Gold Price: दिल्ली में सोना 3000 रुपये महंगा, चांदी में उछाल, जानिए आज के भाव

0
7

नई दिल्ली। Gold Silver Price: राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में दो दिनों की गिरावट पर ब्रेक लगाते हुए पीली धातु ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सोने की कीमतों में ₹3,000 की भारी तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव ₹1,47,500 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख और अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी ने घरेलू सर्राफा बाजार में बहुमूल्य धातुओं की मांग को दोबारा हवा दे दी है। इस तेजी से शादी-ब्याह के सीजन में खरीदारी करने वालों की जेब पर असर पड़ना तय है।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, बुधवार को सोने का बंद भाव 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जिसमें 3,000 रुपये (करों सहित) की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोने की तरह चांदी की कीमतों में भी तेजी का सिलसिला जारी रहा।

लगातार तीसरे सत्र में अपनी बढ़त बनाए रखते हुए चांदी का भाव 5,000 रुपये उछलकर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम (करों सहित) पर बंद हुआ। इससे पिछले सत्र में चांदी ₹2,35,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि सोने की मांग जहां अंतरराष्ट्रीय रैली के बाद सुधरी है, वहीं औद्योगिक और निवेश मांग के कारण चांदी लगातार मजबूत हो रही है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने का भाव 1 प्रतिशत यानी 38.75 डॉलर की तेजी के साथ 4,070.04 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी का भाव भी 1.3 प्रतिशत बढ़कर 59.89 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज किया गया।

बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे कमजोर डॉलर सूचकांक एक बड़ा कारक रहा है। दरअसल, बैंक ऑफ जापान द्वारा जापानी येन को मजबूत करने के लिए किए गए हस्तक्षेप की रिपोर्ट के बाद अमेरिकी डॉलर में नरमी देखी गई। कमजोर डॉलर के कारण अन्य मुद्राएं रखने वाले खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो जाता है, जिससे वैश्विक स्तर पर मांग बढ़ती है और कीमतों को समर्थन मिलता है।