एक रुपया-एक ईंट का संदेश देने वाला डाक टिकट जारी, अग्रसेन सोशल ग्रुप की पहल

0
8

कोटा। अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में महाराजा अग्रसेन के प्रसिद्ध सिद्धांत ‘एक रुपया–एक ईंट’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग की ‘माय स्टैंप’ योजना के तहत विशेष डाक टिकट जारी किया गया। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के चेयरमेन संजय गोयल ने बताया कि इस डाक टिकट का विमोचन नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमेन राजेश बिरला ने किया।

इस अवसर पर राजेश बिरला ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को सेवा, सहयोग, समानता और परस्पर भाईचारे का संदेश दिया। उनके द्वारा दिया गया “एक रुपया–एक ईंट” का सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। इस सिद्धांत के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति को समाज के प्रत्येक परिवार से सहयोग दिलाने की भावना विकसित हुई और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता का मार्ग प्रशस्त हुआ।

नवनिर्वाचित पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समाज सेवा और लोककल्याण के लिए समर्पित था। उनके विचारों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर चलने और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना प्रमुख थी। आज के समय में भी उनके सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सहयोग और सेवा की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।

चेयरमेन परमानंद गर्ग ने बताया कि ‘एक रुपया–एक ईंट’ केवल एक ऐतिहासिक सिद्धांत नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सहयोग का संदेश है। इसी विचार को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से माय स्टैंप के माध्यम से यह विशेष डाक टिकट तैयार करवाया गया है। डाक टिकट पर “एक रुपया–एक ईंट” के प्रतीक को प्रमुखता दी गई है, जिससे महाराजा अग्रसेन जी के सामाजिक समरसता और सहयोग के संदेश को देशभर में पहचान मिल सके।

कार्यक्रम में चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग, उपाध्यक्ष कमलेश गोयल, संभागीय महामंत्री सपना गोयल, जिला अध्यक्ष राजकुमार महाजन सहित ग्रुप के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।