गई। एक साल पहले की समान अवधि यानी जनवरी 2019 में भारत का व्यापार घाटा 15.05 अरब डॉलर पर था। अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक की अवधि में कुल व्यापार घाटा 133.27 अरब डॉलर रहा।

जनवरी में देश का निर्यात 1.66 फीसदी घटकर 25.97 अरब डॉलर रहा। जनवरी 2019 में भारत से 26.41 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था। गैर-पेट्रोलियम और गैर-रत्नाभूषण निर्यात इस दौरान 0.78 फीसदी घटकर 19.79 अरब डॉलर रहा। अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक की अवधि में निर्यात 1.93 फीसदी घटकर 265.26 अरब डॉलर रहा।

आयात 0.75 फीसदी घटा
जनवरी में देश का आयात 0.75 फीसदी घटकर 41.14 अरब डॉलर रहा। एक साल पहले की समान अवधि में देश में 41.46 अरब डॉलर का आयात हुआ था। अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक की अवधि में आयात 8.12 फीसदी घटकर 398.53 अरब डॉलर रहा।

समग्र निर्यात 1.94 फीसदी बढ़ा
अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक वस्तु एवं सेवा दोनों ही क्षेत्रों में देश का कुल निर्यात 1.94 फीसदी बढ़कर 446.46 अरब डॉलर रहा। कुल आयात इस दौरान साल-दर-साल आधार पर 4.69 फीसदी घटकर 510.62 अरब डॉलर रहा।