कोटा। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) वुमन विंग के तत्वावधान में तलवंडी स्थित एक गार्डन में गुजरात के रंग, कोटा कैट के संग’ गरबा एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान गुजराती लोकसंस्कृति की अनुपम छटा, पारंपरिक गरबा की मनमोहक थाप, डांडिया की मधुर खनक और नारी शक्ति के उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, आकर्षक श्रृंगार, उल्लासपूर्ण संगीत और लयबद्ध नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने संपूर्ण परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया। कहीं गरबा की गोलाकार लय में संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई दी, तो कहीं डांडिया की खनक ने उमंग और आनंद का वातावरण सृजित किया। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता, महिला सहभागिता और आत्मनिर्भर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बना।
समारोह में भाजपा नेता पंकज मेहता, राजस्थान पुलिस के वृत्त-2 के उपाधीक्षक राजेश टेलर, समाजसेवी जसपाल आलुवालिया (चन्नी), शिफ्टी आलुवालिया सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मिस ग्रैंड इंडिया 2025 की विजेता कुमारी विशाखा कंवर व मिस माधुरी कोटा अनिका विजयवर्गीय की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अमृतम सेवा संस्थान से ज्योति यादव एवं उदिता सनवाल, डॉ. प्राची दीक्षित, सुनीता सामरिया, अंजू सेन, एडवोकेट कल्पना, विजयवर्गीय समाज से दिनेश विजय, महेश विजय एवं रिनू विजय तथा ब्यूटी क्वीन वंशिका बजाज एवं प्रियंका हाड़ा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता कर समारोह को गरिमामय बनाया।
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में गरबा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों की मनमोहक प्रस्तुतियों, पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक श्रृंगार, नृत्य की लयबद्धता और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनकी प्रतिभा का सम्मान किया गया।
महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को समर्पित अनूठी पहल
CAIT वुमन विंग, जिला कोटा की अध्यक्ष नीलम विजय ने कहा कि कोटा की आत्मनिर्भर महिला उद्यमियों द्वारा आयोजित यह गरबा महोत्सव सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचियों को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

