Forex Reserve: विदेशी मुद्रा भंडार में 7.79 अरब डॉलर की भारी गिरावट

0
5

मुंबई। Forex Reserve: ईरान-इजरायल युद्ध (Iran-Israel War) की वजह से बीते सप्ताह अपने विदेशी मुद्रा भंडार में $7.79 billion की गिरावट की आई। इससे एक सप्ताह पहले भी भंडार में $4.82 billion की कमी हुई थी। इससे पहले, अप्रैल के शुरुआती तीन सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $14 billion से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक एक मई 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $7.794 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $4.82 billion की कमी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर $690.693 billion तक गिर गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार बढ़ कर $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।

FCA भंडार में हुई कमी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 01 मई 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $2.797 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $2.841 billion की कमी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार घट कर $551.825 billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व भी घटा
आलोच्य सप्ताह के दौरान रिजर्व बैंक के सोने के भंडार (Gold Reserve) की वैल्यू में $5.021 billion की कमी हुई। एक सप्ताह पहले भी इसमें $1.897 billion की कमी हुई थी। अब अपने सोने के भंडार का वैल्यू घट कर $115.216 billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का हो गया है। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

एसडीआर में मामूली बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में मामूली बढ़ोतरी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एसडीआर में $15 million की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $67 million की कमी हुई थी। अब यह बढ़ कर $18.789 billion का हो गया है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में भी $8 million की वृद्धि हुई है। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.863 billion का है।