Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव में 55 करोड़ की अमिट स्याही बनेगी मतदान की गवाह

26

बेंगलुरु। देश में 19 अप्रैल से होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मैसुरु पेंट्स एंड वार्निश लिमिटेड ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लगभग 55 करोड़ रुपये मूल्य की अमिट स्याही की 26.55 लाख से अधिक शीशियों की आपूर्ति प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।

उत्तर प्रदेश को स्याही की सर्वाधिक 3.58 लाख शीशियों और लक्षद्वीप को सबसे कम 110 शीशियों की आपूर्ति की गई है। कर्नाटक सरकार का उपक्रम अकेले चुनाव आयोग के लिए 1962 से स्याही का निर्माण कर रहा है। आगामी 19 अप्रैल से देश में लोकसभा चुनाव शुरू होंगे।

कंपनी के प्रबंध निदेशक के. मोहम्मद ने बताया कि कंपनी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तकरीबन 36 करोड़ रुपये मूल्य की अमिट स्यही की 25.98 लाख से अधिक शीशियों की आपूर्ति की थी। उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक 3.64 लाख शीशियों और लक्षद्वीप को सबसे कम 125 शीशियों की आपूर्ति की गई थी।

स्याही की आपूर्ति में 2.2 फीसदी की बढ़ोतरी
गत संसदीय चुनाव के मुकाबले इस बार अमिट स्याही की आपूर्ति में 2.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। चुनाव आयोग के जनवरी के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में लगभग 97 करोड़ मतदाता हैं। इनमें उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 15.30 करोड़ से अधिक और लक्षद्वीप में सबसे कम 57,500 मतदाता हैं।