कोटा के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दादाबाड़ी में केनरा बैंक की 11वीं शाखा का शुभारंभ
कोटा। देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल केनरा बैंक की कोटा शहर में 11वीं शाखा का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को दादाबाड़ी क्षेत्र में हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी ने कहा कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र का समुचित विकास बैंकिंग क्षेत्र के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बैंकों को ऋण स्वीकृति की जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाकर व्यापारियों और उद्यमियों को कम ब्याज दरों पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि नए उद्योग स्थापित होने के साथ-साथ मौजूदा व्यवसायों का भी विस्तार हो सके।

कैट के अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा ने कहा कि कोटा सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र में आने वाले समय में औद्योगिक, व्यापारिक एवं पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। क्षेत्र में बाहर के निवेशक भी निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केनरा बैंक देश के प्रतिष्ठित बैंकों में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखता है और बैंक द्वारा ग्राहकों को सरल प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न प्रकार की बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
केनरा बैंक के रीजनल हेड कोटा संदीप कृष्णा ने कहा कि वर्ष 1906 में स्थापित केनरा बैंक लंबे समय से देशवासियों को बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। बैंक की देशभर में 10 हजार से अधिक शाखाएं संचालित हैं। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा कृषि, शिक्षा, व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए ऋण सुविधाएं सरल प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोटा शहर में दादाबाड़ी स्थित 11वीं शाखा के माध्यम से इस क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों एवं आमजन को बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
केनरा बैंक के सर्किल हेड जयपुर संजय कुमार ने कहा कि नई शाखा में ग्राहकों को विभिन्न प्रकार की बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ लॉकर सुविधा तथा मशीनों के माध्यम से नकद जमा एवं निकासी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा आकर्षक योजनाओं के तहत एफडी पर बेहतर ब्याज तथा विभिन्न आवश्यकताओं के लिए प्रतिस्पर्धी दरों पर ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
केनरा बैंक के डिवीजनल मैनेजर गोपेश शर्मा एवं दादाबाड़ी शाखा के ब्रांच मैनेजर विक्रम शर्मा ने बताया कि इस शाखा के माध्यम से दादाबाड़ी, बसंत विहार, जवाहर नगर, तलवंडी एवं शिवपुरा क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों एवं आमजन को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर, त्वरित एवं सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना शाखा की प्राथमिकता रहेगी।

