कोटा महोत्सव में रोमांच, लोकरंग और मनोरंजन का होगा संगम

311

कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा।
राजस्थान के हाडोती का प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक पर्व कोटा महोत्सव तीन फरवरी से पांच फरवरी तक विविधरंगी आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। इसका भव्य उद्घाटन तीन फरवरी को प्रातः 10 बजे महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में होगा। यह आयोजन जिला प्रशासन, नगर विकास न्यास, कोटा नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने बताया कि कोटा महोत्सव का शुभारम्भ भरतपुर के बम ढोल रसिया कलाकारों एवं हाडौती के चकरी व सहरिया नृत्य कलाकारों की प्रस्तुति के साथ होगा। इसमें पहली बार सैकड़ों कलाकार एक साथ प्रस्तुति देकर रिकॉर्ड बनाएंगे। इस अवसर पर साफा बांध प्रतियोगिता, दादा-पोता दौड़, रस्सा-कस्सी, मटका दौड़, मूंछ प्रतियोगिता तथा एडवेंचर गतिविधियां महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में दोपहर एक बजे तक आयोजित होंगी। तीनों दिन विविध गतिविधियां चलेंगी जिनका शहरवासी आनंद ले सकेंगे।

प्रथम दिवस ही दोपहर 12 बजे आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, रंगोली, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होंगी। उम्मेद क्लब मैदान में दोपहर 2 बजे फ्लॉवर शो, सायं 4 बजे फूड फेस्टिवल का उद्घाटन तथा किशोर सागर तालाब पर सायं 6 बजे चम्बल आरती होगी। उम्मेद सिंह स्टेडियम में सायं 7.30 बजे मेगा कल्चरल नाइट में पश्चिम क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर एवं राजस्थान के ख्यातनाम कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

श्री बुनकर ने बताया कि चार फरवरी को अभेड़ा महल में प्रातः 8 बजे नेचर वॉक का आयोजन किया जाएगा। महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक एडवेंचर गतिविधियां, किशोर सागर तालाब में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां, किशोर सागर पाल पर, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, उम्मेद क्लब मैदान में फूड फेस्टिवल, सांय 5.30 बजे सेवन वंडर्स पर कोटा डोरिया साड़ी फैशन शो का आयोजन खास आकर्षण होंगे। महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में 7.30 बजे से भव्य सांस्कृतिक संध्या में कबीर कैफे बैंड द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

श्री बुनकर ने बताया कि 5 फरवरी को प्रातः 8 बजे महात्मा गांधी स्कूल से गढ़ पैलेस तक हैरिटेज वॉक, सेवन वंडर पार्क में डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। 10 से सायं 5 बजे तक साहसिक गतिविधियां उम्मेद सिंह स्टेडियम पर चलेंगी। किशोर सागर में वाटर स्पोर्टस गतिविधियां, तालाब की पाल पर फ्लॉवर शो, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, फूड फेस्टिवल स्टेडियम में जारी रहेंगी। मेगा कल्चरल नाइट में इंडियन आइडल फेम सवाई भाट महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम सायं 7 बजे प्रस्तुतियां देंगे। इसी के साथ कोटा महोत्सव का आतिशबाजी के बीच समापन होगा।