Rakhi Pop Up 3.0: शिक्षा की अलख जगाने को समाज ने बढ़ाया हाथ

0
8

कोटा। सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का सशक्त उदाहरण बने कोटा राउंड टेबल 281 द्वारा आयोजित दो दिवसीय “राखी पॉप अप 3.0” का रविवार को सफल समापन हुआ। एक होटल में आयोजित इस प्रदर्शनी को शहरवासियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, स्थानीय उद्यमियों से खरीदारी की और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक उद्देश्य से जुड़कर अपनी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिला एवं लघु उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का मंच उपलब्ध कराना था। इसके साथ ही “फ्रीडम थ्रू एजुकेशन” अभियान के अंतर्गत आर्थिक रूप से वंचित बच्चों के लिए नई कक्षाओं के निर्माण हेतु धनराशि जुटाने का लक्ष्य भी रखा गया। आयोजन के दौरान चलाए गए “डोनेट ए ब्रिक” अभियान को भी नागरिकों का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे शिक्षा के इस जनअभियान को नई ऊर्जा मिली।

कोटा राउंड टेबल 281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने आयोजन की सफलता पर सभी आगंतुकों, प्रदर्शकों, प्रायोजकों, सहयोगी संस्थाओं, स्वान होटल की टीम, मीडिया प्रतिनिधियों तथा पूरे KRT 281 परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है और सामूहिक सहभागिता से ही हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

राखी पॉप अप 3.0 ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब समाज किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तो प्रत्येक छोटा योगदान भी किसी बच्चे के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन जाता है। यह आयोजन सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसहभागिता और शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।