नई दिल्ली। NEET UG Counselling Special Round : नीट यूजी 2026 की मेडिकल काउंसलिंग को लेकर मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए आल इंडिया कोटा (AIQ) के अंतर्गत स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है।
नीट यूजी स्पेशल राउंड के माध्यम से एमबीबीएस बीडीएस एवं बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों को भरा जाएगा। इससे उन कैंडिडेट्स को मेडिकल, डेंटल और नर्सिंग कॉलेज में सीट पाने का एक और मौका मिलेगा, जो अब तक सीट प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं।
एलन करियर इंस्टिट्यूट कोटा के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि एमसीसी द्वारा आयोजित राउंड 1, राउंड 2, राउंड 3 और स्ट्रे वैकेंसी राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नॉन-जॉइनिंग और नॉन-रिपोर्टिंग के कारण कुछ सीटें खाली रह गई हैं। इन्हीं सीटों को भरने के लिए एमसीसी ने स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है।
2 नवंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
एमसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जो 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक चलेगी। वहीं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया भी 2 नवंबर से शुरू होकर 5 नवंबर को सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी। जिन कैंडिडेट्स ने पहले ही एमसीसी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया था, लेकिन उन्हें अब तक कोई सीट अलॉट नहीं हुई है, उन्हें रजिस्ट्रेशन दोबारा नहीं करना पड़ेगा। ऐसे कैंडिडेट्स सीधे Choice Filling की प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
5 नवंबर सुबह 11 बजे तक चॉइस लॉकिंग प्रक्रिया
चॉइस फिलिंग के बाद चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया 4 नवंबर शाम 4 बजे से शुरू होकर 5 नवंबर सुबह 11 बजे तक चलेगी। सभी कैंडिडेट्स को निर्धारित समय सीमा के अंदर अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रमों की परेफरेंस लॉक करनी होगी।
7 नवंबर को आएगा सीट अलाटमेंट रिजल्ट
एमसीसी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग का प्रोविजनल सीट अलाटमेंट रिजल्ट 7 नवंबर 2026 को घोषित किया जाएगा। जिन कैंडिडेट्स को इस राउंड में सीट अलॉट होगी, उन्हें 7 नवंबर से 16 नवंबर 2026 के बीच अपने अलॉटेड मेडिकल /डेंटल /नर्सिंग कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर रिपोर्टिंग एवं एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। रिपोर्टिंग के दौरान कैंडिडेट्स को निर्धारित कॉलेज फीस जमा करने के साथ सभी आवश्यक ओरिजनल डॉक्यूमेंट्स भी दिखाने होंगे।
बिना सोचे-समझे न भरें कॉलेज की चॉइस
एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि इस विशेष राउंड में चॉइस फिलिंग करते समय कैंडिडेट्स को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। केवल उन्हीं कॉलेजों और पाठ्यक्रमों को अपनी चॉइस लिस्ट में शामिल करें, जहां सीट अलाटमेंट होने की स्थिति में वे वास्तव में प्रवेश लेने और निर्धारित समय पर रिपोर्टिंग करने के लिए तैयार हों। अनावश्यक रूप से ऐसे कॉलेजों की चॉइस नहीं भरनी चाहिए, जहां प्रवेश लेने की इच्छा नहीं है।
यह स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग राउंड मेडिकल एडमिशन का इंतजार कर रहे कैंडिडेट्स के लिए एक अच्छा मौका है। ऐसे में सभी कैंडिडेट्स को निर्धारित समय सीमा के अंदर रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, चॉइस लॉकिंग और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

