नई दिल्ली। देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री अब रफ्तार पकड़ने लगी है। जुलाई में EV मार्केट ने नया रिकॉर्ड बनाया। तेल की ऊंची कीमत, ज्यादा विकल्पों और बढ़ते डीलर नेटवर्क के बीच, सभी कैटेगरी में रजिस्ट्रेशन 66% से ज्यादा बढ़कर लगभग 3.3 लाख यूनिट हो गए।
पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 2 लाख यूनिट से थोड़ा कम था। Vahan के आंकड़ों के मुताबिक जून में देश भर में 3.1 लाख EV रजिस्टर हुए थे। इस ग्रोथ में इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियों का सबसे बड़ा योगदान रहा।
जुलाई में पहली बार एक महीने में इनका रजिस्ट्रेशन 2 लाख का आंकड़ा पार कर गया। पिछले महीने इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन बढ़कर 2,04,201 यूनिट रहा जबकि जून में यह आंकड़ा लगभग 1.95 लाख था। पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 1.1 लाख यूनिट था।
जुलाई में रजिस्टर हुईं सभी दोपहिया गाड़ियों में इलेक्ट्रिक मॉडल की हिस्सेदारी लगभग 11.2% रही। इससे पहले जून में यह 10.6% थी। इस साल अब तक इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियों का एवरेज मंथली रजिस्ट्रेशन बढ़कर लगभग 1.7 लाख यूनिट हो गया, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 1.1 लाख यूनिट था।
दोपहिया ईवी में टीवीएस मोटर ने अपनी लीडरशिप बनाए रखी। जुलाई में कंपनी ने 55,465 इलेक्ट्रिक टू-वीलर रजिस्टर किए। जून में यह संख्या 47,418 थी। इसी तरह बजाज ऑटो का चेतक ईवी का रजिस्ट्रेशन 45,562 यूनिट रहा जबकि जून में यह आंकड़ा 43,505 यूनिट था। एथर एनर्जी तीसरे स्थान पर रही। हालांकि जून में इसके रजिस्ट्रेशन में गिरावट आई है। जून में उसकी बिक्री 31,440 यूनिट रही थी जो जुलाई में घटकर 30,317 यूनिट रह गई।
कारों की बिक्री
हीरो मोटोकॉर्प के Vida की बिक्री जून के 21,893 यूनिट से बढ़कर जुलाई में 22,883 यूनिट रही जबकि ओला इलेक्ट्रिक के रजिस्ट्रेशन 16,249 से घटकर 14,102 यूनिट रह गए। हालांकि इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री जुलाई में थोड़ी कम हुई है। जून में यह 33,441 यूनिट थी लेकिन जुलाई में 32,660 यूनिट रह गई। टाटा मोटर्स ने इलेक्ट्रिक कार और SUV सेगमेंट में अपनी बढ़त बनाए रखी है।

