शरदपूर्णिमा पर विजय श्री रंगमंच पर गूंजेंगे लता, रफी, किशोर, मुकेश के सदाबहार नग्मे

0
7

दशहरा मेले में 26 अक्टूबर को सजेगी एक शाम पुराने गीतों के नाम

कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के तहत 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर विजय श्री रंगमंच, दशहरा मैदान में एक शाम पुराने गीतों के नाम, संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लाइक माइंडेड प्रोफेशनल्स ग्रुप, कोटा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

महामंत्री सी.ए. अजय कुमार जैन ने बताया कि पुराने फिल्मी गीतों का संगीत और उनके भावपूर्ण बोल आज भी श्रोताओं के मन में विशेष स्थान रखते हैं। इसी भावना के साथ शरद पूर्णिमा की शाम को संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, मुकेश, मन्ना डे, आशा भोसले और महेंद्र कपूर जैसे महान पार्श्व गायकों के लोकप्रिय गीतों को प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। खास बात यह होगी कि चार्टर्ड अकाउंटेंट, चिकित्सक, अधिवक्ता और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े पेशेवर भी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में 15 से अधिक वादक कलाकारों का लाइव आर्केस्ट्रा गीतों को संगीतबद्ध अंदाज में प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7:30 बजे दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों की उपस्थिति में होगा। आयोजन का उद्देश्य पुराने गीतों के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा देने के साथ संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।