कांग्रेस छोड़कर शिवसेना में शामिल होंगी उर्मिला मातोंडकर

0
474
file photo

मुंबई। एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर शिवसेना में शामिल होंगी। पार्टी के प्रवक्ता और एमपी संजय राउत ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि उर्मिला मातोंडकर कल पार्टी ज्वाइन कर सकती हैं। आपको बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें बीजेपी प्रत्याशी गोपाल शेट्टी से हार का सामना करना पड़ा था। लोकसभा चुनाव में हार के बाद उर्मिला मातोंडकर ने एक तरीके से सियासत से तौबा कर ली थी। उन्होंने कांग्रेस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए थे। इसी बीच अब उनके शिवसेना में शामिल होने की खबर आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र की शिवसेना के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार उर्मिला मातोंडकर को विधान परिषद का सदस्य बना सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार ने राज्यपाल के पास उनका नाम भी भेज दिया है।

5 महीने में हुईं कांग्रेस से अलग
उर्मिला मातोंडकर ने 5वें महीने में ही कांग्रेस से अलग होने का फैसला कर लिया था। लेकिन अब एक्ट्रेस ने शिवसेना का दामन थामने का निर्णय लिया है। हालांकि अभी तक एक्ट्रेस की तरफ से कोई ऑफीशियल जानकारी सामने नहीं आई है कि वह वाकई उर्मिला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना के साथ जुड़ने जा रही हैं!

बताते चलें, कुछ समय पहले उर्मिला मातोंडकर को महाराष्ट्र में शिवसेना ने विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए राज्यपाल को नाम भेजा था। इस दौरान राज्यपाल के पास 12 नामों की सूची भेजी गई थी। इसमें उर्मिला मातोंडकर का नाम भी शामिल गया गया था।