बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 143 अंक लुढ़क कर 46 हजार के नीचे बंद

0
465

मुंबई। लगातार 8 सत्रों से जारी तेजी को गुरुवार के दिन ब्रेक लगा। BSE सेंसेक्स 143.62 अंक नीचे 45,959.88 पर और निफ्टी 50.80 अंक नीचे 13,478.30 पर बंद हुआ है। BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 182.25 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

निफ्टी बैंक इंडेक्स भी 199 अंको की गिरावट के साथ 30,510 पर बंद हुआ है। इंडेक्स में IDFC फर्स्ट बैंक और PNB के शेयरों में 2-2% की गिरावट रही। हालांकि, बंधन बैंक का शेयर 3% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा निफ्टी ऑटो और IT इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए हैं। वहीं, मेटल इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ है।

निफ्टी में UPL का शेयर 11% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) के अधिकारियों ने अल्ट्राटेक सीमेंट के दफ्तरों और लाफार्जहोल्सीम की दो सहायक कंपनियों पर छापे मारे। इससे अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 3% और श्री सीमेंट का शेयर 2% नीचे बंद हुआ है।

इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स के शेयरों में 2-2% की गिरावट रही। वहीं, FMCG सेक्टर में तेजी देखने को मिली। इंडेक्स नेस्ले इंडिया का शेयर 4% ऊपर बंद हुआ है। ITC और ब्रिटानिया के शेयरों में भी 3-3% से ज्यादा की तेजी रही। इसके अलावा HUL का शेयर भी 2% ऊपर बंद हुआ है। सुबह सेंसेक्स 104.08 अंक नीचे 45,999.42 पर और निफ्टी 40.60 अंक नीचे 13,488.50 पर खुला था।

एशियाई बाजारों में बिकवाली
आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 61 अंक नीचे 26,756 पर बंद हुआ है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 88 अंकों की गिरावट के साथ 26,414 पर बंद हुआ है। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स फ्लैट 3,373 पर बंद हुआ।

बुधवार को बाजार रिकॉर्ड तेजी
मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते कल BSE सेंसेक्स 494.99 ऊपर 46,103.50 पर और निफ्टी 136.15 अंक ऊपर 13,529.10 पर बंद हुए थे। क्लोजिंग के लिहाज से दोनों इंडेक्स का यह हाइएस्ट लेवल है। हालांकि, कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 46,164.10 और निफ्टी ने 13,548.90 के स्तर को टच किया। यह दोनों इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल है। बुधवार बाजार की बढ़त को IT और बैंकिंग शेयरों ने लीड किया। शेयर बाजार में निफ्टी IT इंडेक्स 186 अंक ऊपर 22,803 पर और निफ्टी बैंक इंडेक्स 447 अंकों की बढ़त के साथ 30,709 पर बंद हुए थे।

अमेरिकी बाजारों में गिरावट
बुधवार को अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली। डाउ जोंस इंडेक्स 0.35% की गिरावट के साथ 105.07 अंक नीचे 30,067.80 पर बंद हुआ था। S&P 500 इंडेक्स 0.79% नीचे 3,672.82 पर बंद हुआ था। इसके अलावा नैस्डैक इंडेक्स 243.82 अंक नीचे 12,339 पर बंद हुआ था।