‘कबीर सिंह, की कमाई 200 करोड़ के पार

978

बॉलिवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कबीर सिंह’ शाहिद कपूर के करियर की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है। शाहिद की यह पहली सोलो फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है और अभी भी यह फिल्म अच्छा बिजनस कर रही है।

फिल्म के इतने अच्छे बिजनस से शाहिद कपूर बेहद खुश हैं और उन्होंने इस मौके पर फिल्म की तस्वीरों के कोलाज वाला एक विडियो शेयर कर दर्शकों को थैंक्यू बोला है। इस विडियो को शेयर करते हुए शाहिद ने लिखा, ‘आपके प्यार के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ जाएंगे। उसे (कबीर सिंह) को समझने, माफ करने और दिल से उसे इतना प्यार करने के लिए धन्यवाद। हम सभी एक जैसे नहीं होते।

अच्छे दिल का बनने के लिए और हमें बेहतर बनने के लिए हमेशा अपनी गलतियों से सीखकर ऊपर उठना पड़ता है। वह गलत है और हम सभी गलत हो सकते हैं। आपने उसे जज नहीं किया बल्कि उसे महसूस किया। आपने उसे समझा। मैं आपके लिए इतना शुक्रगुजार कभी नहीं हुआ। यह मेरे द्वारा निभाया गया सबसे बुरा किरदार था और इसी को सबसे ज्यादा प्यार मिला।

इंडियन सिनेमा और ऑडियंस बहुत आगे जा चुके हैं। ऑडियंस की चॉइस बदल गई है। आप लोगों में और अधिक मैच्यॉरिटी और मानवता आ गई है। आपने मुझे उड़ने के लिए पंख दिए। आपने अपने प्यार के जरिए मेरे कंधों पर जिम्मेदारी का बोझ ही नहीं बढ़ाया है बल्कि एक स्टार होने के नाते यह साहस भी दिया है कि एक ऐक्टर होने के नाते आपकी नफरत भी सह सकूं।

सिनेमा जिंदगी का आइना होती है। मुख्य पात्र को केवल उसकी अच्छाई तक सीमित नहीं किया जा सकता बल्कि वह एक इंसान है और वह पर्फेक्ट नहीं हो सकता। अपूर्णता में भी एक पूर्णता होती है और यही इसकी खूबसूरती है और मानव जीवन का चैलेंज है। बार-बार आपको धन्यवाद। आप सभी इस कहानी के हीरो हैं।’

बता दें कि संदीप वांगा रेड्डी के डायरेक्शन में बनी ‘कबीर सिंह’ तेलुगू सुपरहिट फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ का रीमेक है। फिल्म में शाहिद कपूर के ऑपोजिट कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में दिखाई दी हैं। फिल्म में शाहिद ने एक ऐसे सर्जन का किरदार निभाया है जो प्यार में असफल होने के बाद शराब और ड्रग्स में डूब जाता है।