कोरोना वैक्सीन की पॉजिटिव खबरों से सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड

0
460

मुंबई। कोरोना वैक्सीन को लेकर लगातार आ रही पॉजिटिव खबरों से बाजार में रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की जा रही है। गुरुवार को सेंसेक्स 14.61 अंक ऊपर 44,632.65 पर और निफ्टी 20.15 अंक ऊपर 13,133.90 पर बंद हुआ। बाजार की बढ़त को ऑटो और मेटल शेयरों ने लीड किया। वहीं, निफ्टी IT और बैंकिंग इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।

निफ्टी में मारुति का शेयर 7% ऊपर बंद हुआ है। NTPC, हिंडाल्को, SBI और ओएनजीसी के शेयरों में भी 4-4 फीसदी की बढ़त रही। वहीं, SBI लाइफ का शेयर 2% नीचे बंद हुआ है। HDFC बैंक और TCS के शेयरों में भी 1-1 फीसदी की गिरावट रही। BSE में भारती एयरटेल के शेयर 1% नीचे बंद हुए। जबकि भारती इंफ्राटेल का शेयर 6% ऊपर बंद हुआ। दरअसल, खबर आ रही है कि भारती एयरटेल ने गुरुवार को अपनी सहायक कंपनी भारती इंफ्राटेल की 4.9% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी है।

गुरुवार को बाजार में बने नए रिकॉर्ड

1. सेंसेक्स और निफ्टी न्यू हाई पर: गुरुवार को सेंसेक्स ने 44,953.01 और निफ्टी ने 13,216.60 को टच किया। यह दोनों इंडेक्स का हाइएस्ट लेवल है। इससे पहले 25 नवंबर को कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स ने 44,825.37 और निफ्टी ने 13,145.85 के स्तर को टच किया था। बता दें कि, दोनों इंडेक्स का यह इंट्राडे में हाइस्ट लेवल है।

2. मार्केट कैप : BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 178.25 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। यह अबतक का हाइएस्ट लेवल है। इससे पहले बुधवार को टोटल मार्केट कैप 177.11 लाख करोड़ रुपए रहा था।

3. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स: इंडेक्स 32 महीने बाद एक बार फिर आज 20,000 के स्तर को पार किया। यह 20,127.25 पर बंद हुआ है।

निफ्टी-50 इंडेक्स के टॉप-5 गेनर स्टॉक्स

कंपनीबंद भावबढ़त (%)
मारुति7,735.007.33
NTPC98.804.22
ONGC88.404.18
हिंडाल्को241.204.03
SBI256.403.83

निफ्टी-50 इंडेक्स के टॉप-5 लूजर स्टॉक्स

कंपनीबंद भावगिरावट (%)
SBI858.002.00
HDFC बैंक1,381.001.84
TCS2,710.001.44
इंफोसिस1,125.001.39
बजाज ऑटो3,298.301.19

BSE पर करीब 64% कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही

  • BSE का मार्केट कैप 178.25 लाख करोड़ रुपए रहा।
  • 3,086 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,984 कंपनियों के शेयरों में बढ़त और 932 कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही।
  • 251 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 48 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे।
  • 473 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 189 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा।

एशियाई बाजारों में सुस्ती
आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 8 अंक ऊपर 26,809 पर बंद हुआ। हालांकि, हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 227 अंकों की बढ़त के साथ 26,760 पर बंद हुआ है। वहीं,चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.21% की गिरावट के साथ 3,442 पर बंद हुआ।