कोटा महोत्सव: पुष्प प्रदर्शनी में फूलों की विभिन्न किस्में मोह रही लोगों का मन

224

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। ‘कोटा महोत्सव’ के तहत आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में सजाए गये फूलों की विभिन्न किस्में लोगों का खूब मन मोह रही है। कोटा के ऐतिहासिक किशोर सागर तालाब की पाल पर आयोजित इस प्रदर्शनी में तरह-तरह के फूलों का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में निजी संस्थान औद्योगिक, संस्थान शिक्षण संस्थान, निजी नर्सरिया एवं व्यक्तिगत रूचि रखने वाले व्यक्तियों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। पुष्प प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के प्रजातियों के पुष्प देखने को मिले। पुष्प प्रदर्शनी 5 फरवरी तक रहेगी।

माण्डना एवं चित्रकला प्रतियोगिता में दिखी हाड़ौती शैली
कोटा महोत्सव के तहत कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को प्रथम दिन आर्ट गैलेरी में माण्डना प्रतियोगिता, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं ने उत्साह से भाग लेकर रंग-बिरंगे हाड़ौती शैली के माण्डना व मेहंदी से विविध कृतियों का रेखांकन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने कलम व कूंची से विविध रंगों के चित्र उकेरे। महोत्सव के तहत आर्ट गैलेरी में आयोजित होने वाले विभिन्न प्रतियोगिताओं के मुख्य अतिथि सांगोद विधायक भरत सिंह कुन्दनपुर ने अवलोकन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने पर प्रतिभागियों की हौसला अफजाई भी की।

मेहंदी प्रतियोगिता में अंजलि टेलर प्रथम रही
एसीईओ जिला परिषद सरिता ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में अंजलि टेलर प्रथम, शालू शर्मा द्वितीय एवं रोहिणी कंवर तृतीय स्थान पर रही। उन्होंने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता में श्रुति हाड़ा प्रथम, रंजिता जेसवाल द्वितीय एवं हिमांगी अग्रवाल तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में विशाल मेहरा प्रथम, शिवानी द्वितीय एवं आकांक्षा तृतीय स्थान पर रही। माण्डना प्रतियोगिता में द्रोपदी लोधा प्रथम एवं पूजा लोधा द्वितीय स्थान पर रही।