कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में 11 अक्टूबर को शहर में महाराजा अग्रसेन जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई जाएगी। आयोजन के तहत भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत गीता भवन से होगी। शोभायात्रा की रवानगी से पूर्व गीता भवन पहुंचने वाले प्रथम 251 अग्र बंधुओं एवं मातृशक्ति का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर विशेष स्वागत-सम्मान किया जाएगा। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया जाएगा।
मुख्य संयोजक नवल किशोर गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल एवं मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन महाराज चांदी की पालकी में विराजमान होंगे। शोभायात्रा में काछी घोड़ी नृत्य, संदेशात्मक झांकियां, अग्रवाल समाज का बैनर तथा ‘एक ईंट और एक रुपया’ के संदेश वाले झंडे विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
अग्रसेन महाराज की बग्गी के आगे-आगे बैंड-बाजे की धुन पर 18 राजकुमार 18 घोड़ों पर सवार होकर चलेंगे। शोभायात्रा में बैंड एवं डीजे की धुनों पर हजारों की संख्या में अग्र समाज के पुरुष, महिलाएं एवं युवा नाचते-गाते तथा डांडिया खेलते हुए चलेंगे।
शोभायात्रा गीता भवन से प्रारंभ होकर न्यू क्लॉथ मार्केट, जी.एम.ए., सर्राफा बाजार, मोहन टॉकीज रोड, सब्जीमंडी, चार खंभा, अग्रसेन बाजार, रामपुरा, लाडपुरा एवं खाई रोड होते हुए श्री अग्रसेन चौराहा पहुंचेगी। वहां महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा का समापन महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में 501 दीपों से महाआरती के साथ होगा।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि शाम 7 बजे से उम्मेदसिंह स्टेडियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला होंगे। साथ ही अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गर्ग, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, लोकेश गुप्ता एवं शुभम ग्रुप के डायरेक्टर दीपक राजवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
समारोह में लगभग 40 अतिथियों, 34 सक्रिय इकाइयों के 80 पदाधिकारियों, 25 भामाशाहों एवं समाज के प्रबुद्ध जनों का सम्मान किया जाएगा। युवा अध्यक्ष अजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
महाराजा अग्रसेन का दुग्धाभिषेक

महाराजा श्री अग्रसेन सोशयल ग्रुप की ओर से सोमवार को अग्रसेन भवन में महाराज श्री अग्रसेन जी का पूजन व दूध अभिषेक किया गया।कोटा के संभागीय अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के समाजसेवी गोविंद नारायण अग्रवाल, चेयरमेन संजय गोयल व परमानंद गर्ग, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय मंत्री संतोष गुप्ता, मंजू मित्तल थे।
चेयरमैन गोविंद नारायण अग्रवाल ने कहा कि हमारे पूर्वज निश्चय ही महा बलिदानी, दानदाता, अग्र समाज सुधारक, एवं प्रतिभाशाली व्यक्तित्व के धनी थे। संजय गोयल ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन बचपन से ही हिंसा के विरोधी एवं समाजवाद के सिदांतौ को अपनाने के लिये जाने जाते थे। आपने समाज को एक छत के निचे लाने और एक ईट एक रुपया के मत को प्रचलन मे लाकर समाज की उन्नति तलवार के स्थान पर तराजू से होगी को प्रतिपादित किया।

