अप्रिलिया ने भारत में पेश की 125cc और 175cc वाली नई स्कूटर रेंज, जानिए खासियतें

0
15

नई दिल्ली। अगले कुछ दिनों में नया स्कूटर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। दरअसल, टू-व्हीलर बनाने वाली मशहूर कंपनी अप्रिलिया (Aprilia) ने भारत में अपनी नई SXR GT स्कूटर रेंज को पेश कर दिया है।

कंपनी ने इसे खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया है जो रोजमर्रा के काम के साथ-साथ वीकेंड पर लंबे सफर का मजा लेना चाहते हैं। यह नया स्कूटर शहर की तंग गलियों में चलाने में जितना आसान है, हाईवे पर लंबी दूरी तय करने में उतना ही दमदार और आरामदायक भी है। आइए जानते हैं इस नई स्कूटर रेंज की सभी खास बातों के बारे में विस्तार से।

डिजाइन: आगे की तरफ अप्रिलिया की पहचान वाली खास LED लाइट्स दी गई हैं, जो रात के अंधेरे में भी सड़क पर बेहतरीन रोशनी देती हैं। कंपनी ने इसे दो वैरिएंट्स में उतारा है। लोगों को SXR GT 125 में मैट ब्लैक, ग्लॉसी अजूरो और ग्लॉसी व्हाइट जैसे 3 नए कलर ऑप्शन मिलेंगे। वहीं, ज्यादा पावरफुल SXR GT 175 में मेटैलिक ब्लू, मैट ब्लैक और मैट ग्रीन जैसे 3 बेहद खास और नए कलर्स का ऑप्शन दिया गया है।

दमदार इंजन: इस नए स्कूटर के अंदर दो अलग-अलग इंजन 125cc और 175cc का ऑप्शन मिलता है। दोनों ही इंजनों को नए जमाने की तकनीक से अपडेट किया गया है, ताकि राइडर को चलाने में ज्यादा पावर और बेहतर पिकअप मिल सके। इसके साथ ही कंपनी ने इस बात का भी पूरा ध्यान रखा है कि रोज चलाने पर ग्राहकों को बेहतर माइलेज और कम खर्चे की सहूलियत मिले।

आरामदायक सीट : आमतौर पर स्कूटरों को सिर्फ छोटी दूरी या शहर के अंदर चलाने के लिए सही माना जाता है। हालांकि, SXR GT का बड़ा फ्रेम, बैठने के लिए आरामदायक सीट और सही राइडिंग पोजिशन लंबे सफर में भी पीठ को थकने नहीं देती। इसमें पैरों को आराम से रखने के लिए नया और खुला फुटबोर्ड दिया गया है, जिस पर नया स्पोर्टी ग्राफिक्स डिजाइन भी देखने को मिलता है।

प्रीमियम सेगमेंट : कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डिएगो ग्राफी ने इस लॉन्च पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय मार्केट में अब लोग सिर्फ साधारण स्कूटर नहीं, बल्कि कुछ नया, स्टाइलिश और एडवांस ढूंढ रहे हैं। आज के राइडर्स को स्टाइल के साथ-साथ बढ़िया परफॉर्मेंस, नई टेक्नोलॉजी और आराम सब एक साथ चाहिए। इसी सोच के साथ इटैलियन डिजाइन और इटैलियन रेसिंग तकनीक को एक साथ मिलाकर इस नई SXR GT रेंज को तैयार किया गया है। कंपनी को पूरा भरोसा है कि भारत के स्कूटर मार्केट में यह नया मॉडल अपनी एक नई और मजबूत पहचान बनाएगा।