कोरोना का खौफ/ शेयर मार्केट क्रैश, 15 मिनट में निवेशकों के डूबे 8 लाख करोड़

0
524

नई दिल्ली। कोरोना के चलते सब ठप। लॉकडाउन के बीच शेयर बाजार फिर बड़ी गिरावट के साथ खुला। सेंसेक्स 2307.16 अंकों की गिरावट के साथ 27,608.80 पर खुला। वहीं निफ्टी पर कारोबार की शुरुआत 8.66 पर्सेंट की गिरावट के साथ 7,945.70 पर हुई। सेंसेक्स के सभी शेयर लाल निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। आज सुबह जब बाजार खुला तो शुरुआती 15 मिनट के कारोबार में निवेशकों के 8 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बाजार खुलते ही 150 शेयर ने लोअर सर्किट को हिट किया, जबकि 340 शेयर अपने 52 सप्ताह के न्यूनतम स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

लोअर सर्किट की ओर बाजार
कारोबार शुरू हुए मात्र 15 मिनट हुए हैं। सुबह 9.32 बजे सेंसेक्स 2433 अंकों की भारी गिरावट (8.14 पर्सेंट) के साथ 27482 पर ट्रेड कर रहा था। इस समय निफ्टी 693 अंकों की भारी गिरावट (7.96 पर्सेंट) के साथ 8049 पर ट्रेड कर रहा था। अगर गिरावट का यह सिलसिला बरकरार रहा तो किसी भी पल लोअर सर्किट लग सकता है।

लॉकडाउन से निवेशकों में घबराहट
यह हफ्ता शेयर बाजार के लिए बेहद अहम रहने वाला है। आज से देश के ज्यादातर शहरों में लॉकडाउन की स्थिति है। ट्रेन, बस, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मेट्रो जैसी तमाम सुविधाएं बंद हैं। यहां तक की शेयर बाजार भी आज घर से ही चलेगा। यह पहली बार होगा जब ब्रोकर निवेशक की जगह घर से उनके बदले निवेश करेंगे। उनकी कोशिश यही है कि घर से काम करने का असर ट्रेड वॉल्यूम पर ना हो।