Lok Sabha Election: 21 राज्यों की 102 सीटों पर कल होगा मतदान, 1625 प्रत्याशी मैदान में

13

नई दिल्ली। Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान बुधवार की शाम थम गया है। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर कुल 1626 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पहले चरण में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल की किस्मत दांव पर है।

19 अप्रैल को यहां मतदान
19 अप्रैल को उत्तर प्रदेश की आठ, राजस्थान की 13, मध्य प्रदेश की छह, असम की पांच, बिहार की चार, महाराष्ट्र की पांच, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ की एक-एक, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की दो-दो, त्रिपुरा की एक, उत्तराखंड की छह, तमिलनाडु की 39, पश्चिम बंगाल की तीन, सिक्किम, नगालैंड, अंडमान और निकोबार, मिजोरम, पुडुचेरी, मणिपुर और लक्षद्वीप में मतदान होगा।

पहले चरण में ये दिग्गज मैदान में
महाराष्ट्र की नागपुर सीट से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी चुनाव मैदान में हैं। अरुणाचल पश्चिम सीट से केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां उनका मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी से हैं।असम की डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल चुनावी समर में उतरे हैं।

कौन जीतेगा अलवर का रण
राजस्थान की अलवर सीट से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस के विधायक ललित यादव की चुनौती है। बीकानेर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है। तमिलनाडु की नीलगिरी लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा के सामने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन चुनाव लड़ रहे हैं।