5 से 8 अगस्त तक आयोजित फेम टूर की तैयारियों को लेकर होटल फेडरेशन की बैठक
कोटा/ बूंदी। FAM Tour: होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन, इंडिया आउट ऑफ़ बॉक्स एवं कलर्स ऑफ़ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले फेम (FAM) टूर की तैयारियों को लेकर रविवार को बूंदी के एक होटल में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की। इस फेम टूर में देश के 11 राज्यों से 60 से अधिक ट्रैवल एजेंट हाड़ोती क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। बैठक में बूंदी एवं कोटा के भ्रमण कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पांडिया ने बताया कि 5 एवं 6 अगस्त को बूंदी भ्रमण के दौरान ट्रैवल एजेंटों को तारागढ़ दुर्ग, रानीजी की बावड़ी, रामगढ़ अभयारण्य, नवल सागर, 84 खंभों की छतरी, सुख महल एवं जैत सागर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके बाद 6 से 8 अगस्त तक कोटा में चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, किशोर सागर, गढ़ पैलेस, अभेड़ा महल, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही ट्रैवल एजेंटों को हाड़ोती की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, लोक कलाओं एवं स्थानीय खान-पान से भी परिचित कराया जाएगा, ताकि वे अपने पर्यटन पैकेजों में इन सांस्कृतिक अनुभवों को भी शामिल कर सकें।
बूंदी जिला इकाई के उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, सचिव लोकेश सुखवाल एवं कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा ने बताया कि इस फेम टूर का उद्देश्य हाड़ोती की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना है। ट्रैवल एजेंटों को यहां की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया जाएगा, जिससे पर्यटकों को केवल दर्शनीय स्थलों ही नहीं बल्कि स्थानीय जीवन एवं संस्कृति का भी अनुभव मिल सके।
अध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति और लोक कलाओं को जोड़ने से हाड़ोती में अनुभव आधारित पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इससे शहर की लोक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन द्वारा भविष्य में भी विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटरों को चरणबद्ध रूप से आमंत्रित कर ऐसे फेम टूर आयोजित किए जाएंगे, जिससे हाड़ोती के पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।
उन्होंने बताया कि इस फेम टूर के सफल आयोजन में कोटा विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन बूंदी, पर्यटन विभाग कोटा-बूंदी तथा वन विभाग कोटा-बूंदी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
बैठक में यह भी रहे मौजूद
बैठक में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के सलाहकार बोर्ड के निदेशक भुवनेश लाहोटी, उद्योगपति विष्णु साबु, एक्सपोर्टर नारायण कालानी, बूंदी ईकाई के उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा एवं उमाशंकर नागर सहित कई सदस्य मौजूद थे ।

