इस साल देश में 110 लाख टन चना उत्पादन का अनुमान

923

मुंबई। केंद्र सरकार को इस साल देश में करीब 110 लाख टन चना उत्पादन का अनुमान है। जो पिछले साल के करीब 10% ज्यादा है। ज्यादा खेती और मौसम का साथ मिलने से चने की पैदावार बढ़ने की उम्मीद है।

कृषि मंत्रालय के मुताबिक देश में इस साल करीब 107 लाख हेक्टेयर में चने की खेती हुई है। जो पिछले साल के मुकाबले करीब 12% ज्यादा है। इस साल राजस्थान में चने की खेती पिछले साल से करीब 42% और महाराष्ट्र में करीब 66% ज्यादा हुई है।

हालांकि देश के सबसे बड़े चना उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में इस बार इसकी खेती करीब 20% घट गई है। जानकारों का मानना है कि बाकि राज्यों में बुआई ज्यादा हुई है, लिहाजा मध्य प्रदेश में रकबा गिरने के बावजूद कुल उत्पादन ज्यादा रहने का अनुमान है।

इस बीच महाराष्ट्र का मराठावाड़ा, कर्नाटक और गुजरात में नए चने की छिटपुट आवक शुरू हो गई है। कारोबारियों के मुताबिक होली के बाद आवक बढ़ने के बाद इसकी कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने इस साल के लिए 4,875 रुपए/क्विंटल चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है। जबकि बाजार में फिलहाल चने का भाव 4000 रुपए/क्विंटल के आसपास है। ऐसे में नए सीजन में कीमतों में गिरावट रोकने के लिए केंद्र सरकार को किसानों से ज्यादा चना खरीदनी पड़ सकती है।

सूत्रों के मुताबिक इस दिशा में नैफेड की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। पिछले साल भाव MSP के आसपास रहने की वजह से नैफेड 23 लाख टन खरीद लक्ष्य के मुकाबले महज 7.7 लाख टन ही चना खरीद सकी थी।